Wednesday, May 22, 2019

सवैया छंद विधान

'सवैया छंद'

सवैया छंद चार चरणों का वर्णिक छंद है जिसके प्रति चरण में 22 से 26 तक वर्ण रहते हैं। चारों चरण समतुकांत होते हैं। सवैया किसी गण पर आश्रित होता है जिसकी 7 या 8 आवृत्ति रहती है। इन्ही आवृत्तियों के प्रारंभ में एक या दो साधारणतया लघु वर्ण और अंत में एक या दो लघु गुरु वर्ण जोड़ कर इस छंद के अनेक विभेद मिलते हैं।

आवृत्ति का रूप या तो गुरु लघु लघु (211) रहता है या फिर गुरु गुरु लघु (221) और यही सवैया छंद की विशेषता है और इसके माधुर्य का कारण है। इस आवृत्ति से एक लय का सृजन होता है जो समस्त भगण (211) आश्रित सवैयों की एक समान क्षिप्र गति की रहती है और तगण (221) आश्रित सवैयों की एक समान मन्द गति की रहती है।

हिन्दी के भक्तिकाल और रीतिकाल से ही विभिन्न प्रकार के सवैये प्रचलित रहे हैं। तुलसी की कवितावली में विभिन्न प्रकार के सवैये मिलते हैं। उन्होंने एक ही सवैये में एक से अधिक प्रकार के सवैये मिला कर अनेक उपजाति सवैये भी रचे हैं।

रीतिकालीन कवियों जैसे पद्माकर, देव आदि ने श्रृंगार रस के विभिन्न अंगों, विभाव, अनुभाव, आलम्बन, उद्दीपन, संचारी, नायक-नायिका भेद आदि के लिए इनका चित्रात्मक तथा भावात्मक प्रयोग किया है।रसखान, घनानन्द, केशव जैसे प्रेमी-भक्त कवियों ने भक्ति-भावना के उद्वेग तथा आवेग की सफल अभिव्यक्ति सवैया में की है।भूषण ने वीर रस के लिए इस छंद का प्रयोग किया है। आधुनिक कवियों में हरिश्चन्द्र, जगन्नाथ रत्नाकर, दिनकर ने इनका सुन्दर प्रयोग किया है।

सवैया छंद में उर्दू की ग़ज़ल की तरह गुरु वर्ण को लघु मानने की परंपरा रही है। लगभग तुलसी से लेकर आधुनिक कवियों तक, समस्त कवि गण ने निशंकोच सवैयों में यह छूट ली है। कुछेक छंदों में यह मान्य है कि कारक की विभक्तियों के एकाक्षरी शब्द लघु की तरह व्यवहार में लाये जा सकते हैं। जैसे-

कर्ता - ने को न की तरह उच्चारित किया जा सकता है.
कर्म - को इसे क पढ़ा जा सकता है. 
करण, अपादान - से स की तरह पढ़ सकते हैं. 
सम्बन्ध - का, के, की  के लिए भी मात्र क कहा जा सकता है. 
अधिकरण - में, पे आदि क्रमशः मँ और प की तरह उच्चारित हो सकते हैं.

इसके अतिरिक्त एक शब्द की सहायक क्रियाएँ, सर्वनाम और अव्यय शब्द जैसे है, हैं, था, ही, भी, जो, तो इत्यादि भी आवश्यकतानुसार लघु माने जाते रहे हैं।

अब कुछ प्रमुख कवियों के ऐसे प्रयोग के उदाहरण देखें।

जहाँ सब संकट, दुर्गट सोचु, तहाँ मे'रो' साहे'बु राखै' रमैया॥ (तुलसी कवितावली 'वाम सवैया')

मानुष हौं तो' वही रसखानि बसौं ब्रज गोकुल गाँव के' ग्वारन।
जो पसु हौं तो' कहा बस मेरो' चरौं नित नंद की' धेनु मँझारन।। (रसखान 'किरीट सवैया')

वह खड्ग लिए था' खड़ा, इससे मुझको भी' कृपाण उठाना था क्या ?
द्रौ'पदी के' पराभव का बदला कर देश का' नाश चुकाना था क्या ? (दिनकर 'मगणान्त दुर्मिल सवैया'')

पैहौं' कहाँ ते' अटारी' अटा, जिनके विधि दीन्‍ही' है' टूटी' सी' छानी।
जो पै' दरिद्र लिख्‍यो है' लिलार, तो' काहू' पै' मेटि न जात अजानी।।(नरोत्तम दास 'मत्तगयंद सवैया')

परन्तु आजकल के तथाकथित स्वयंभू आचार्य न जाने क्यों ऐसी एक छूट भी देख रचना को ही सिरे से नकार देते हैं, जो कि इस बहुआयामी छंद के विकास में बाधक ही है।

नीचे भगण आश्रित 14 सवैया छंद और तगण आश्रित 6 सवैया छंद की तालिका दी गई है। चरणान्त के अनुसार विभागों में भी बाँटे गए हैं। कोई चाहे तो एक विभाग के सवैये मिश्रित कर उपजाति सवैये भी रच सकता है।

====================
      भगण = 211 आश्रित सवैये
====================

1) मत्तगयन्द सवैया -        211*7 + 22
2) सुन्दरी सवैया  -    11+211*7 + 22
3) वाम सवैया    -       1+211*7 + 22
4) मोद सवैया - 211*5+222+11+ 22
===================
5) मदिरा सवैया    -        211*7 + 2
6) दुर्मिल सवैया -    11 +211*7 + 2
7) सुमुखी सवैया   -   1 +211*7 + 2
===================
8) चकोर सवैया   -         211*7 + 21
9) अरविन्द सवैया - 11 +211*7 + 21
10) मुक्ताहरा सवैया -  1+211*7 + 21
===================
11) किरीट सवैया   -        211*8
12) सुखी सवैया     -  11+211*8
13) लवंगलता सवैया -  1+211*8
===================
14) अरसात सवैया - 211*7 + 212
====================
       तगण = 221 आश्रित सवैये
====================  
15) मंदारमाला सवैया  -   221*7 + 2
16) गंगोदक सवैया - 21+221*7 + 2
17) वागीश्वरी सवैया -  1+221*7 + 2
====================
18) सर्वगामी सवैया -        221*7 + 22
19) भुजंगप्रयात सवैया - 1+221*7 + 22
====================
20) आभार सवैया   -       221*8
*********************************

बासुदेव अग्रवाल 'नमन' ©
तिनसुकिया
29-04-19

Tuesday, May 21, 2019

"गण-विचार दोहा"

दोहा छंद

'यरता' लघु 'भजसा' गुरो, आदि मध्य अरु अंत।
'ना' लघु सब 'मा' गुरु सभी, गण विचारते संत।।

गण विचार कैसे करें:-

कुल गण 8 होते हैं, तथा किसी भी गण में 3 वर्ण होते हैं। उस वर्ण की मात्रा या तो दीर्घ (2) होगी अन्यथा लघु (1) होगी।

'यरता' लघु सूत्र से अक्षर के अनुसार 3 गण दिग्दर्शित होते हैं जो क्रमश: यगण, रगण और तगण हैं। अब इनमें क्रमश: लघु वर्ण की स्थिति आदि, मध्य और अंत है। तो इन 3 गणों का निम्न रूप बनेगा।
यगण=122
रगण=212
तगण=221
इसी प्रकार 'भजसा' गुरो सूत्र से अक्षर के अनुसार 3 गण दिग्दर्शित होते हैं जो क्रमश: भगण, जगण और सगण हैं। अब इनमें क्रमश: दीर्घ वर्ण की स्थिति आदि, मध्य और अंत है। तो इन 3 गणों का निम्न रूप बनेगा।
भगण=211
जगण=121
सगण=112

'ना' लघु सब अर्थात नगण=111

'मा' गुरु सभी अर्थात मगण=222

इसप्रकार मेरे स्वरचित उपरोक्त दोहे से किसी भी गण के मात्रा-विन्यास का शीघ्र पता लग जाता है। जैसे जगण का नाम आते ही मस्तिष्क में तुरन्त 'भजसा गुरो' कौंधना चाहिए और भजसा में ज मध्य में है तो, हमें तुरन्त पता चल जाता है कि इसका रूप 121 है।


बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
10-05-2019

दोहा छंद विभेद

दोहा छंद के मुख्य 21 प्रकार हैं। ये 21 भेद दोहे में गुरु लघु वर्ण की गिनती पर आधारित हैं। किसी भी दोहे में कुल 24+24 = 48 मात्रा होती है। दो विषम चरण 13, 13 मात्रा के तथा दो सम चरण 11, 11 मात्रा के। दोहे के सम चरणों का अंत ताल यानि गुरु लघु (2,1) वर्ण से होना आवश्यक है। अतः किसी भी दोहे में कम से कम 2 गुरु वर्ण आवश्यक हैं। साथ ही विषम चरणों की 11वीं मात्रा लघु होनी आवश्यक है। इस प्रकार विषम चरणों के दो लघु तथा सम चरणों के भी 2 आवश्यक लघु मिलाने से किसी भी दोहे में कम से कम 4 लघु आवश्यक हैं। चार लघु की 4 मात्रा तथा बाकी बची (48-4) = 44 मात्रा में अधिकतम 22 गुरु हो सकते हैं। इस प्रकार अधिकतम 22 गुरु वर्ण से निम्नतम 2 गुरु वर्ण तक कुल 21 सम्भावनाएँ हैं और इन सम्भावनाओं के आधार पर दोहा छंद के 21 भेद कहे गये हैं जो निम्न हैं। 

1.भ्रमर दोहा, 
2.सुभ्रमर दोहा, 
3.शरभ दोहा, 
4.श्येन दोहा, 
5.मण्डूक दोहा,
6.मर्कट दोहा, 
7.करभ दोहा, 
8.नर दोहा, 
9.हंस दोहा,
10.गयंद दोहा,
11.पयोधर दोहा, 
12.बल दोहा, 
13.पान दोहा,
14.त्रिकल दोहा, 
15.कच्छप दोहा, 
16.मच्छ दोहा, 
17.शार्दूल दोहा, 
18.अहिवर दोहा, 
19.व्याल दोहा, 
20.विडाल दोहा, 
21.श्वान दोहा।

इनमें 'भ्रमर' दोहा में 22 गुरु तथा क्रमशः एक एक गुरु वर्ण कम करते हुए अंतिम 'श्वान' दोहा में 2 गुरु होते हैं। दोनों छोर के एक एक मेरे स्वरचित दोहों की बानगी देखें।

भ्रमर दोहा छंद (22 दीर्घ, 4 लघु)

बीती जाये जिंदगी, त्यागो ये आराम।
थोड़ी नेकी भी करो, छोड़ो दूजे काम।।

श्वान दोहा छंद (2 दीर्घ, 44 लघु)

मन हर कर छिप कर रहत, वह नटखट दधि-चोर।
ब्रज-रज पर लख चरण-छवि, मन सखि उठत हिलोर।।

बासुदेव अग्रवाल 'नमन' ©
तिनसुकिया
20-04-18

Sunday, May 19, 2019

दोहा छंद 'विधान'

दोहा छंद

दोहा छंद एक अर्द्धसम मात्रिक छंद है। यह द्विपदी छंद है जिसके प्रति पद में 24 मात्रा होती है।प्रत्येक पद 13, 11 मात्रा के दो यति खण्डों में विभाजित रहता है। 13 मात्रा के चरण को विषम चरण कहा जाता है और 11 मात्रा के चरण को सम चरण कहा जाता है। दूसरे और चौथे चरण यानी सम चरणों का समतुकान्त होना आवश्यक है।

विषम चरण -- कुल 13 मात्रा (मात्रा बाँट = 8+2+1+2)
सम चरण -- कुल 11 मात्रा (मात्रा बाँट = 8+ताल यानी गुरु+लघु

अठकल यानी 8 में दो चौकल (4+4) या 3-3-2 हो सकते हैं। 2 में गुरु वर्ण या दो लघु वर्ण हो सकते हैं।
चौकल और अठकल के निम्न नियम हैं जो अनुपालनीय हैं।

चौकल:- (1) प्रथम मात्रा पर शब्द का समाप्त होना वर्जित है। 'करो न' सही है जबकि 'न करो' गलत है।
(2) चौकल में पूरित जगण जैसे सरोज, महीप, विचार जैसे शब्द वर्जित हैं।

अठकल:- (1) प्रथम और पंचम मात्रा पर शब्द समाप्त होना वर्जित है। 'राम कृपा हो' सही है जबकि 'हो राम कृपा' गलत है क्योंकि राम शब्द पंचम मात्रा पर समाप्त हो रहा है। यह ज्ञातव्य हो कि 'हो राम कृपा' में विषम मात्रिक शब्द के बाद विषम मात्रिक शब्द पड़ रहा है फिर भी लय बाधित है।
(2) 1-4 और 5-8 मात्रा पर पूरित जगण शब्द नहीं आ सकता।

जगण प्रयोग:- 
(1) चौकल की प्रथम और अठकल की प्रथम और पंचम मात्रा से पूरित जगण शब्द प्रारम्भ नहीं हो सकता।
(2) अठकल की द्वितीय मात्रा से जगण शब्द के प्रारम्भ होने का प्रश्न ही नहीं है क्योंकि प्रथम मात्रा पर शब्द का समाप्त होना वर्जित है।
(3) अठकल की तृतीय और चतुर्थ मात्रा से जगण शब्द प्रारम्भ हो सकता है।

दोहे का शाब्दिक अर्थ है- दुहना, अर्थात् शब्दों से भावों का दुहना। इसकी संरचना में भावों की प्रतिष्ठा इस प्रकार होती है कि दोहे के प्रथम व द्वितीय चरण में जिस तथ्य या विचार को प्रस्तुत किया जाता है, उसे तृतीय व चतुर्थ चरणों में सोदाहरण (उपमा, उत्प्रेक्षा आदि के साथ) पूर्णता के बिन्दु पर पहुँचाया जाता है, अथवा उसका विरोधाभास प्रस्तुत किया जाता है। 

वर्ण्य विषय की दृष्टि से दोहों का संसार बहुत विस्तृत है। यह यद्यपि नीति, अध्यात्म, प्रेम, लोक-व्यवहार, युगबोध- सभी स्फुट विषयों के साथ-साथ कथात्मक अभिव्यक्ति भी देता आया है, तथापि मुक्तक काव्य के रूप में ही अधिक प्रचलित और प्रसिद्ध रहा है। अपने छोटे से कलेवर में यह बड़ी-से-बड़ी बात न केवल समेटता है, बल्कि उसमें कुछ नीतिगत तत्व भी भरता है। तभी तो इसे गागर में सागर भरने वाला बताया गया है। 

दोहों की संरचना में कुछ विशेष बातों का ध्यान रखना आवश्यक है। जैसे -

 1- दोहा मुक्त छंद है। कथ्य (जो बात कहना चाहें वह) एक दोहे में पूर्ण हो जाना चाहिए।

2- श्रेष्ठ दोहे में लाक्षणिकता, संक्षिप्तता, मार्मिकता (मर्मबेधकता), आलंकारिकता, स्पष्टता, पूर्णता तथा सरसता होनी चाहिए।

3- दोहे में संयोजक शब्दों और, तथा, एवं आदि का प्रयोग यथा संभव न करें। औ' वर्जित 'अरु' स्वीकार्य।

4- दोहे में कोई भी शब्द अनावश्यक न हो। हर शब्द ऐसा हो जिसके निकालने या बदलने पर दोहा न कहा जा सके।

5- दोहे में कारक (ने, को, से, के लिए, का, के, की, में, पर आदि) का प्रयोग कम से कम हो।

6- हिंदी में खाय, मुस्काय, आत, भात, डारि, मुस्कानि, होय, जोय, तोय जैसे देशज क्रिया-रूपों का उपयोग यथासंभव न करें।

7- दोहा छंद में विराम चिन्हों का प्रयोग यथास्थान अवश्य करें।

दोहा छंद के विधान पर एक दोहा:-

"अठकल पर वाचिक रगण, अठकल गाल प्रदत्त।
तेरह ग्यारह के चरण, दोहा चौबिस मत्त।।"
***   ***   ***
"दोहों के प्रकार" इस पर क्लिक करें
 
बासुदेव अग्रवाल 'नमन' ©
तिनसुकिया
30-04-19

Tuesday, May 14, 2019

भूमिसुता छंद "जीव-हिंसा"

जीवों की हिंसा प्राणी क्यों, हो करते।
तेरे कष्टों से ही आहें, ये भरते।।
भारी अत्याचारों को ये, झेल रहे।
इन्सां को मूकों की पीड़ा, कौन कहे।।

कष्टों के मारे बेचारे, जीव सभी।
पूरी जो ना हो राखे ना, चाह कभी।।
जो भी दे दो वो ही खा के, मस्त रहे।
इन्सां तेरे दुःखों को क्यों, मूक सहे।।

जाँयें तो जाँयें कैसे ये, भाग कहीं।
प्राणों के घाती ही पायें, जाँय वहीं।।
इंसानों ने भी राखा है, बाँध इन्हें।
थोड़ी भी आजादी है दी, नाँहि जिन्हें।।

लाचारी में पीड़ा झेलें, नित्य महा।
दुःखों में ऐसे हैं ये जो, जा न कहा।।
हैं संसारी रिश्ते नाते, स्वार्थ सने।
लागें हैं दूजों को सारे, ही डसने।।
================
लक्षण छंद:-

"मामामासा" तोड़ो आठा, चार सजा।
सारे भाई चाखो छंदा, 'भूमिसुता'।।

"मामामासा" = मगण मगण मगण सगण
222  222 222 112 = 12वर्ण, यति 8,4
चार चरण, दो दो समतुकांत।
*********************

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
07-06-17

भुजंगप्रयात छंद "नोट बन्दी"

भुजंगप्रयात छंद

हुई नोट बन्दी ठगा सा जमाना।
किसी को रुलाना किसी को हँसाना।।
कहीं आँसुओं की झड़ी सी लगी है।
कहीं पे खुशी की दिवाली जगी है।।

इकट्ठा जिन्होंने किया वित्त काला।
उन्हीं का पिटा आज देखो दिवाला।।
बसी थी जहाँ अल्प ईमानदारी।
खरे लोग देखो सभी हैं सुखारी।।

कहीं नोट की लोग होली जलाते।
कहीं बन्द बोरे नदी में बहाते।।
किसी के जगे भाग खाते खुला के।
कराए जमा नोट काले धुला के।।

सभी बैंक में आ गई भीड़ सारी।
लगी हैं कतारें मचा शोर भारी।।
कमी नोट की सामने आ रही है।
नहीं जानते क्या हुआ ये सही है।।
===================
भुजंगप्रयात छंद विधान :-

4 यगण (122) यानी कुल 12 वर्ण प्रत्येक चरण का वर्णिक छंद। चार चरण दो दो समतुकांत।
*************************

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
12-12-16

भक्ति छंद "कृष्ण-विनती"

दो भक्ति मुझे कृष्णा।
मेटो जग की तृष्णा।।
मैं पातक संसारी।
तू पापन का हारी।।

मैं घोर अनाचारी।
तू दिव्य मनोहारी।।
चाहूँ करुणा तेरी।
दे दो न करो देरी।।

वृंदावन में जाऊँ।
शोभा ब्रज की गाऊँ।।
मैं वेणु सुनूँ प्यारी।
छानूँ धरती न्यारी।।

गोपाल चमत्कारी।
तेरी महिमा भारी।।
छायी अँधियारी है।
तू तो अवतारी है।।

आशा मन में धारे।
आया प्रभु के द्वारे।।
गाऊँ नित केदारी।
आभा वरनूँ थारी।।

ये 'बासु' रचे गाथा।
टेके दर पे माथा।।
दो दर्श उसे नाथा।
राखो सर पे हाथा।।
============
लक्षण छंद:-

"तायाग" सजी क्या है।
ये 'भक्ति' सुछंदा है।।

"तायाग" = तगण यगण, गुरु
221  122  2
7 वर्ण  4 चरण
दो-दो चरण समतुकांत या चारों चरण समतुकांत।
***********
बासुदेव अग्रवाल नमन,
तिनसुकिया
10-02-19

बुदबुद छंद "बसंत पंचमी"

सुखद बसंत पंचमी।
पतझड़ शुष्कता थमी।।
सब फिर से हरा-भरा।
महक उठी वसुंधरा।।

विटप नवीन पर्ण में।
कुसुम अनेक वर्ण में।।
खिल कर झूमने लगे।
यह लख भाग्य ही जगे।।

कुहुक सुनाय कोयली।
गरजत मन्द बादली।।
भ्रमर-गुँजार छा रही।
सरगम धार सी बही।।

शुभ ऋतुराज आ गया।
अनुपम चाव छा गया।।
कलरव दिग्दिगंत में।
मुदित सभी बसंत में।।
=========
लक्षण छंद:-

"नजर" सु-वर्ण नौ रखें।
'बुदबुद' छंद को चखें।।

"नजर" = नगण, जगण, रगण

(111  121  212)
9 वर्ण,4 चरण
दो-दो चरण समतुकांत
***********
बासुदेव अग्रवाल नमन,
तिनसुकिया
10-02-19

बिंदु छंद "राम कृपा"

सत्यसनातन, ये है ज्ञाना।
भक्ति बिना नहिं, हो कल्याना।।
राम-कृपा जब, होती प्राणी।
हो तब जागृत, अन्तर्वाणी।।

चक्षु खुले मन, हो आचारी।
दूर हटे तब, माया सारी।।
प्रीत बढ़े जब, सद्धर्मों में।
जी रहता नित, सत्कर्मों में।

राम समान न, कोई देवा।
इष्ट धरो अरु, चाखो मेवा।।
नित्य जपे नर, जो भी माला।
दुःख हरे सब, वे तत्काला।

पाप भरी यह, मेरी काया।
मैं नतमस्तक, हो के आया।।
राम दयामय, मोहे तारो।
कष्ट सभी प्रभु, मेरे हारो।।
================
लक्षण छंद:-

"भाभमगा" यति, छै ओ' चारी।
'बिंदु' रचें सब, छंदा प्यारी।।

"भाभमगा" = भगण भगण मगण गुरु

(211  211,  222   2)
10 वर्ण,4 चरण,(यति 6-4)
दो-दो चरण समतुकांत।
*******************

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
26-01-19

Saturday, May 11, 2019

नवगीत (कहाँ गया सच्चा प्रतिरोध)

सुन ओ भारतवासी अबोध,
कहाँ गया सच्चा प्रतिरोध?

आये दिन करता हड़ताल,
ट्रेनें फूँके हो विकराल,
धरने दे कर रोके चाल,
सड़कों पर लाता भूचाल,
करे देश को तू बदहाल,
और बजाता झूठे गाल,
क्या ये ही तेरा अंतर्बोध,
कहाँ गया सच्चा प्रतिरोध?

व्यर्थ व्यवस्था के क्या तंत्र,
पड़े रहे क्या बंद संयंत्र,
मौन रहें क्या जीवन-मंत्र,
रुदन मचाये या जन-तंत्र,
मूंद रखो औरों पर नेत्र,
विकसित रख अपना हर क्षेत्र,
क्या बस तेरा यही प्रबोध,
कहाँ गया सच्चा प्रतिरोध?

बच्चे ढूंढ़ें चाहे जीविका,
झोंपड़ झेलें या विभीषिका,
नारी होती रहे घर्षिता,
सिसके नैतिकता, मानवता,
ओछी कर तू चाटुकारिता,
लज्जाते हो पत्रकारिता,
भूल गया क्या सब अवरोध,
कहाँ गया सच्चा प्रतिरोध?

हक़ की क्या है यही लड़ाई,
लोकतंत्र की या तरुणाई,
अबतक की क्या यही कमाई,
या अधिकारों की अधिकाई
तू उदण्ड बन कर दंगाई,
संस्कार की करे विदाई,
अबतक का क्या ये ही शोध,
कहाँ गया सच्चा प्रतिरोध?

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
11-01-2019

गीत (आज बसंत की छाई लाली)

आज बसंत की छायी लाली,
बागों में छायी खुशियाली,
आज बसंत की छायी लाली॥

वृक्ष वृक्ष में आज एक नूतन है आभा आयी।
बीत गयी पतझड़ की उनकी वह दुखभरी रुलायी।
आज खुशी में झूम झूम मुसकाती डाली डाली।
आज बसंत की छायी लाली॥1॥

इस बसंतने किये प्रदान हैं उनको नूतन पल्लव।
चहल पहल में बदल गया अब उनका जीवन नीरव।
गूँज रही है अब उन सब पर मधुकर की गूँजाली।
आज बसंत की छायी लाली॥2॥

स्वर्णिम आभा छिटक रही आज रम्य अमराई में।
महक उठी बौरों से डालें बाला ज्यों तरुणाई में।
फिर कानों में मिश्री घोल रही कोयल मतवाली।
आज बसंत की छायी लाली॥3॥

आज चाव में फूल रहे हैं पौधे वृक्ष लता हर।
बाग बगीचे सजा रहे मृदु आभा को बिखरा कर।
कैसी छायी दिग दिगंत में ये मोहक हरियाली।
आज बसंत की छायी लाली॥4॥

मंद पवन के हल्के झोंके तन को करते सिहरित।
फूलों की मादक सौरभ है मन को करती मोहित।
श्रवणों में संगीत के स्वर दे पुर्वा पाली पाली।
आज बसंत की छायी लाली॥5॥

बिखरा सुंदर नीलापन इस विस्तृत नभ मंडल में।
संध्या की लाली छायी फिर मोहक नील पटल में।
उस पर पक्षी चहक रहे हैं भर मन में खुशियाली।
आज बसंत की छायी लाली॥6॥

आज जगत की सकल वस्तु में नव उमंग है छायी।
इस बसंत की खुशियां जा हर मन में आज समायी।
जिसकी रचना ऐसी फिर वह कितना सुंदर माली।
आज बसंत की छायी लाली॥7॥

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
18-04-2016 

गीत (करुण पूकार)

बहर:- 2122  -  2122  -  212

छुप गये हो श्याम सुंदर तुम कहाँ,
रो रही है आज मानवता यहाँ।

देश सारा खो गया है भीड़ में,
रो रहे सारे ही मानव पीड़ में।
द्रौपदी सी लाज रखलो तुम जहाँ,
छुप गये हो श्याम सुंदर तुम कहाँ।

स्वार्थ में अंधे यहाँ के लोग हैं,
भोग वश कैसे लगे ये रोग हैं।
राजनेता भी बने भक्षक यहाँ,
छुप गये हो श्याम सुंदर तुम कहाँ।

नारियों की अस्मिता अब दाव पे,
कौन मलहम अब लगाये घाव पे।
दीन दुखियों का सहारा ना रहा,
छुप गये हो श्याम सुंदर तुम कहाँ।

लूट शोषण का यहाँ पे जोर है,
आह अबलों की उठे चहुँ ओर है।
मच गया आतंक का ताण्डव यहाँ,
छुप गये हो श्याम सुंदर तुम कहाँ।

बढ़ गया है इस धरा पे पाप अब,
ले रहे अवतार मोहन फिर से कब।
अब न जाता ओर हमसे कुछ सहा,
छुप गये हो श्याम सुंदर तुम कहाँ।

रोक लो इस पाप की अब धार को,
बन खिवैया थाम लो पतवार को।
आँसुओं की बाढ़ में सब कुछ बहा,
छुप गये हो श्याम सुंदर तुम कहाँ।

(इस बहर का प्रमुख गीत- दिल के अरमाँ आँसुओं में बह गये।)

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
30-07-16

गीत (आँख के नशे में जब)

(धुन- हम तो ठहरे परदेशी)

(212 1222)×2

आँख के नशे में जब, वो हमें डुबाते हैं।
एक बार डूबें तो, डूबते ही जाते हैं।।

जो न इसमें डूबे हैं, पूछते हैं वो हम से;
आँख का नशा क्या है, हम उन्हें बताते हैं।
आँख के नशे में जब, वो हमें डुबाते हैं।।

झील सी ये गहरी हैं, मय से ये लबालब भी;
भूल जाते दुनिया को, गहरे जितने आते हैं।
आँख के नशे में जब, वो हमें डुबाते हैं।।

हद शराब की होती, देर कुछ नशा टिकता;
पर जो डूबते इसमें, थाह तक न पाते हैं।
आँख के नशे में जब, वो हमें डुबाते हैं।।

सुर ओ ताल जीवन की, सब इन्हीं में बसती है;
गहरे डूब इनमें ही, लय सभी मिलाते हैं।
आँख के नशे में जब, वो हमें डुबाते हैं।।
एक बार डूबें तो, डूबते ही जाते हैं।।

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
03-10-18

Friday, May 10, 2019

आधुनिक नारी (कुण्डलिया)

सारी पहने लहरिया, घर से निकली नार।
रीत रिवाजों में फँसी, लम्बा घूँघट डार।
लम्बा घूँघट डार, फोन यह कर में धारे।
शामत उसकी आय, हाथ इज्जत पर डारे।
अबला इसे न जान, लाज की खुद रखवारी।
कर देती झट दूर, अकड़ चप्पल से सारी।।

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
19-5-17

कुण्डलिया "मोबॉयल"

मोबॉयल से मिट गये, बड़ों बड़ों के खेल।
नौकर, सेठ, मुनीमजी, इसके आगे फेल।
इसके आगे फेल, काम झट से निपटाता।
मुख को लखते लोग, मार बाजी ये जाता।
निकट समस्या देख, करो नम्बर को डॉयल।
सौ झंझट इक साथ, दूर करता मोबॉयल।।

मोबॉयल में गुण कई, सदा राखिए संग।
नूतन मॉडल हाथ में, देख लोग हो दंग।
देख लोग हो दंग, पत्नियाँ आहें भरती।
कैसी है ये सौत, कभी आराम न करती।
कहे 'बासु' कविराय, लोग अब इतने कायल।
दिन देखें ना रात, हाथ में है मोबॉयल।।

मोबॉयल बिन आज है, सूना सब संसार।
जग के सब इसपे चले, रिश्ते कारोबार।
रिश्ते कारोबार, व्हाटसप इस पर फलते।
वेब जगत के खेल, फेसबुक यहाँ मचलते।
मधुर सुनाए गीत, दिखाए छमछम पायल।
झट से फोटो लेत, सौ गुणों का मोबॉयल।।

मोबॉयल क्या चीज है, प्रेमी जन का वाद्य।
नारी का जेवर बड़ा, बच्चों का आराध्य।
बच्चों का आराध्य, रखे जो खूबी सारी।
नहीं देखते लोग, दाम कितने हैं भारी।
दो पल भी विलगाय, कलेजा होता घायल।
कहे 'बासु' कविराय, मस्त है ये मोबॉयल।।

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
10-06-2016

Wednesday, May 8, 2019

ग़ज़ल (हमारे मन में ये व्रत धार लेंगे )

बह्र:- 1222  1222  122

हमारे मन में ये व्रत धार लेंगे,
भुला नफ़रत सभी को प्यार देंगे।

रहेंगे जीते हम झूठी अना में,
भले ही घूँट कड़वे हम पियेंगे।

भले पहुँचे कहाँ से जग कहाँ तक,
जहाँ हम थे वहीं अब भी रहेंगे।

इसी उम्मीद में हैं जी रहे अब,
कभी तो आसमाँ हम भी छुयेंगे।

रे मन परवाह करना छोड़ जग की,
भले तुझको दिखाएँ लोग ठेंगे।

रहो बारिश में अच्छे दिन की तुम तर,
मगर हम पे जरा ये कब चुयेंगे।

नए ख्वाबों की झड़ लगने ही वाली,
उन्हीं पे पाँच वर्षों तक जियेंगे।

तु सुध ले या न ले, यादों के तेरी,
ये दीपक रात भर यूँ ही जलेंगे।

रखो कोशिश 'नमन' दिल जोड़ने की,
कभी तो टूटे दिल वापस मिलेंगे।

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
10-11-18

ग़ज़ल (तिजारत हुक्मरानी हो गई है)

बह्र:- 1222  1222  122

तिजारत हुक्मरानी हो गई है,
कहीं गुम शादमानी हो गई है।

न गांधी शास्त्री से अब हैं रहबर,
शहादत उनकी फ़ानी हो गई है।

कहाँ ढूँढूँ तुझे ओ नेक नियत,
तेरी गायब निशानी हो गई है।

तेरा तो हुश्न ही दुश्मन है नारी,
कठिन इज्जत बचानी हो गई है।

लगी जब बोलने बिटिया हमारी,
वो घर में सबकी नानी हो गई है।

तू आयी जिंदगी में जब से जानम,
तेरी हर शय सुहानी हो गई है।

हमीं से चार लेकर एक दे कर,
'नमन' सरकार दानी हो गई है।

हुक्मरानी=शासन करना
तिजारत=व्यापार
शादमानी=खुशी
रहबर=पथ-प्रदर्शक

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
2-10-17

ग़ज़ल (रहें बस चुप! शराफ़त है)

बह्र:- 1222   1222   122

रहें बस चुप! शराफ़त है? नहीं तो,
जुबाँ खोलें? इजाजत है? नहीं तो।

करें हासिल अगर हक़ लड़के अपना,
तो ये लड़ना अदावत है? नहीं तो।

बड़े मासूम बन वादों से मुकरो,
कोई ये भी सियासत है? नहीं तो।

दिखाए आँख हाथी को जो चूहा,
भला उसकी ये हिम्मत है? नहीं तो।

है आमादा कोई गर जंग पर ही,
सुलह चाहें जलालत है? नहीं तो।

कयामत ढ़ा रही है मुफ़लिसी अब,
ज़रा भी दिल में हैरत है? नहीं तो।

'नमन' जुल्म-ओ-सितम पर चुप ही रहना,
यही दुनिया की फ़ितरत है? नहीं तो।

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
15-04-2017

Monday, May 6, 2019

कुण्डला मौक्तिका (लावारिस वस्तु)

(पदांत 'मिलती', समांत 'ओ' स्वर)

मिलती पथ में कुछ पड़ी, वस्तु करें स्वीकार,
समझ इसे अधिकार, दबा लेते जो मिलती।।
अनायास कुछ प्राप्ति का, लिखा राशि में योग,
बंदे कर उपभोग, भाग्य वालों को मिलती।।

जन्मांतर के पुण्य सब, लगे साथ में जागे,
इस कारण से आज ये, आई आँखों आगे।
देने वाले देवता, देत पात्र को देख,
लिखी टले नहिं रेख, हमें तब ही तो मिलती।।

पुरखों के बड़ भाग से, लावारिस चल आती,
बिन प्रयास के कुछ मिले, हृदय कली खिल जाती।
लख के यहाँ अभाव मन, उनका जाता डोल,
भेजें वे जी खोल, तभी चाहें वो मिलती।।

घड़ी पुण्य की ये बड़ी, नजर वस्तु जब आई,
इधर उधर में ताक के, हमने शीघ्र उठाई।
पाकिट में हम डाल के, सोच रहे बिन लाज,
'नमन' भाग्य था आज, अन्यथा सबको मिलती।।

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
14-10-2016

मौक्तिका (चीन की बेटी)

2*8 (मात्रिक बहर)
(पदांत 'कर डाला', समांत 'आ' स्वर)

यहाँ चीन की आ बेटी ने,
सबको मतवाला कर डाला।
बच्चा, बूढ़ा या जवान हो,
कद्रदान अपना कर डाला।।

होता लख के चहरा तेरा,
तेरे आशिक जन का' सवेरा।
जब तक शम्मा सी ना आये,
तड़पत परवाना कर डाला।।

लब से गर्म गर्म ना लगती,
आँखों से न खुमारी भगती।
करवट बदले बाट देखते,
जादू ये कैसा कर डाला।।

कड़क रहो तो लगे मस्त तू,
मिले न जब तक करे पस्त तू।
लगी गले से जब मतवाली,
तन मन जोशीला कर डाला।।

गरम रहो तो हमें लुभाती,
ठण्डी तू बिलकुल न सुहाती।
चहरे पे दे गर्म भाप को,
पागल तन मन का कर डाला।।

जो तु लिये हो पूरी लाली,
तीखी और मसालेवाली।
चुश्की चुश्की ले चखने पर,
खुशबू से पगला कर डाला।।

चाय पियें जो वे पछतातेे,
जो न पियें वे भी ग़म खाते।
'नमन' चीन की बेटी तूने,
ये देश दिवाना कर डाला।।

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
30-06-2016