Tuesday, June 28, 2022

ग़ज़ल (आग बरसाएँ घटाएँ)

बह्र:- 2122  1122  1122  22

आग बरसाएँ घटाएँ तेरे जाने के बाद,
लगतीं लपटों सी हवाएँ तेरे जाने के बाद।

कौन सी दुनिया में भँवरे औ' परींदे गये उड़,
या हुईं चुप ये दिशाएँ तेरे जाने के बाद।

कह के थक जाते थे हम तू न थकी सुन के कभी,
हाले दिल किसको सुनाएँ तेरे जाने के बाद।

घर की दीवारों ने भी अब तो किया कानों को बंद,
फिर किसे हम दें सदाएँ तेरे जाने के बाद।

किसके हम नाज़ उठाएँ औ सहें नित नखरे,
देखें अब किसकी अदाएँ तेरे जाने के बाद।

इन फ़ज़ाओं का है वैसा ही सुहाना मंज़र,
पर कचोटें ये छटाएँ तेरे जाने के बाद।

ज़िंदगी से ही गया ऊब 'नमन' ये जानम,
किसकी अब पाये दुआएँ तेरे जाने के बाद।

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
20-05-19

Friday, June 24, 2022

रक्ता छंद 'शारदा वंदन'

ब्रह्म लोक वासिनी।
दिव्य आभ भासिनी।।
वेद वीण धारिणी।
हंस पे विहारिणी।।

शुभ्र वस्त्र आवृता।
पद्म पे विराजिता।।
दीप्त माँ सरस्वती।
नित्य तू प्रभावती।।

छंद ताल हीन मैं।
भ्रांति के अधीन मैं।।
मन्द बुद्धि को हरो।
काव्य की प्रभा भरो।।

छंद-बद्ध साधना।
काव्य की उपासना।
मैं सदैव ही करूँ।
भाव से इसे भरूँ।।

मात ये विचार हो।
देश का सुधार हो।।
ज्ञान का प्रसार हो।
नष्ट अंधकार हो।।

शारदे दया करो।
ज्ञान से मुझे भरो।।
काव्य-शक्ति दे मुझे।
दिव्य भक्ति दे मुझे।।

===========
रक्ता छंद विधान -

रगण जगण गुरु = ( 212 121 2 ) = 7 वर्ण, 4 चरण
[दो-दो या चारों चरण समतुकांत]

**********
बासुदेव अग्रवाल नमन,
तिनसुकिया
10-02-19

Thursday, June 16, 2022

पादाकुलक छंद (राम महिमा)

पादाकुलक छंद / मत्त समक छंद / विश्लोक छंद / चित्रा छंद / वानवासिका छंद

सीता राम हृदय से बोलें।
सरस सुधा जीवन में घोलें।।
राम रसायन धारण कर लें।
भवसागर के संकट हर लें।।

आज समाज विपद में भारी।
सुध लें आकर भव भय हारी।।
राम दयामय धनु को धारें।
भव के सारे दुख को टारें।।

चंचल मन माया का भूखा।
भजन बिना यह मरु सा सूखा।।
अवनति-गर्त गिरा खल कामी।
अनुचर समझ कृपा कर स्वामी।।

सरल स्वभाव सदा मन धारें।
सब संकट से निज को टारें।।
शीतल मन से रघुपति भजिये।
माया, मोह, कपट सब त्यजिये।।

मिथ्याचार जगत में भारी।
इससे सारे हैं दुखियारी।।
सद आचरणों का कर पालन।
मन का पूर्ण करें प्रक्षालन।।

राम महाप्रभु जग के त्राता।
दुख भंजक हर सुख के दाता।।
नित्य 'नमन' रघुवर को कीजै।
दोष सभी अर्पित कर दीजै।।
***********

पादाकुलक छंद विधान -

पादाकुलक छंद 16 मात्रा प्रति चरण का सम मात्रिक छंद है। यह संस्कारी जाति का छंद है। एक छंद में कुल 4 चरण होते हैं और छंद के दो दो या चारों चरण सम तुकांत होने चाहिए। इन 16 मात्राओं की मात्रा बाँट:- चार चौकल हैं।

चौकल = 4 - चौकल में चारों रूप (11 11, 11 2, 2 11, 22) मान्य रहते हैं।
(1) चौकल में पूरित जगण (121) शब्द, जैसे विचार महान उपाय आदि नहीं आ सकते। 
(2) चौकल की प्रथम मात्रा पर कभी भी शब्द समाप्त नहीं हो सकता। 

एक प्रकार से देखा जाय तो पादाकुलक छंद प्रसिद्ध चौपाई छंद का ही एक प्रारूप है। चौपाई छंद में चार चौकल बनने की बाध्यता नहीं है जबकि पादाकुलक छंद में यह बाध्यता है।

भानु कवि के छंद प्रभाकर में पादाकुलक छंद के प्रकरण में इससे मिलते जुलते कई छंदों की सोदाहरण व्याख्या की गयी है। यहाँ मैं चार छंद उदाहरण सहित प्रस्तुत कर रहा हूँ।

(1) मत्त समक छंद विधान - मत्त समक छंद संस्कारी जाति का 16 मात्रिक छंद है। इसमें चार चौकल के अतिरिक्त 9 वीं मात्रा सदैव लघु रहनी चाहिए।

अतुलित बल के हनुमत स्वामी।
रघुपति दूत गगन के गामी।।
जो इनका जप नित करता है।
भवसागर से वह तरता है।।

(2) विश्लोक छंद विधान - विश्लोक छंद संस्कारी जाति का 16 मात्रिक छंद है। इसमें चार चौकल के अतिरिक्त 5 वीं और 8 वीं मात्रा सदैव लघु रहनी चाहिए।

पीड़ित बहुत यहाँ जन रघुवर।
आहें विकल भरें हो कातर।।
ले कर प्रभु तुम अब अवतारा।
भू का हरण करो सब भारा।।

(3) चित्रा छंद विधान - चित्रा छंद संस्कारी जाति का 16 मात्रिक छंद है। इसमें चार चौकल के अतिरिक्त 5 वीं, 8 वीं और 9 वीं मात्रा सदैव लघु रहनी चाहिए।

गुरु की कृपा अमित फलदायी।
इसकी महिम सकल जन गायी।।
जिसके सिर पर गुरु का हाथा।
पूरा यह जग उसके साथा।।

(4) वानवासिका छंद विधान - वानवासिका छंद संस्कारी जाति का 16 मात्रिक छंद है। इसमें चार चौकल के अतिरिक्त 9 वीं और 12 वीं मात्रा सदैव लघु रहनी चाहिए।

सरयू तट पर बसी हुई है।
विसकर्मा की रची हुई है।।
अवधपुरी पावन यह नगरी।
राम-सुधा से लबलब गगरी।।
***************
छंदों का विधान देखने के लिए निम्न लिंक देखें:-

 
बासुदेव अग्रवाल 'नमन' ©
तिनसुकिया
12-06-22

Saturday, June 11, 2022

सुगति छंद (शांति)

सुगति छंद / शुभगति छंद

शांति धारो।
दुःख टारो।।
सदा सुखदा।
हरे विपदा।।

रस-खान है।
सुख पान है।।
यदि शांति है।
नहिँ भ्रांति है।।

कटुता हरे।
मृदुता भरे।।
नित सुहाती।
दिव्य थाती।।

ले सुस्तियाँ।
दे मस्तियाँ।।
सुख-सुप्ति दे।
तन-तृप्ति दे।।

शांति गर है।
सुघड़ घर है।।
रीत अपनी।
ताप हरनी।।

शांति मन की।
खान धन की।।
हर्ष दात्री।
'नमन' पात्री।।
***********

सुगति छंद / शुभगति छंद विधान -

सुगति छंद जो कि शुभगति छंद के नाम से भी जाना जाता है, 7 मात्रा प्रति चरण का सम मात्रिक छंद है जिसका अंत गुरु वर्ण (S) से होना आवश्यक है। यह लौकिक जाति का छंद है। एक छंद में कुल 4 चरण होते हैं और छंद के दो दो या चारों चरण सम तुकांत होने चाहिए। इन 7 मात्राओं का विन्यास पंचकल + गुरु वर्ण (S) है। पंचकल की निम्न संभावनाएँ हैं :-

122
212
221
(2 को 11 में तोड़ सकते हैं, पर अंत सदैव गुरु (S) से होना चाहिए।)
******************

बासुदेव अग्रवाल 'नमन' ©
तिनसुकिया
24-05-22

Monday, June 6, 2022

असबंधा छंद (हिन्दी गौरव)

भाषा हिन्दी गौरव बड़पन की दाता।
देवी-भाषा संस्कृत मृदु इसकी माता।।
हिन्दी प्यारी पावन शतदल वृन्दा सी।
साजे हिन्दी विश्व पटल पर चन्दा सी।।

हिन्दी भावों की मधुरिम परिभाषा है।
ये जाये आगे बस यह अभिलाषा है।।
त्यागें अंग्रेजी यह समझ बिमारी है।
ओजस्वी भाषा खुद जब कि हमारी है।।

गोसाँई ने रामचरित इस में राची।
मीरा बाँधे घूँघर पग इस में नाची।।
सूरा ने गाये सब पद इस में प्यारे।
ऐसी थाती पा कर हम सब से न्यारे।।

शोभा पाता भारत जग मँह हिन्दी से।
जैसे नारी भाल सजत यक बिन्दी से।।
हिन्दी माँ को मान जगत भर में देवें।
ये प्यारी भाषा हम सब मन से सेवें।।
============
असबंधा छंद विधान -

"मातानासागाग" रचित 'असबंधा' है।
ये तो प्यारी छंद सरस मधु गंधा है।।

"मातानासागाग" = मगण, तगण, नगण, सगण गुरु गुरु
222  221  111  112  22 = 14 वर्ण की वर्णिक छंद। दो दो या चारों चरण समतुकांत।
********************

बासुदेव अग्रवाल 'नमन' ©
तिनसुकिया
12-02-2017

Wednesday, June 1, 2022

एकावली छंद (मनमीत)

किसी से, दिल लगा।
रह गया, मैं ठगा।।
हृदय में, खिल गयी।
कोंपली, इक नयी।।

मिला जब, मनमीत।
जगी है, यह प्रीत।।
आ गया, बदलाव।
उत्तंग, है चाव।।

मोम से, पिघलते।
भाव सब, मचलते।।
कुलांचे, भर रहे।
अनकही, सब कहे।।

रात भी, चुलबुली।
पलक हैं, अधखुली।।
प्रणय-तरु, हों हरे।
बाँह में, नभ भरे।।

खोलता, खिड़कियाँ।
दिखें नव, झलकियाँ।।
झिलमिली, रश्मियाँ।
उड़ें ज्यों, तितलियाँ।।

हृदय में, समा जा।
गले से, लगा जा।।
मीत जब, पास तू।
'नमन' की, आस तू।।
***********

एकावली छंद विधान -

एकावली छंद 10 मात्रा प्रति पद का सम मात्रिक छंद है जिसमें पाँच पाँच मात्राओं के दो यति खण्ड रहते हैं। यह दैशिक जाति का छंद है। एक छंद में कुल 4 चरण होते हैं और छंद के दो दो या चारों चरण सम तुकांत होने चाहिए। इन 10 मात्राओं का विन्यास दो पंचकल (5, 5) हैं। पंचकल की निम्न संभावनाएँ हैं :-

122
212
221
(2 को 11 में तोड़ सकते हैं।)
******************

बासुदेव अग्रवाल 'नमन' ©
तिनसुकिया
26-05-22