Monday, January 21, 2019

रथोद्धता छंद ("आह्वाहन")

मात अम्ब सम रूप राख के।
देश-भक्ति रस भंग चाख के।
गर्ज सिंह सम वीर जागिये।
दे दहाड़ अब नींद त्यागिये।।

आज है दुखित मात भारती।
आर्त होय सबको पुकारती।।
वीर जाग अब आप जाइये।
धूम शत्रु-घर में मचाइये।।

देश का हित कभी न शीर्ण हो।
भाव ये हृदय से न जीर्ण हो।।
ये विचार रख के बढ़े चलो।
ही किसी न अवरोध से टलो।।

रौद्र रूप अब वीर धारिये।
मातृ भूमि पर प्राण वारिये।
अस्त्र शस्त्र कर धार लीजिये।
मुंड काट रिपु ध्वस्त कीजिये।।
================
रथोद्धता (लक्षण छंद)

"रानरा लघु गुरौ" 'रथोद्धता'।
तीन वा चतुस तोड़ के सजा।

"रानरा लघु गुरौ"  =  212  111  212  12

रथोद्धता इसके चार चरण होते हैं |
प्रत्येक चरण में ११-११ वर्ण होते हैं |
हर चरण में तीसरे या चौथे वर्ण के बाद यति होती है।
****************
बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
21-01-19

Sunday, January 20, 2019

शालिनी छन्द ("राम स्तवन")

शालिनी छन्द ("राम स्तवन")

हाथों में वे, घोर कोदण्ड धारे।
लंका जा के, दैत्य दुर्दांत मारे।।
सीता माता, मान के साथ लाये।
ऐसे न्यारे, रामचन्द्रा सुहाये।।

मर्यादा के, आप हैं नाथ स्वामी।
शोभा न्यारी, रूप नैनाभिरामी।।
चारों भाई, साथ सीता अनूपा।
बांकी झांकी, दिव्य है शांति-रूपा।।

प्राणी भू के, आप के गीत गायें।
सारे देवा, साम गा के रिझायें।।
भक्तों के हो, आप ही दुःख हारी।
पूरी की है, दीन की आस सारी।।

माता रामो, है पिता रामचन्द्रा।
स्वामी रामो, है सखा रामचन्द्रा।।
हे देवों के, देव मेरे दुलारे।
मैं तो जीऊँ, आप ही के सहारे।।
================
लक्षण छंद (शालिनी छंद)

राचें बैठा, सूत्र "मातातगागा"।
गावें प्यारी, 'शालिनी' छंद रागा।।

"मातातगागा"= मगण, तगण, तगण, गुरु, गुरु

222  221  221  22

(शालिनी छन्द के प्रत्येक चरण मे 11 वर्ण होते हैं। यति चार वर्ण पे देने से छंद लय युक्त होती है।)
**********
बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
12-01-19

वसन्त तिलका छंद ("मनोकामना")

मैं पूण्य भारत धरा, पर जन्म लेऊँ।
संस्कार वैदिक मिले, सब देव सेऊँ।।
यज्ञोपवीत रखके, नित नेम पालूँ।
माथे लगा तिलक मैं, रख गर्व चालूँ।।

गीता व मानस करे, दृढ़ राह सारी।
सत्संग प्राप्ति हर ले, भव-ताप भारी।।
सिद्धांत विश्व-हित के, मन में सजाऊँ।
हींसा प्रवृत्ति रख के, न स्वयं लजाऊँ।।

सारी धरा समझलूँ, परिवार मेरा।
हो नित्य ही अतिथि का, घर माँहि डेरा।।
देवों समान उनको, समझूँ सदा ही।
मैं आर्ष रीति विधि का, बन जाऊँ वाही।।

प्राणी समस्त सम हैं, यह भाव राखूँ।
ऐसे विचार रख के, रस दिव्य चाखूँ।।
हे नाथ! पूर्ण करना, मन-कामना को।
मेरी सदैव रखना, दृढ भावना को।।
==============

वसन्त तिलका (लक्षण छंद)

"ताभाजजागगु" गणों पर वर्ण राखो।
प्यारी 'वसन्त तिलका' तब छंद चाखो।।

"ताभाजजागगु" = तगण, भगण, जगण, जगण और दो गुरु।

221  211  121  121  22

वसन्त तिलका चौदह वर्णों का छन्द है। यति 8,6 पर रखने से छंद मधुर लगता है पर आवश्यक नहीं है। उदाहरण देखिए:

नान्या स्पृहा रघुपते हृदयेऽस्मदीये सत्यं वदामि च भवानखिलान्तरात्मा | 
भक्तिं प्रयच्छ रघुपुङ्गव निर्भरां में कामादिदोषरहितं कुरु मानसं च ||
******************

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
08-01-2019

मालिनी छंद ("हनुमत स्तुति")

पवन-तनय प्यारा, अंजनी का दुलारा।
तपन निगल डारा, ठुड्ड टेढ़ा तुम्हारा।।
हनुमत बलवाना, वज्र देही महाना।
सकल गुण निधाना, ज्ञान के हो खजाना।।

जलधि उतर पारा, सीय को खोज डारा।
कनक-नगर जारा, राम का काज सारा।।
अवधपति सहायी, नित्य रामानुयायी।
अतिसय सुखदायी, भक्त को शांतिदायी।।

भुजबल अति भारी, शैल आकार धारी।
दनुज दलन कारी, व्योम के हो विहारी।।
घिर कर जग-माया, घोर संताप पाया।
तव दर प्रभु आया, नाथ दो छत्रछाया।।

सकल जगत त्राता, मुक्ति के हो प्रदाता।
नित गुण तव गाता, आपका रूप भाता।।
भगतन हित कारी, नित्य हो ब्रह्मचारी।
प्रभु शरण तिहारी, चाहता ये पुजारी।।
================
मालिनी छंद विधान -

"ननिमयय" गणों में, 'मालिनी' छंद जोड़ें।
यति अठ अरु सप्ता, वर्ण पे आप तोड़ें।।

"ननिमयय" = नगण, नगण, मगण, यगण, यगण।
111  111  22,2  122  122 = 15 वर्ण की वर्णिक छंद।

मालिनी छन्द में प्रत्येक पद में 15 वर्ण होते हैं और इसमें यति आठवें और सातवें वर्णों के बाद होती है। सुंदर काण्ड का 'अतुलित बलधामं' श्लोक इसी छंद में है।
****************

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
09-09-2019

Friday, December 7, 2018

इंद्रवज्रा छंद "शिव पंचश्लोकी"

इंद्रवज्रा छंद आधारित "शिव पंचश्लोकी"

चाहे पुकारे जिस हाल में जग
     शंकर महादेव हे ज्ञान राशी।
पीड़ा हरे नाथ संसार की सब
     त्रिपुरारि भोले कैलाश वासी।।

जब देव दानव सागर मथे थे
     निकला हलाहल विष घोर भारी।
व्याकुल हुए सब तुम याद आए
     दूजा न कोई सन्ताप हारी।।

धारण गले में विष के किये से
     नीला पड़ा कंठ मृणाल जिसका।
गंगा भगीरथ लाये धरा पे
     धारण जटा में किया वेग उसका।।

फुफकार मारे विषधर गले से
     माथे सजे चाँद सबका दुलारा।
तेरे लिये ही काशी का गौरव
     ऐसा हमारा है नाथ न्यारा।।

भोले हमारे सब कष्ट हर लो
     खुशियाँ हमारे जीवन में भर दो।
माथा नवा के करते 'नमन' हम
     आशा हमारी सब पूर्ण कर दो।।

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
27-07-2016

(इन्द्रवज्रा छंद वाचिक स्वरूप में है)