Thursday, December 29, 2022

विविध मुक्तक -11

तुम मेरी पाक़ मुहब्बत का ये दरिया देखो,
झाँक आँखों में मेरी इस को उमड़ता देखो,
गर नहीं फिर भी यकीं चीर लो सीना मेरा,
दिले नादाँ पे असर कितना तुम्हारा देखो।

(2122 1122 1122 22)
***  ***

कभी भी जब मुझे उनका ख़याल आता है,
तो गोते यादों में गुज़रा जो साल खाता है।
नज़र झुका के तुरत पहलू में सिमट जाना,
नयन पटल पे वो सारा ही काल छाता है।

(1212 1122 1212 22)
***  ***

साथ सजन तो चाँद सुहाना लगता है,
दूर पिया तो वो भी जलता लगता है,
उस में लख पिय की परछाई पूछ रहे,
चाँद बता तू कौन हमारा लगता है।

मुक्तक  2*11
***  ***

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
25-07-22

Saturday, December 24, 2022

सुगम्य गीता (तृतीय अध्याय 'द्वितीय भाग')

तृतीय अध्याय (भाग -२)

जनक आदि ने कर्म से, प्राप्त किया निर्वाण। 
श्रेष्ठ जनों का आचरण, जग में सदा प्रमाण।।२२।। 

तुम भी बनो उदाहरण, जग समक्ष हे पार्थ। 
जन-हित की रख भावना, कर्म करो लोकार्थ।।२३।। 

मुझ ईश्वर का विश्व में, शेष न कछु कर्त्तव्य।
प्राप्तनीय भी कुछ नहीं, कर्म करूँ पर दिव्य।।२४।।

सावधान हो मैं न यदि, रहूँ कर्म संलग्न। 
छिन्न भिन्न कर जग करूँ, लोक-आचरण भग्न।।२५।। 

लोक-मान्यता ध्यान रख, ज्ञानी का हो आचरण।
लोगों पर डाले न वो, बुद्धि-भेद का आवरण।।२६।। उल्लाला छंद

करे स्वयं कर्त्तव्य अरु, प्रेरित अन्यों को करे।
अज्ञानी आसक्त की, मन की दुविधा वो हरे।।२७।। उल्लाला 

प्रकृति जनित गुण से हुवे, कर्म सृष्टि के सारे।
अहम् भाव से मूढ़ पर, कर्ता खुद को धारे।।२८।। मुक्तामणि छंद 

त्रीगुणाश्रित ये सृष्टि है, कर्म गुणों में अटके। 
गुण ही कारण कार्य गुण, जो जाने नहिँ भटके।।२९।। मुक्तामणि छंद 

गुण अरु कर्म रहस्य से, जो नर हैं अनभिज्ञ। 
ऐसे गुण-सम्मूढ़ को, विचलित करे न विज्ञ।।३०।।
 
त्यज ममत्व आशा सभी, दोष-दृष्टि सन्ताप। 
सौंप कर्म सब ही मुझे, युद्ध करो निष्पाप।।३१।। 

मुझमें देखे दोष जो, सभी ज्ञान से भ्रष्ट। 
यह मत जो मानें नहीं, उनको समझो नष्ट।।३२।। 

परवश सभी स्वभाव के, विज्ञ न भी अपवाद। 
क्या इसमें फिर कर सके, निग्रह दमन विषाद।।३३।। 

सुख से सब को राग है, दुख से सब को द्वेष।
बाधा दे कल्याण में, दोनों का परिवेश।।३४।। 

अनुपालन निज धर्म का, उत्तम यध्यपि हेय। 
मरना भी इसमें भला, अन्य धर्म भय-देय।।३५।।

क्यों फिर हे माधव! कहो, पापों में नर मग्न।
बल से ज्यों उसको किया, बिन इच्छा संलग्न।।३६।।

देत रजोगुण कामना, उससे जन्मे क्रोध।
पार्थ परम वैरी समझ, दोनों का अवरोध।।३७।।

गर्भ अग्नि दर्पण ढके, जेर धूम्र अरु मैल।
त्यों विवेक अरु ज्ञान को, ढकता तृष्णा-शैल।।३८।।

अनल रूप यह कामना, कभी न जो हो शांत।
ज्ञानी जन के ज्ञान को, सदा रखे यह भ्रांत।।३९।।

इन्द्रिय मन अरु बुद्धि में, रहे काम का वास।
तृष्णा इनसे ही करे, ज्ञान मनुज का ह्रास।।४०।।

इन्द्रिय की गति साध, सभी दुख की प्रदायिनी।
प्रथम कामना मार, ज्ञान विज्ञान नाशिनी।।४१।। रोला छंद

तन से इन्द्रिय सूक्ष्म, इन्द्रियों से फिर मन है।
मन से पर है बुद्धि, अंत में आत्म-मनन है।।४२।। रोला

आत्म तत्व पहचान, हृदय में कर के मंथन।
अपने को तू तोल, काम-रिपु का कर मर्दन।।४३।। रोला

इति तृतीय अध्याय 

रचयिता :
बासुदेव अग्रवाल 


Wednesday, December 21, 2022

चंडिका छंद "आँखें"

चंडिका छंद / धरणी छंद

जिनसे जग लख, मैं बहूँ।
उन आँखों पर, क्या कहूँ।।
भव की इनसे, भव्यता।
प्राणी की सब, योग्यता।।

आँखें हैं तो, प्रीत है।
सब कामों में, जीत है।।
नयनों की कर, चाकरी।
रचता हूँ मैं, शायरी।।

नयन आपके, झील से।
कजरारे कुछ, नील से।।
मेरे मन पर, राजते।
डुबा डुबा कर, मारते।।

नीली आँखें, आपकी।
जड़ ये मन के, ताप की।।
हिरणी सी ये, चंचला।
करती मुझको, बावला।।

दो दो दीपक, नैन के।
जलते जो बिन, चैन के।।
कहें आपकी, भावना।
छिपी हृदय में, कामना।।

नयनों के जो, तीर से।
घायल इसकी, पीर से।।
इश्क सताया, पूत है।
रहता सर पर, भूत है।।

दो ही आँखें, हैं भली।
गोरी हो या, साँवली।।
दो से जब ये, चार हों।
चैन रैन के, पार हों।।

ऊपर के इन, नैन का।
नहीं भरोसा, बैन का।।
मन की आँखें, खोल के।
देखें जग को, तोल के।।

आँखो की जो, रोशनी।
जीवन की वह, चाँदनी।।
सृष्टि इन्हीं से, भासती।
'नमन' उतारे, आरती।।
***********

चंडिका छंद / धरणी छंद विधान -

चंडिका छंद जो कि धरणी छंद के नाम से भी जाना जाता है, 13 मात्रा प्रति पद का सम मात्रिक छंद है जिसका अंत रगण (S1S) से होना आवश्यक है। इसमें प्रथम 8 मात्रा पर यति अनिवार्य है। यह भागवत जाति का छंद है। एक छंद में कुल 4 पद होते हैं और छंद के दो दो या चारों पद सम तुकांत होने चाहिए। इन 13 मात्राओं का विन्यास अठकल, रगण (S1S) है। यह विन्यास दोहा छंद के विषम चरण वाला ही है।
अंतर केवल अठकल के बाद यति का है तथा अंतिम 5 मात्रा गुरु, लघु, गुरु वर्ण के रूप में हो।

अठकल = 4 4 या  3 3 2
******************

बासुदेव अग्रवाल 'नमन' ©
तिनसुकिया
31-05-22

Sunday, December 11, 2022

छंदा सागर (छंद के घटक "छंदा")

                        पाठ - 05

छंदा सागर ग्रन्थ

(छंद के घटक "छंदा")

छंदा शब्द की व्युत्पत्ति छंद से हुई है। छंदा का अर्थ है किसी छंद विशेष के विधान का पूर्ण स्वरूप। छंदाओं के नाम में ही उनका पूरा विधान रहता है। छंद में वर्णों की आवृत्ति का, कल आधारित छंद में कल की आवृत्ति का, मध्य में यदि कहीं यति है तो उसका तथा छंद के स्वरूप का पूर्ण ज्ञान उसकी छंदा के नाम से ही मिल जाता है। चतुर्थ पाठ में हमने छंदाओं के नामकरण में प्रयुक्त संख्यावाचक तथा अन्य संकेतकों के विषय में विस्तार से जाना। तृतीय पाठ में विभिन्न गुच्छक की संरचना के विषय में जाना। अब इस पंचम पाठ से हम  छंदाओं की संरचना का अध्ययन करेंगे। इस छंदा-सागर ग्रन्थ का उद्देश्य हिन्दी में प्रचलित छंदों की छंदाएँ बनाकर प्रस्तुत करना है जो सामने आते ही पूरी छंद का स्वरूप प्रकट हो जाये। हमें अनेक छंदों के नाम तो याद रहते हैं पर विधान याद नहीं रहता। अब उस छंद में रचना करने के लिए उसके विधान को खोजना पड़ता है। परन्तु हम जो इन पाठों के माध्यम से अध्ययन कर रहे हैं उससे हमें छंदा के नाम में ही छुपा उसका पूरा विधान मिल जायेगा।

छंदाओं से संबन्धित पाठों का संयोजन छंदाओं को स्वरूप के अनुसार विभिन्न वर्गों में विभक्त करके किया गया है। इस कड़ी में सर्वप्रथम वृत्त छंदाएँ आती हैं।

वृत्त छंदा:- इन छंदाओं में केवल एक गुच्छक रहता है और उसी एक गुच्छक की कई आवृत्ति रहती है, इसीलिए इनका नाम वृत्त-छंदा दिया गया है। एक ही मात्रा क्रम की विभिन्न आवृत्ति से विशेष लय बनती है और इस बात से वे सभी लोग भलीभांति परिचित होंगे जो सवैया छंद से परिचित हैं। 

वृत्त छंदाओं में एक गुच्छक की 1, 2, 3, 4, 6 और 8 की आवृत्ति से कुल 6 प्रकार की छंदाएं मिलती हैं। एक की आवृत्ति के लिये छंदा में चार वर्ण होने आवश्यक हैं अतः त्रिवर्णी गण में एक की आवृत्ति की छंदाएँ नहीं हैं। 

वृत्त छंदाएँ सर्वाधिक प्रचलित छंद हैं। हिन्दी में विभिन्न नामों से ये छंद प्रचलित हैं। वृत्त छंदाओं की रचना छंदों के तीनों स्वरूप - वाचिक, मात्रिक और वर्णिक में होती है। उदाहरणार्थ - ईयग गणक की 4 आवृत्ति (1222*4) की वृत्त छंदा हर स्वरूप में प्रचलित है। हर स्वरूप में रचना करने के अलग अलग नियम हैं। इसी विभिन्नता को दृष्टिगत रखते हुए इस ग्रन्थ में हर स्वरूप की अलग छंदाएँ दी हुई हैं जिससे कि छंदा का नाम सामने आते ही यह पता चल जाय कि यह किस गुच्छक की, कितनी आवृत्ति की, छंद के किस स्वरूप की छंदा है। इसके मध्य में यदि यति है तो उसका भी पता चल जाये। छंदों के तीन स्वरूप निम्न हैं।

(1) वाचिक स्वरूप:- वाचिक रूप में उच्चारण की प्रधानता रहती है। एक शब्द में साथ साथ आये दो लघु सदैव गुरु वर्ण के रूप में प्रयुक्त होते  हैं। जहाँ भी दो लघु (11) दर्शाये जाएँगे वे सदैव 'ऊलल' वर्ण यानी स्वतंत्र लघु माने जाते हैं। यदि इन्हें एक शब्द में रखना है तो एक लघु की या दोनों लघु की मात्रा गिरानी आवश्यक है। मात्रा गिराने का अर्थ प्रत्यक्ष रूप में वर्ण तो दीर्घ है परन्तु उच्चरित लघु होता है।

मात्रा पतन:- मात्रा पतन के कुछ विशेष नियम हैं जिनके अन्तर्गत मात्रा पतन किया जा सकता है। वाचिक स्वरूप की छंदाओं में यह नियमों के अंतर्गत आता है और इस छूट के कारण रचनाकार को शब्द चयन का कुछ अतिरिक्त क्षेत्र मिल जाता है।

1- एक वर्णी कारक चिन्ह, सहायक क्रिया व अन्य शब्दों की मात्रा गिरा कर उन्हें लघु मान सकते हैं जैसे - का की हैं मैं था भी ही आदि। परन्तु संयुक्त अक्षर से युक्त ऐसे शब्दों की मात्रा नहीं गिराई जा सकती जैसे - क्यों क्या त्यों आदि।
2- शब्द के अंत के गुरु की मात्रा गिरा कर आवश्यकतानुसार लघु की जा सकती है। किंतु इसमें भी ऐ, औ की मात्रा नहीं गिराई जा सकती। 
3- शब्द के बीच या प्रारंभ में आये गुरु वर्ण की मात्रा नहीं गिराई जा सकती। परन्तु तेरा, मेरा, कोई जैसे कुछ शब्दों में दोनों अक्षरों की मात्रा गिराई जा सकती है। इसमें भी गायेगा, जाएगा, सिखायेगा जैसे शब्दों के मध्य के ये, ए को लघु की तरह गिना जा सकता है।
4- शास्वत दीर्घ यानि एक शब्द में साथ साथ आये दो लघु की मात्रा कभी भी नहीं गिराई जा सकती। इसी कारण से यह शास्वत दीर्घ कहलाता है।

मात्रा पतन के अतिरिक्त वाचिक स्वरूप में पदांत में लघु वृद्धि मान्य है। वैसे तो प्रायः छंदाओं की लघु वृद्धि की छंदाएँ अलग से दी गयी हैं। परन्तु गुर्वंत छंदाओं में रचनाकार लघु वृद्धि करने के लिए स्वतंत्र है। वाचिक में ग वर्ण से प्रारंभ होने वाले वर्ण तथा म से प्रारंभ होनेवाले गुच्छक के गुरु वर्ण को ऊलल (11) वर्ण में तोड़ने की छूट है यदि उस वर्ण के दोनों तरफ भी गुरु वर्ण रहे। जैसे रबगी छंदा के गी (22) को 112 रूप में लिया जा सकता है।

(2) मात्रिक छंद:- मात्रिक छंदों में किसी भी प्रकार का मात्रा पतन अमान्य है। इन छंदों में गुरु वर्ण को दो लघु में तोड़ा जा सकता है। मात्रिक छंदों में स्वतंत्र लघु की अवधारणा नहीं है, अतः 'ऊलल' वर्ण (11) को एक शब्द में शास्वत दीर्घ के रूप में रखा जा सकता है पर 'ऊलल' वर्ण दीर्घ में रूपांतरित नहीं हो सकता।

(3) वर्णिक छंद:- वर्णिक छंद की रचना सदैव गुच्छक में प्रयुक्त लघु गुरु के अनुरूप होनी चाहिए। न कोई मात्रा पतन होना चाहिए और न ही गुरु को दो लघु में तोड़ा जाना चाहिए। इन में भी स्वतंत्र लघु जैसी कोई विचारधारा नहीं है।

वृत्त छंदाओं के पश्चात हम गुरु छंदाओं का अध्ययन करेंगे। 

गुरु छंदाएँ:- जैसा कि नाम से स्पष्ट है, वे छंदाएँ जो केवल गुरु (2) और ईगागा वर्ण (22) तथा मगण, ईमग गणक (2222) और एमागग गणक (22222) के संयोग से बनी होती हैं। गुरु छंदाएँ समकल आधारित होती हैं और समस्त छंद बद्ध सृजन का आधार होती हैं। इनकी लय और गति अबाध शांत रूप से बहती कलकल करती सरिता के समान होती है। ये छंदाएँ द्विकल गुरु वर्ण (2), चौकल ईगागा (22), छक्कल मगण (222) और अठकल ईमग (2222) के संयोग से बनती हैं। ये छंदाएँ सामान्यतः 2*4 से प्रारंभ हो कर 2*16 तक बनती हैं।

मिश्र छंदाएँ:- वे छंदाएँ जिनमें एक से अधिक प्रकार के गुच्छक या गुच्छक और वर्ण रहते हैं। ये कई प्रकार की होती हैं। इन पर प्रारंभ के गण के आधार पर सात पाठों में पूर्ण प्रकाश डाला गया है। मिश्र छंदाओं के विषय में एक अलग से पाठ दिया गया है जिसमें इनकी पूर्ण व्याख्या की गयी है।

उपरोक्त समस्त प्रकार की छंदाओं की क्रमशः
वाचिक, मात्रिक और वर्णिक तीनों स्वरूप की छंदाएँ इस ग्रन्थ में दी गई हैं। साथ ही छंदाओं की लघु वृद्धि की छंदाएँ भी दी गई हैं।

इसके पश्चात हिन्दी की मात्रिक छंदों की छंदाएँ हैं अंत में वर्णिक छंदों की छंदाएँ दी गई हैं। इन्हींके अंतर्गत अलग पाठों में कवित्त और सवैया की छंदाएँ भी सम्मिलित की गई हैं।
*************

बासुदेव अग्रवाल 'नमन' ©
तिनसुकिया

Tuesday, December 6, 2022

सुचि और संदीप के विवाह की रजत जयंती


तारिख पच्चिस मास दिसम्बर की शुभ बेला आई।
घर की प्यारी मुनिया 'शुचिता' इस दिन हुई पराई।
प्रणयबन्ध में बन्ध वो लाडो हर्षित हो सकुचाई। 
पच्चिस वर्षों पूर्व जमी ये जोड़ी सबकी मन भाई।।

जीवन साथी संदीप संग जीवन की खुशियाँ लाई।
रौनक सा सुत और बार्बी मिष्टी सी बिटिया पाई।
मन के मीत और बच्चों संग सुघड़ गृहणी बन छाई।
दो दो घर को आज जोड़ती सबको लगे सुहाई।।

शादी की है रजत जयंती आज बड़ी है वो हरषाई।
बच्चे जीवन साथी को ले पावन गंगा तट पर आई।
संग मनाये रजत जयंती भैया भाभी देत बधाई।
जीवन की हर खुशियाँ पाओ सदा रहो यूँ ही मुस्काई।।

बासुदेव अग्रवाल नमन 
25-12-2018

Friday, December 2, 2022

लावणी छंद "सच्ची कमाई"

सच्ची तुम ये किये कमाई, मानुस तन जो यह पाया।
देवों को भी जो है दुर्लभ, तुमने पायी वह काया।।
इस कलियुग में जन्म लिया फिर, नाम जपे नर तर जाये।
अन्य युगों के वर्षों का फल, इसमें तुरत-फुरत पाये।।

जन्मे तुम उस दिव्य धरा पर, देव रमण जिस पर करते।
शुभ संस्कार मिले ऋषियों के, भव-बन्धन जो‌ सब हरते।।
नर-तन में प्रभु भारत भू पर, बार बार अवतार लिये।
कर लीला हर भार भूमि का, उपकारी उपदेश दिये।।

धर्म सनातन जिसमें सोहे, ऐसा अनुपम गेह मिला।
गीता रामायण सम प्यारे, कुसुमों से यह देह खिला।।
वेद पुराण भागवत पावन, सीख सदा सच्ची देवें।
इस जीवन अरु जन्मांतर के, बंधन सारे हर लेवें।।

मंदिर के घण्टा घोषों से, भोर यहाँ पर होती है।
मधुर आरती की गूँजन में, सांध्य निशा में खोती है।।
कीर्तन और भजन के सुर से, दिग्दिगन्त अनुनादित हैं।
सद्सिद्धांत यहाँ जीने के, पहले से प्रतिपादित हैं।।

वातावरण यहाँ ऐसा है, सत्संगत जितनी कर लो।
हरि का नाम धार के भव के, सारे कष्टों को हर लो।।
जप, तप, ध्यान, दान के साधन,‌ चाहो‌ जितने अपना लो।
नाना व्रत धारण कर सारी, जीवन की विपदा टालो।।

मार्ग प्रसस्त करे पग पग पर, सब का संतों की वाणी।
जग का सार बताए जिससे, लाभान्वित हो हर प्राणी।।
है यह सार्थक तभी कमाई, इसका सद्उपयोग करें।
जीवन सफल बनाएँ अपना, और जगत के दुःख हरें।।


बासुदेव अग्रवाल 'नमन' ©
तिनसुकिया
01-06-17


Friday, November 25, 2022

पिरामिड (रो, मत)

रो
मत
नादान,
छोड़ दे तू
सारा अज्ञान।
जगत का रहे,
धरा यहीं सामान।।1।।

तू
कर 
स्वीकार,
उसे जो है
जग-आधार।
व्यर्थ और सारे,
तत्व एक वो सार।।2।।


ये
तन
दीपक,
बाती मन
तेल  मनन
शब्दों का स्फुरण
काव्य-ज्योति स्फुटन।।3।।

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
2-04-19

Saturday, November 19, 2022

छंदा सागर (छंदा संकेतक)

                         पाठ - 04

छंदा सागर ग्रन्थ

(छंदा संकेतक)


छंदा में वर्ण और गुच्छक के अतिरिक्त कई प्रकार के संकेतक का प्रयोग होता है। जिनके बारे में विस्तार से जानना अत्यंत आवश्यक है। मुख्य रूप से संख्यावाचक संकेतक प्रयुक्त होते हैं। छंदाओं के नाम इस प्रकार हैं कि उनके नाम में ही उस छंदा में प्रयुक्त गुच्छक और वर्णों की संख्या तथा विधान स्पष्ट हो जाता है। नामकरण के कुछ विशेष नियम हैं जिन्हें बहुत गंभीरता से समझने की आवश्यकता है।

संख्या वाचक अक्षर:- छंदा में संख्या वाचक संकेताक्षरों से गुच्छक और वर्णों की कितनी आवृत्ति है इसका पता चलता है। इनसे कल का भी पता चलता है। ये निम्न हैं। 

क = 1, एक से क वर्ण लिया गया है।
द = 2, दो से द वर्ण लिया गया है।
ब = 3, तगण के कारण त अनुपलब्ध इसलिए ब वर्ण लिया गया है।
च = 4, चार से च वर्ण लिया गया है।
प = 5, पाँच से प वर्ण लिया गया है।
ट = 6, षट से ट वर्ण लिया गया है।
ड = 7, सगण के कारण स अनुपलब्ध इसलिए ड वर्ण लिया गया है।
ठ = 8, आठ से ठ वर्ण लिया गया है।
व = 9, नव से व वर्ण लिया गया है।

इन वर्णों में मात्राओं का भी विशेष अर्थ है। आगे हम उदाहरण सहित एक एक संख्या वाचक को समझेंगे।

क:- = 1, किसी भी गुच्छक या वर्ण का संकेतक सदैव उस गुच्छक या वर्ण की एक आवृत्ति दर्शाता है। अतः एक आवृत्ति दर्शाने के लिए क संकेतक का प्रयोग अनावश्यक है। परन्तु कई बार छंदा के नाम को पूर्णता प्रदान करने के लिए इस संकेतक का 'क' या 'का' के रूप में प्रयोग किया जाता है। यह वाचिक छंदाओं के अंत में 'क' या 'का' के रूप में जुड़ता है। उदाहरणार्थ 1222*1 = यीका, 11212*1 = सूका आदि। सूका नामकरण को भलीभांति समझें। स और ऊकार क्रमशः सगण (112) तथा इलगा वर्ण (12) के संकेतक हैं। इस प्रकार 'सू' से ऊसालग गणक (11212) का रूप सामने आ जाता है। जबकि 'सू' का अर्थ 11212 है, परन्तु इसमें 'का' जुड़ने से नाम को पूर्णता मिलती है।

द:- = 2, 'द' वर्ण द्विगुणित करने के लिए 'द' या 'दा' के रूप में जुड़ता है जो अपने से ठीक पहले आये गुच्छक, वर्ण या अन्य संकेतक को द्विगुणित कर देता है। जैसे 1222*2 = यीदा। 'दा' ईयग गणक को द्विगुणित कर रहा है। 2222*2  222 = मीदम। इसमें 'द' वर्ण ईमग गणक को द्विगुणित कर रहा है।

ब:- = 3, 'ब' वर्ण भी 'द' की तरह अपने से ठीक पहले आये गुच्छक या अन्य संकेतक को त्रिगुणित करता है। यह भी 'ब' या 'बा'  के रूप में जुड़ता है। जैसे 212*3 = राबा। 'बा' रगण को त्रिगुणित कर रहा है। 2222*3  22 = मिबगी। 

च:- = 4, 'च' वर्ण  'च' या 'चा'  के रूप में जुड़ता है जो अपने से पहले आये गुच्छक को चौगुणा कर देता है। जैसे- 1222*4 का नाम होगा यीचा।

छंदाओं में प्रमुख रूप से उपरोक्त चार संख्यावाचक संकेतक का ही प्रयोग होता है। सवैया आदि की छंदाओं में चार से अधिक आवृत्ति दर्शाने के लिए प, ट, ड, ठ संकेतक का भी प्रयोग होता है जो हम सवैया की छंदाओं के आवंटित पाठ में देखेंगे।

संख्यावाचक में मात्राओं का प्रयोग:-

संख्यावाचक संकेताक्षर में क्या मात्रा जुड़ी है, इसका बहुत महत्व है। अब हम एक एक मात्रा का विशेष अर्थ और प्रयोग समझेंगे।

'अ' या 'आ' :- आवृत्ति दर्शाने के लिए जो हम ऊपर के उदाहरणों में देख चुके हैं।

'इ' या 'ई' :- इकार युक्त संकेतक बहुत ही विशेष है। इसका प्रयोग मात्रा रहित वर्ण की संख्या दर्शाने के लिए होता है। जैसे ची का अर्थ हुआ मात्रा रहित 4 वर्ण का समूह। मात्रा रहित वर्ण में संयुक्त अक्षर भी मान्य हैं। पर इ और ई में अनुस्वार का प्रयोग यह संभावना भी समाप्त कर देता है। जैसे 'ठीं' का अर्थ हुआ 8 मात्रा रहित वर्ण जिसमें संयुक्ताक्षर भी नहीं आने चाहिए। घनाक्षरी तथा कुछ विशेष छंद में ही इस संकेतक का प्रयोग  होता है।

'उ' या 'ऊ' :- उकार का प्रयोग मात्रिक छंदाओं में कल की संख्या दर्शाने के लिए होता है। इस संकेतक से विषम कल की संख्या दर्शायी जाती है। यह संकेतक बु या बू, पु या पू, डु या डू तथा वु या वू के रूप में प्रयुक्त होता है। कल पर आवंटित पाठ में इस पर विस्तार से प्रकाश डाला जाएगा। 

'ए' :- इसका प्रयोग मात्रिक छंदाओं में दीर्घ वर्ण के लिए होता है। मात्रिक छंदों में गुरु वर्ण को दीर्घ रूप में भी रखा जा सकता है तथा दो लघु के रूप में भी। पर कुछ छंदों के अंत में केवल दीर्घ वर्ण आवश्यक होते हैं। यह संकेतक 'के', 'दे' तथा 'बे' के रूप में प्रयुक्त होता है जो क्रमशः एक, दो और तीन दीर्घ वर्ण दर्शाता है।

'औ' :- औकार का प्रयोग मात्रिक छंदाओं में यति सहित ठीक अपने से पहले आये गुच्छक या अन्य संकेतक की आवृत्ति दर्शाने के लिए होता है। यह दौ, बौ, तथा चौ के रूप में प्रयुक्त होता है। जैसे डमरू घनाक्षरी की छंदा 'ठींचौ' है। इस छोटी सी छंदा में डमरू घनाक्षरी का पूर्ण विधान है।
ठीं संकेतक मात्रा रहित 8 वर्ण का समूह दर्शा रहा है। 'चौ' संकेतक इस समूह की यति सहित चार आवृत्ति दर्शा रहा है। 2 2222, 2222 = गमिदौ
यहाँ दौ संकेतक ठीक अपने से पहले आये केवल ईमग गणक (2222) की यति के साथ दो आवृत्ति दर्शा रहा है। वहीं गामिध छंदा = 2 2222, 2 2222 रूप दर्शायेगी।

'अं' :- संख्यावाचक में अनुस्वार आवृत्ति तथा यति दोनों का द्योतक है। यह दं बं के रूप में प्रयुक्त होता है। जैसे ताटंक छंद की छंदा "मीदंमीबे" है। इसका विश्लेषण करने से हमें 2222*2, 2222 SSS रूप प्राप्त होता है। मी का अर्थ ईमग गणक, दं इसकी दो आवृत्ति तथा यति दर्शा रहा है। फिर ईमग गणक यानी अठकल तथा अंत में 'बे' संकेतक तीन दीर्घ वर्ण के लिए है। यह बे संकेतक केवल मात्रिक छंदाओं में प्रयुक्त होता है इसलिए इससे छंदा का स्वरूप भी ज्ञात हो रहा है।

विशेष संकेतक:- 

ध:- = ?*2, 'ध' वर्ण बहुत ही विशेष है। यह द का महाप्राण है, जो द की तरह ही द्विगुणित करता है। परन्तु द जिस गुच्छक या वर्ण के पश्चात आता है केवल उसे द्विगुणित करता है जबकि ध अपने से पूर्व के आये समस्त संकेतक को पुनरावृत्त कर देता है। यह भूयः अर्थात पुनः के अर्थ में प्रयुक्त होता है जो अपने से पहले बनी खंड-छंदा को दोहरा देता है। यह 'ध' या 'धा' के रूप में जहाँ भी प्रयुक्त होता है, यति सहित खंड-छंदा को दोहराता है। दिये हुए उदाहरणों से इसे ठीक से समझें। 1222*2, 1222*2 का नाम है = यीदध। यह यीदा छंदा का यति के साथ द्विगुणित रूप है। 1222*4 = यीचा और इसमें अंतर है। यीदध में मध्य में यति पड़नी आवश्यक है जहाँ शब्द समाप्त होना चाहिये तथा यति सूचक विराम चिन्ह (,) का प्रयोग होना चाहिए। जबकि यीचा में यति आवश्यक नहीं है। 122*3, 122*3 = याबध, 122*4, 122*4 = याचध। एक वाचिक छंदा का नाम देखें। 12122 212, 12122 212 = जेरध। यहाँ 'ध' 'र' के पश्चात आया है परन्तु 'द' की तरह यह केवल 'र' को द्विगुणित न करके पूर्ण 'जेरा' को द्विगुणित कर रहा है। जिसका अर्थ हुआ "जेरा, जेरा"। यही ध संकेतक 'धु' या 'धू' के रूप में बिना यति के दोहराता है।

थ:- = ?*3, यह भी 'ध' संकेतक की तरह बहुत विशेष है। यह तीन के अर्थ में प्रयुक्त होता है जो अपने से पहले बनी खंड-छंदा को 'थ' तथा 'था' के रूप में यति सहित तिहरा देता है। 'थु' या 'थू' के रूप में बिना यति के त्रिगुणित करता है। इसका प्रयोग साधारणतया मात्रिक छंदाओं घनाक्षरी आदि में ही होता है।

ण :- ण वर्ण यति सूचक है जो छंदा के मध्य में 'ण' या 'णा' के रूप में प्रयुक्त होता है। इसके साथ ही जब यह ण या णा के रूप में ही छंदा के अंत में प्रयुक्त होता है तो यह छंदा का मात्रिक स्वरूप दर्शाता है। दोहा, सोरठा जैसे कई मात्रिक छंद द्विपदी छंद होते हैं। छंद का द्विपदी स्वरूप दर्शाने के लिये छंदा के अंत में ण के स्थान पर णि या णी का प्रयोग किया जाता है। जैसे दोहा की छंदा का नाम मीरणमिगुणी है। चतुष्पदी छंद के चारों पदों में समतुकांतता दर्शाने के लिए अंत में णु या णू का प्रयोग किया जाता है।

व :- यह भी ण वर्ण की तरह व या वा के रूप में छंदा के अंत में आता है तथा छंदा के वर्णिक स्वरूप को दर्शाता है। साथ ही मात्रिक छंदों में यह वु या वू के रूप में नौकल दर्शाता है। अर्ध सम वर्ण वृत्त में यह अंत में वी के रूप में जुड़ता है।
****

ख :- क वर्ण का महाप्राण 'ख' ख या खा के रूप में प्रयुक्त होता है। जो घनाक्षरी आदि छंद विशेष में एक वर्ण दर्शाता है जो लघु = 1 या गुरु = 2 कुछ भी हो सकता है।

फ :- यह फ या फा के रूप में प्रयुक्त होता है। यह कोई भी दो वर्ण दर्शाता है। इसकी चार संभावनाएं हैं। 11, 12, 21, 22

झ :-  इसी शृंखला में यह कोई भी तीन वर्ण झ या झा के रूप में प्रयुक्त हो कर दर्शाता है। 'झु' या 'झू' के रूप में इसका विशेष अर्थ है जो घनाक्षरी की छंदाओं में ही प्रयोग में आता है। झु या झू का अर्थ है कोई भी  तीन वर्ण का शब्द जिसके मध्य में लघु वर्ण हो जिसकी चार संभावनाएँ हैं -  111, 211, 112, 212।

छ :- यह छ या छा के रूप में प्रयुक्त हो कर कोई भी चार वर्ण दर्शाता है। 'छु' या 'छू' के रूप में इसका विशेष अर्थ है जो घनाक्षरी जैसी कुछ विशेष छंदाओं में ही प्रयोग में आता है। छु या छू का अर्थ है लघु या दीर्घ कोई भी चार वर्ण जो केवल समवर्ण आधारित शब्द में हों। ये चार वर्ण दो द्विवर्णी शब्द में हो सकते हैं या एक चतुष्वर्णी शब्द में। जैसे - 'बाँके नैन सकुचाय' में चार चार वर्णों के दो खंड हैं। बाँके नैन में दो द्वि वर्णी शब्द हैं तथा 'सकुचाय' चतुषवर्णी शब्द।
*************

बासुदेव अग्रवाल 'नमन' ©
तिनसुकिया

Saturday, November 12, 2022

चंद्रमणि छंद "गिल्ली डंडा"

गिल्ली डंडा खेलते।
ग्राम्य बाल सब झूमते।।
क्रीड़ा में तल्लीन हैं।
मस्ती के आधीन हैं।।

फर्क नहीं है जात का।
रंग न देखे गात का।।
ऊँच नीच की त्याग घिन।
संग खेलते भेद बिन।।

खेतों की ये धूल पर।
आस पास को भूल कर।।
खेल रहे हँस हँस सभी।
झगड़ा भी करते कभी।।

बच्चों की किल्लोल है।
हुड़दंगी माहोल है।।
भेदभाव से दूर हैं।
अपनी धुन में चूर हैं।।

खुले खेत फैले जहाँ।
बाल जमा डेरा वहाँ।।
खेलें नंगे पाँव ले।
गगन छाँव के वे तले।।

नहीं प्रदूषण आग है।
यहाँ न भागमभाग है।।
गाँवों का वातावरण।
'नमन' प्रकृति का आभरण।।
***********

चंद्रमणि छंद विधान -

चंद्रमणि छंद 13 मात्रा प्रति चरण का सम मात्रिक छंद है। यह भागवत जाति का छंद है। एक छंद में कुल 4 चरण होते हैं और छंद के दो दो या चारों चरण सम तुकांत होने चाहिए। इन 13 मात्राओं की मात्रा बाँट ठीक दोहा छंद के विषम चरण वाली है जो  8 2 1 2 = 13 मात्रा है। अठकल = 4 4 या 3 3 2।

यह छंद उल्लाला छंद का ही एक भेद है। उल्लाला छंद साधारणतया द्वि पदी छंद के रूप में रचा जाता है जिसमें ठीक दोहा छंद की ही तरह दोनों सम चरण की तुक मिलाई जाती है। जैसे -

उल्लाला छंद उदाहरण -

"जीवन अपने मार्ग को, ढूँढे हर हालात में।
जीने की ही लालसा, स्फूर्ति नई दे गात में।।"
******************



बासुदेव अग्रवाल 'नमन' ©
तिनसुकिया
30-05-22

Saturday, November 5, 2022

ग़ज़ल (दोस्तो! अब दोस्तों की बात हो)

बह्र:- 2122  2122  212

दोस्तो! अब दोस्तों की बात हो,
साथ में की मस्तियों की बात हो।

बाँट लें फिर से वो खुशियाँ आज हम,
दोस्तों की सुहबतों की बात हो।

बंदरों से नाचते जिन डाल पर,
आज उन अमराइयों की बात हो।

बाग में झूलों की पींगें फिर से लें,
रंग, खुशबू, तितलियों की बात हो।

पाठशाला, घर हो या बाहर हो फिर,
नागवार_उन बंदिशों की बात हो।

भूल जाएं ग़मज़दा नाकामियाँ,
कामयाबी के दिनों की बात हो।

अब 'नमन' यादें ही बाकी रह गयीं,
जिंदा जिनसे उन पलों की बात हो।

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
30-07-19


बासुदेव अग्रवाल नमन USA


Wednesday, November 2, 2022

32 मात्रिक छंद "रस और कविता"

 32 मात्रिक छंद 

"रस और कविता"

मोहित होता जब कोई लख, पग पग में बिखरी सुंदरता।
दाँतों तले दबाता अंगुल, देख देख जग की अद्भुतता।।
जग-ज्वाला से या विचलित हो, वैरागी सा शांति खोजता।
ध्यान भक्ति में ही खो कर या, पूर्ण निष्ठ भगवन को भजता।।

या विरहानल जब तड़पाती, धू धू कर के देह जलाती। 
पूर्ण घृणा वीभत्स भाव की, या फिर मानव हृदय लजाती।।
जग में भरी भयानकता या, रोम रोम भय से कम्पाती।।
ओतप्रोत वात्सल्य भाव से, माँ की ममता जिसे लुभाती।।

अरि की छाती वीर भाव से, छलनी करने भुजा फड़कती।
या पर पीड़ निमज्जित छाती, जिसकी करुणा भरी धड़कती।।
या शोषकता सबलों की लख, रौद्र रूप से नसें कड़कती।
या अटपटी बात या घटना, मन में हास्य फुहार छिड़कती।।

अभियन्ता ज्यों निर्माणों को, परियोजित कर के सँवारता।
बार बार परिरूप देख वह, प्रस्तुतियाँ दे कर निखारता।।
तब वह ईंटा, गारा, लोहा, जोड़ धैर्य से आगे बढ़ता।
और अंत में वास्तुकार सा, नवल भवन सज्जा से गढ़ता।।

भावों को कवि-मन वैसे ही, नया रूप दे दे संजोता।
अलंकार, छंदों, उपमा से, भाव सजा कर शब्द पिरोता।।
एक एक कड़ियों को जोड़े, गहन मनन से फिर दमकाता।
और अंत में भाव मग्न हो, प्रस्तुत कर कर के चमकाता।।

जननी जैसे नवजाता को, लख विभोर मन ही मन होती।
नये नये परिधानों में माँ, सजा उसे पुत्री में खोती।।
वही भावना कवि के मन को, नयी रचित कविता देती है।
तब नव भावों शब्दों से सज, कविता पूर्ण रूप लेती है।।

बासुदेव अग्रवाल 'नमन' ©
तिनसुकिया
22-05-2016

(अभियन्ता= इंजीनियर;   परियोजित= प्रोजेक्टींग;   परिरूप= डिजाइन;   प्रस्तुती= प्रेजेन्टेशन )


Saturday, October 29, 2022

सुगम्य गीता (तृतीय अध्याय 'प्रथम भाग')

तृतीय अध्याय (भाग -१)

श्रेयस्कर यदि कर्म से, आप मानते ज्ञान। 
फिर क्यों झोंकें घोर रण, जो है कर्म प्रधान।।१।। 

समझ न पाया ठीक से, कर्म श्रेय या बुद्धि।
निश्चित कर प्रभु कीजिए, भ्रम से मन की शुद्धि।।२।। 

अर्जुन के सुन कर वचन, बोले श्री भगवान। 
दो निष्ठा संसार में, जिन्हें पुरातन जान।।३।। 

ज्ञानयोग से सांख्य की, हुवे साधना पार्थ। 
निष्ठा जुड़ती योग की, कर्मयोग के साथ।।४।। 

प्राप्त न हो निष्कर्मता, बिना कर्म प्रारम्भ। 
कर्म-त्याग नहिं सिद्धि दे, देवे हठ अरु दम्भ।।५।। 

कर्म रहित नहिं हो सके, मनुज किसी भी काल।
कर्म हेतु करता विवश, प्रकृति जनित गुण जाल।।६।। 

इन्द्रिन्ह हठ से रोक शठ, बैठे बगुले की तरह।
भोगे मन से जो विषय, मिथ्याचारी मूढ़ वह।।७।। उल्लाला 

वश में कर संकल्प से, सभी इन्द्रियाँ धैर्य धर।
कर्मेन्द्रिय से जो करे, कर्मयोग वह श्रेष्ठ नर।।८।। उल्लाला 

शास्त्र विहित कर्त्तव्य कर, यह अकर्म से श्रेष्ठ।
जीवन का निर्वाह भी, कर्म बिना न यथेष्ठ।।९।। 

यज्ञ हेतु नहिं कर्म जो, कर्म-बन्ध दे पार्थ। 
जग के नित कल्याण हित, यज्ञ-कर्म लो हाथ।।१०।। 

यज्ञ सहित रच कर प्रजा, ब्रह्मा रचे विधान। 
यज्ञ तुम्हें करते रहें, इच्छित भोग प्रदान।।११।। 

करो यज्ञ से देवता, सब विध तुम सन्तुष्ट। 
यूँ ही वे तुमको करें, धन वैभव से पुष्ट।।१२।। 

बढ़े परस्पर यज्ञ से, मेल जोल के भाव। 
इससे उन्नत सृष्टि हो, चहुँ दिशि होय उछाव।।१३।। 

यज्ञ-पुष्ट ये देवता, बिन माँगे सब देय। 
देव-अंश राखे बिना, भोगे वो नर हेय।।१४।। 

अंश सभी का राख जो, भोगे वह अघ-मुक्त। 
देह-पुष्टि स्वारथ पगी, सदा पाप से युक्त।।१५।। 

प्राणी उपजें अन्न से, बारिस से फिर अन्न। 
वर्षा होती यज्ञ से, यज्ञ कर्म-उत्पन्न।।१६।। 

कर्म सिद्ध हों वेद से, अक्षर-उद्भव वेद। 
अतः प्रतिष्ठित यज्ञ में, शाश्वत ब्रह्म अभेद।।१७।। 

चलें सभी इस भाँति, सृष्टि चक्र प्रचलित यही।
जरा न उनको शांति, भोगों में ही जो पड़े।।१८।।सोरठा 

छोड़ राग अरु द्वेष, अपने में ही तृप्त जो। 
करना कुछ नहिं शेष, आत्म-तुष्ट नर के लिए।।१९।।सोरठा छंद

कुछ न प्रयोजन कर्म में, आत्म-तुष्ट का पार्थ। 
नहीं प्राणियों में रहे, लेश मात्र का स्वार्थ।।२०।। 

अतः त्याग आसक्ति सब, सदा करो कर्त्तव्य। 
ऐसे ही नर श्रेष्ठ का, परम धाम गन्तव्य।।२१।। 

इति सुगम्य गीता तृतीय अध्याय (भाग - 1)

रचयिता
बासुदेव अग्रवाल नमन 


Friday, October 21, 2022

गोपाल छंद "वीर सावरकर"

 गोपाल छंद / भुजंगिनी छंद


सावरकर की कथा महान।
देश करे उनका गुणगान।।
सन अट्ठारह आठ व तीन।
दामोदर के पुत्र प्रवीन।।

बड़े हुए बिन सिर पर हाथ ।
मात पिता का मिला न साथ।।
बचपन से ही प्रखर विचार।
देश भक्ति का नशा सवार।।

मातृभूमि का रख कर बोध।
बुरी रीत का किये विरोध।।
किये विदेशी का प्रतिकार।
दिये स्वदेशी को अधिकार।।

अंग्रेजों के हुये विरुद्ध।
छेड़ कलम से बौद्धिक युद्ध।।
रुष्ट हुई गोरी सरकार।
मन में इनकी अवनति धार।।

अंडमान में दिया प्रवास।
आजीवन का जेल निवास।।
कैदी ये थे वहाँ छँटैल।
जीये कोल्हू के बन बैल।।

कविता दीवारों पर राच।
जेल बिताई रो, हँस, नाच।।
सैंतिस में छोड़ी जब जेल।
जाति वाद की यहाँ नकेल।।

अंध धारणा में सब लोग।
छुआछूत का कुत्सित रोग।।
किये देश में कई सुधार।
देश जाति हित जीवन वार।।

महासभा के बने प्रधान।
हिंदू में फूंके फिर जान।।
सन छाछठ में त्याग शरीर।
'नमन' अमर सावरकर वीर।।
***********

गोपाल छंद / भुजंगिनी छंद विधान -

गोपाल छंद जो भुजंगिनी छंद के नाम से भी जाना जाता है, 15 मात्रा प्रति चरण का सम मात्रिक छंद है। यह तैथिक जाति का छंद है। एक छंद में कुल 4 चरण होते हैं और छंद के दो दो या चारों चरण सम तुकांत होने चाहिए। इन 15 मात्राओं की मात्रा बाँट:- अठकल + त्रिकल + 1S1 (जगण) है। त्रिकल में 21, 12 या 111 रख सकते हैं तथा अठकल में 4 4 या 3 3 2 रख सकते हैं। इस छंद का अंत जगण से होना अनिवार्य है। त्रिकल + 1S1 को 2 11 21 रूप में भी रख सकते हैं।



******************

बासुदेव अग्रवाल 'नमन' ©
तिनसुकिया
10-06-22

Monday, October 17, 2022

छंदा सागर (छंद के घटक "गुच्छक")

                       पाठ - 03

छंदा सागर ग्रन्थ 

(छंद के घटक "गुच्छक")

पिछले पाठ में हमने प्रथम घटक वर्ण के विषय में विस्तार से जाना। इस पाठ में हम दूसरे घटक गुच्छक के बारे में जानेंगे। जैसा कि नाम से स्पष्ट हो रहा है यह शब्द समूह का वाचक है। 

गुच्छक:- गुच्छक गणों के आधार पर तीन से छह लघु दीर्घ वर्णों का विशिष्ट समूह है। 8 गणों में वर्ण जुड़ कर गणक बनाते हैं। ये गण और गणक सम्मिलित रूप से गुच्छक कहलाते हैं। गुच्छक कहने से उसमें गण भी आ जातें हैं और गणक भी आ जाते हैं। इस प्रकार गुच्छक तीन से छह लघु दीर्घ वर्णों का विशिष्ट क्रम है जिसका संरचना के आधार पर एक नाम है तथा वर्ण संकेतक (ल, गा आदि) की तरह ही एक संकेतक है। छंदाओं के नामकरण में इसी संकेतक का प्रयोग है। इस पाठ में गणकों के नाम के रूप में कई नयी संज्ञायें एकाएक पाठकों के समक्ष आयेंगी। यदि किसी पाठक को वे कुछ उबाऊ लगें तो उनमें अधिक उलझने की आवश्यकता नहीं है। गणक की संरचना के आधार पर प्रत्येक गणक विशेष को एक संज्ञा दे दी गयी है जिनका आगे के पाठों में नगण्य सा प्रयोग है। पाठकों को केवल हर गुच्छक के संकेतक को समझना है। ये संकेतक ही समक्ष छंदाओं के नामकरण के आधार हैं।

"यमाताराजभानसलगा" सूत्र के अनुसार त्रिवर्णी 8 गण हैं। इन 8 गण में छह वर्णों के संयोजन से गणक बनते हैं। 8 गण में तीन गुर्वंत वर्ण युज्य के रूप में जुड़ कर 24 मूल गणक बनाते हैं। ये तीन वर्ण निम्न हैं - 
गुरु = 2
इलगा = 12
ईगागा = 22

गणक संकेतक:- गणक के संकेतक में गण के 8 वर्ण प्रयुक्त होते हैं जो क्रमशः य, म, त, र, ज, भ, न और स हैं। पर इन अक्षरों पर क्या मात्रा लगी हुई है, उसीसे गण और विभिन्न गणक की जानकारी मिलती है। जैसे मूल वर्णों में 'ई' कार से गुरु वर्ण तथा 'ऊ' कार से लघु वर्ण जुड़ता है वैसे ही विभिन्न मात्राओं से गणों में 3 गुर्वंत वर्ण (2, 12, 22) जुड़ते हैं।

इस पाठ में त्रीवर्णी 8 गण, गणों में तीन गुर्वंत वर्ण जुड़ उनसे बने 24 मूल गणक तथा साथ ही इन 8 गण और 24 गणों के अंत में लघु वर्ण जुड़ कर उनसे बने वृद्धि गणक की आगे तालिकाएँ दी जा रही हैं। साथ ही गण में ऊलल वर्ण 11 के संयोग की तालिका भी है।

विभिन्न मात्राओं का क्रमवार विवरण निम्न प्रकार से है।

1 - 'अ' तथा 'आ' की मात्रा से 8 गणों के संकेतक दिग्दर्शित किये जाते हैं। जिनका वर्ण विन्यास, संकेतक और गण का नाम निम्न तालिका में है।

122 = य, या = यगण
222 = म, मा = मगण
221 = त, ता = तगण
212 = र, रा = रगण
121 = ज, जा = जगण
211 = भ, भा = भगण
111 = न, ना = नगण
112 = स, सा = सगण

किसी भी छंदा के वर्ण विन्यास के आधार ये 8 गण हैं। इनका सम्यक ज्ञान किसी भी रचनाकार के लिये अत्यंत आवश्यक है। पिंगल शास्त्र के आचार्यों ने इसके लिये एक सूत्र दिया है जिसे प्रत्येक छंद साधक को स्मरण रखना चाहिए। सूत्र है - "यमाताराजभानसलगा"। जिस भी गण का वर्णिक विन्यास जानना हो उसके गणाक्षर और बाद के दो वर्ण का विन्यास देख लें। जगण का विन्यास जभान (121) से तुरंत जाना जा सकता है। सलगा तक 8 गण समाप्त हो जाते हैं। ल लघु का वाचक तथा गा गुरु का वाचक है। वर्ण के संकेत का परिचय पिछले पाठ में दे दिया गया है।

गणों से काव्य-रूप निखरे,
इन्हीं से छंद-शास्त्र पनपे,
गणों का सूत्र ये 'नमन' दे,
'यमी तीरेजु भानु सुलगे'।

यह छंद रूप में है और इस सूत्र को लिखने में इस नये छंद का अस्तित्व में आना भी अनायास हो गया। इस नये छंद को काव्य प्रेमी 'नमन' छंद से स्वीकार करें तो मेरे लिए अत्यंत हर्ष की बात होगी। 'यमी तीरेजु भानु सुलगे' अर्थात संध्या काल है और अस्ताचल जाते सूर्य की जल में झिलमिलाती रश्मियाँ यमी (यमुना) के तट से ऐसे लग रही हैं मानो सूर्य सुलग रहा हो। यह 10 वर्ण प्रति पद का छंद यगण, रगण, नगण, गुरु के विन्यास में है।

छंद रूप में दिये गये इस सूत्र को स्मरण रखना सुगम है। इससे भी प्रत्येक गण का विन्यास जाना जा सकता है।
****

2 - 'इ' तथा 'ई' की मात्रा गण में गुरु वर्ण = 2 जोड़ देती है। इस युज्य से प्राप्त 8 चतुष वर्णी गणक ईगक गणक कहलाते हैं जो निम्न हैं।

122+2 = 1222 = यि, यी = ईयग
222+2 = 2222 = मि, मी = ईमग
221+2 = 2212 = ति, ती = ईतग
212+2 = 2122 = रि, री = ईरग
121+2 = 1212 = जि, जी = ईजग
211+2 = 2112 = भि, भी = ईभग
111+2 = 1112 = नि, नी = ईनग
112+2 = 1122 = सि, सी = ईसग

(युग्म वर्ण की नामकरण की परंपरा के अनुसार ही गणक का नाम भी संरचना के अनुसार दिया गया है। 'ईगक' का अर्थ 'ई' कार से गणों में 'ग' यानी गुरु वर्ण जुड़ता है। इसी प्रकार ईयग आदि को समझें। ईयग का अर्थ यगण+गुरु = 1222 जो 'य' में 'ई' कार से दर्शाया जाता है।
****

3 - 'उ' और 'ऊ' की मात्रा गण में इलगा वर्ण  = 12 का संयोग कर देती है। इस युज्य से प्राप्त 8 पंच वर्णी गणक उलगक गणक कहलाते हैं जो निम्न हैं।

122+12 = 12212 = यु, यू = ऊयालग
222+12 = 22212 = मु, मू = ऊमालग
221+12 = 22112 = तु, तू = ऊतालग
212+12 = 21212 = रु, रू = ऊरालग
121+12 = 12112 = जु, जू = ऊजालग
211+12 = 21112 = भु, भू = ऊभालग
111+12 = 11112 = नु, नू = ऊनालग
112+12 = 11212 = सु, सू = ऊसालग
****

4 - 'ए' तथा 'ऐ' की मात्रा गण में ईगागा वर्ण = 22 का संयोग कर देती है। इस युज्य से प्राप्त 8 पंच वर्णी गणक एगागक गणक कहलाते हैं जो निम्न हैं।

122+22 = 12222 = ये = एयागग
222+22 = 22222 = मे = एमागग
221+22 = 22122 = ते = एतागग
212+22 = 21222 = रे = एरागग
121+22 = 12122 = जे = एजागग
211+22 = 21122 = भे = एभागग
111+22 = 11122 = ने = एनागग
112+22 = 11222 = से = एसागग
****

वृद्धि गणक:- मूल गणक का अंत गुरु से होता है क्योंकि ये गुर्वंत वर्ण के जुड़ने से निर्मित हैं। परंतु किसी भी गुरु वर्ण से अंत होनेवाली छंदा में अंत में लघु वर्ण की वृद्धि कर एक नयी छंदा बनायी जा सकती है। दोनों की लय में बड़ा अंतर आ जाता है। हिन्दी में ऐसे कई बहुप्रचलित छंद भी  हैं। जैसे लावणी छंद और आल्हा छंद। इस ग्रंथ में प्रायः छंदाओं की लघु वृद्धि की छंदा भी दी गयी हैं।
इस पाठ में अब तक हम 8 गण और 24 मूल गणक सीख चुके हैं।

वृद्धि गणक गण और मूल गणक में लघु वर्ण जुड़ने से बनते हैं। ऊपर हमने 8 गण और 24 मूल गणक की तालिकाओं का अवलोकन किया। लगभग सभी छंद साधक गणों से पहले से ही परिचित हैं। गणाक्षरों में अ, आ की मात्रा से गण का भान होना उनके लिए सामान्य है। इसी परंपरा को थोड़ा आगे बढाने से मूल गणकों के संकेतक का नक्शा भी पाठकों के मस्तिष्क में आसानी से अपनी पैठ जमा लेगा। स्वर क्रम में अकार के पश्चात ईकार, ऊकार और एकार है। गणाक्षर में ईकार से गण मेंं द्विमात्रिक 2 जुड़ता है, ऊकार से त्रिमात्रिक 12 जुड़ता है और एकार से चतुष् मात्रिक 22 जुड़ता है।

इन सब के वृद्धि गणक बनाने में हमें केवल इन्हीं मात्राओं पर अनुस्वार का प्रयोग कर देना है। इन सब की तालिकाएँ भी यहाँ संलग्न है तथा सब की विशिष्टता के लिए संज्ञा भी दी गयी है।

5 - 'अं' की मात्रा गण में लघु वर्ण = 1 का संयोग कर देती है। इस संयोग से प्राप्त 8 वृद्धि गणक अंलक गणक कहलाते हैं जो निम्न हैं।

1221 = यं, यल = अंयल
2221 = मं, मल = अंमल
2211 = तं, तल = अंतल
2121 = रं, रल = अंरल
1211 = जं, जल = अंजल
2111 = भं, भल = अंभल
1111 = नं, नल = अंनल
1121 = सं, सल = अंसल

(कई बार छंदाओं के उच्चारण की सुगमता के लिए अनुस्वार के स्थान पर गण संकेत में 'ल' जोड़ दिया जाता है। जैसे यं और यल एक ही है।)
*****

6 - 'ईं' की मात्रा ईगक गणक में लघु वर्ण = 1 का संयोग कर देती है। इसके अतिरिक्त यह गण में ऊगाल वर्ण = 21 का संयोग भी करती है। दोनों का अर्थ और स्वरूप एक ही है। इस संयोग से प्राप्त 8 वृद्धि गणक ईंगालक गणक कहलाते हैं जो निम्न हैं।

12221 = यीं, यिल = ईंयागल
22221 = मीं, मिल = ईंमागल
22121 = तीं, तिल = ईंतागल
21221 = रीं, रिल = ईंरागल
12121 = जीं, जिल = ईंजागल
21121 = भीं, भिल = ईंभागल
11121 = नीं, निल = ईंनागल
11221 = सीं, सिल = ईंसागल
*****

केवल लघु वर्ण ऐसा है जो गण के साथ साथ मूल गणक में भी जुड़ सकता है। ईगक गणक में लघु के जुड़ने से  इंगालक गणक बनते हैं। ईगक गणक में  गुरु वर्ण जुड़ा हुआ है। इसमें फिर लघु जुड़ने से 21 रूप बना जो कि ऊगाल वर्ण है। परंतु यह लघु वर्ण दो पंच वर्णी मूल गणक उलगक और एगागक में भी जुड़ता है। उलगक में 12 पहले ही जुड़ा हुआ है। इसमें लघु वृद्धि होने से 121 रूप बनता है जो कि जगण है। इसी प्रकार एगागक में 22 पहले ही जुड़ा हुआ है जिसमें लघु वृद्धि होने से 221 रूप बनता है जो कि तगण है। जगण और तगण दो ऐसे गण हैं जो दूसरे गण से युज्य के रूप में जुड़ कर वृद्धि गणक बना सकते हैं। युज्य के रूप में जगण ऊंलिल युज्य कहलाता है और इसका संकेतक लीं है। तगण ऐंगिल युज्य कहलाता है और इसका संकेतक गीं है। इनसे 16 वृद्धि गणक बनते हैं जो निम्न हैं।

7 - 'ऊं' की मात्रा उलगक गणक में लघु वर्ण = 1 का संयोग कर देती है। इस ऊंलिल युज्य के संयोग से प्राप्त 8 वृद्धि गणक ऊंलीलक गणक कहलाते हैं जो निम्न हैं। ये षट वर्णी गणक हैं।

122121 = यूं, युल = ऊंयालिल
222121 = मूं, मुल = ऊंमालिल
221121 = तूं, तुल = ऊंतालिल
212121 = रूं, रुल = ऊंरालिल
121121 = जूं, जुल = ऊंजालिल
211121 = भूं, भुल = ऊंभालिल
111121 = नूं, नुल = ऊंनालिल
112121 = सूं, सुल = ऊंसालिल
*****

8 - 'ऐं' की मात्रा एगागक गणक में लघु वर्ण = 1 का संयोग कर देती है। इस ऐंगिल युज्य के संयोग से प्राप्त 8 षट वर्णी वृद्धि गणक ऐंगीलक गणक कहलाते हैं जो निम्न हैं।

122221 = यैं, येल = ऐंयागिल
222221 = मैं, मेल= ऐंमागिल
221221 = तैं, तेल = ऐंतागिल
212221 = रैं, रेल = ऐंरागिल
121221 = जैं, जेल = ऐंजागिल
211221 = भैं, भेल = ऐंभागिल
111221 = नैं, नेल = ऐंनागिल
112221 = सैं, सेल = ऐंसागिल
*****

इन 8 तालिकाओं से हमें 8 गण और 24 मूल गणक के रूप में 32 गुच्छक प्राप्त हुये और इन सब के अंत में लघु वर्ण की वृद्धि करने से वृद्धि गणक के रूप में अन्य 32 गुच्छक प्राप्त हो गये।
अब गण में ऊलल वर्ण (11) का संयोग रह गया।यह लघ्वांत वर्ण विशिष्ट वर्ण है। वाचिक स्वरूप में ये दोनों लघु स्वतंत्र लघु की श्रेणी में आते हैं जो लघु रूप में एक शब्द में साथ साथ नहीं आ सकते। मात्रिक और वर्णिक स्वरूप में स्वतंत्र लघु जैसी कोई अवधारणा नहीं है। इन दोनों स्वरूप में ऊलल वर्ण के दोनों लघु सामान्य लघु के रूप में ही व्यवहृत होते हैं जो एक शब्द या दो शब्द में साथ साथ रह सकते हैं। मात्रिक स्वरूप में जैसे दीर्घ वर्ण को दो लघु के रूप में तोड़ा जा सकता है वैसे ऊलल वर्ण के दोनों लघु कभी भी दीर्घ में रूपांतरित नहीं हो सकते।

गण में ऊलल वर्ण का संयोग गणाक्षर में ओकार से प्रगट किया जाता है। इसकी तालिका निम्न है।

9 - अंत में 'ओ' की मात्रा गण में ऊलल वर्ण (11) का संयोग करती है। इस संयोग से प्राप्त 8 गणक ओलालक गणक कहलाते हैं जो निम्न हैं।

12211 = यो = ओयालल
22211 = मो = ओमालल
22111 = तो = ओतालल
21211 = रो = ओरालल
12111 = जो = ओजालल
21111 = भो = ओभालल
11111 = नो = ओनालल
11211 = सो = ओसालल
*****

इस प्रकार 8 गण, 24 मूल गणक, 32 वृद्धि गणक, 8 ओलालक गणक  मिल कर कुल 72 गुच्छक हैं जो समस्त छंदाओं के आधार हैं। जिन गुच्छक में दो से अधिक लघु एक साथ आये हैं उनमें वाचिक स्वरूप की छंदाएँ इस ग्रंथ में नहीं दी जा रही हैं, क्योंकि ऐसी छंदाओं में तीनों लघु का स्वतंत्र लघु के रूप में प्रयोग करना होगा। वाचिक में स्वतंत्र लघु की अवधारणा है जो 1 की संख्या से दर्शाया जाता है और दो से अधिक स्वतंत्र लघु साधारणतया एक साथ नहीं आते।  परन्तु मात्रिक और वर्णिक छंदाओं में स्वतंत्र लघु की अवधारणा नहीं है। इसके अतिरिक्त ऊंलीलक गणक जिनमें ली+ल (121) जुड़ा हुआ है और ऐंगीलक गणक जिनमें गी+ल (221) जुड़ा हुआ है, विशेष गणक हैं। गण में केवल वर्ण के संयोग से गणक बनते हैं। परन्तु लघु वृद्धि गण के साथ साथ मूल गणक की भी हो सकती है और इस विशेष छूट के कारण ही जगण और तगण युज्य के रूप में गण से जुड़ कर वृध्दि गणक बना सकते हैं।

बासुदेव अग्रवाल 'नमन' ©
तिनसुकिया

Thursday, October 13, 2022

करवाचौथ मुक्तक

 हरिगीतिका छंद वाचिक



त्योहार करवाचौथ का नारी का है प्यारा बड़ा,
इक चाँद दूजे चाँद को है देखने छत पे खड़ा,
लम्बी उमर इक चाँद माँगे वास्ते उस चाँद के,
जो चाँद उसकी जिंदगी के आसमाँ में है जड़ा।

हरिगीतिका छंद विधान - 

हरिगीतिका छंद चार पदों का एक सम-पद मात्रिक छंद है। प्रति पद 28 मात्राएँ होती हैं तथा यति 16 और 12 मात्राओं पर होती है। यति 14 और 14 मात्रा पर भी रखी जा सकती है।

इसकी भी लय गीतिका छंद वाली ही है तथा गीतिका छंद के प्राम्भ में गुरु वर्ण बढ़ा देने से हरिगीतिका छंद हो जाती है। गीतिका छंद के प्रारंभ में एक गुरु बढ़ा देने से इसका वर्ण विन्यास निम्न प्रकार से तय होता है।

2212  2212  2212  221S

चूँकि हरिगीतिका छंद एक मात्रिक छंद है अतः गुरु को आवश्यकतानुसार 2 लघु किया जा सकता है परंतु 5 वीं, 12 वीं, 19 वीं, 26 वीं मात्रा सदैव लघु होगी। अंत सदैव गुरु वर्ण से होता है। इसे 2 लघु नहीं किया जा सकता। चारों पद समतुकांत या 2-2 पद समतुकांत होते हैं।

इस छंद की धुन  "श्री रामचन्द्र कृपालु भज मन" वाली है।

एक उदाहरण:-
मधुमास सावन की छटा का, आज भू पर जोर है।
मनमोद हरियाली धरा पर, छा गयी चहुँ ओर है।
जब से लगा सावन सुहाना, प्राणियों में चाव है।
चातक पपीहा मोर सब में, हर्ष का ही भाव है।।
(स्वरचित)

बासुदेव अग्रवाल 'नमन' ©
तिनसुकिया

Tuesday, October 11, 2022

रचनाकार पत्रिका "विधा विशेषांक"

उड़ियाना छंद

"रचनाकार पत्रिका" के विधा विशेषांक जनवरी 2021 में प्रकाशित मेरी  रचना।



डाउन लोड लिंक:-

https://drive.google.com/file/d/1HAP29TimYShQropDhuTc_mYiV-1HxFMZ/view?usp=drivesdk


बासुदेव अग्रवाल नमन
तिनसुकिया 

Thursday, October 6, 2022

ग़ज़ल (हम जहाँ में किसी से कम तो नहीं)

बह्र:- 2122  1212  112/22

हम जहाँ में किसी से कम तो नहीं,
दब के रहने की ही कसम तो नहीं।

आँख दिखला के जीत लेंगे ये दिल,
ये कहीं आपका बहम तो नहीं।

हो भी सकता है इश्क़ जोर दिखा,
सोच भी ले ये वो सनम तो नहीं।

अम्न की बात गोलियों से करें,
आपका नेक ये कदम तो नहीं।

बात कर नफ़रतें मिटा जो सकें,
ऐसा भी आपमें है दम तो नहीं।

सोचिये, इतने बेक़रार हैं क्यों,
आपका ही दिया ये ग़म तो नहीं।

हर्फों से क्या 'नमन' रुला न सके,
इतनी कमजोर भी कलम तो नहीं।

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
07-06-19

Sunday, October 2, 2022

दोहा छंद "वयन सगाई अलंकार"

वयन सगाई अलंकार / वैण सगाई अलंकार

चारणी साहित्य मे दोहा छंद के कई विशिष्ट अलंकार हैं, उन्ही में सें एक वयन सगाई अलंकार (वैण सगाई अलंकार) है। दोहा छंद के हर चरण का प्रारंभिक व अंतिम शब्द एक ही वर्ण से प्रारंभ हो तो यह अलंकार सिद्ध होता है।

'चमके' मस्तक 'चन्द्रमा', 'सजे' कण्ठ पर 'सर्प'।
'नन्दीश्वर' तुमको 'नमन', 'दूर' करो सब 'दर्प'।।

'चंदा' तेरी 'चांदनी', 'हृदय' उठावे 'हूक'।
'सन्देशा' पिय को 'सुना', 'मत' रह वैरी 'मूक'।।


बासुदेव अग्रवाल 'नमन' ©
तिनसुकिया

Saturday, September 24, 2022

विविध मुक्तक -10

जिनको गले लगाया हमने, अक्सर गला दबाये वे।
जिनकी खुशियाँ लख हम पुलके, बारंबार रुलाये वे।
अच्छाई का सारा ठेका, हमने सर पर लाद लिया।
अपनी मक्कारी से लेकिन, बाज़ कभी ना आये वे।।

(लावणी छंद आधारित)
***   ***

इतनी क्यों बेरुखी दिखाओ तुम,
आँख से आँख तो मिलाओ तुम,
खुद की नज़रों से तो गिरा ही हूँ,,
अपनी नज़रों से मत गिराओ तुम।

(21221 212 22)
***  ***

मेरी उजड़ी ये दुनिया बसा कौन दे,
गुल महब्बत के इसमें खिला कौन दे,
तिश्नगी बढ़ रही सब समुंदर उधर,
बनके दरिया इसे अब बुझा कौन दे।

(212*4)
***  ***

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
25-07-22

Sunday, September 18, 2022

छंदा सागर (छंद के घटक "वर्ण")

पाठ - 02


"छंदा सागर" ग्रन्थ

(छंद के घटक "वर्ण")

इस छंदा-सागर ग्रन्थ की रचना हिन्दी में प्रचलित वर्णिक, मात्रिक और वाचिक स्वरूप के छंदों को एक एक छंदा के रूप में पिरो कर आपके कर कमलों में प्रस्तुत करने के लिए की गयी है। छंदा वर्ण, गुच्छक और विभिन्न संकेतकों का एक विशिष्ट क्रम होती है जिसमें किसी एक छंद के पद की पूर्ण संरचना, मात्रा क्रम  और स्वरूप छिपा रहता है। छंद मात्राओं या वर्णों के विशिष्ट क्रम पर आधारित 2 से 6 पद की काव्यात्मक संरचना होती है। इस विशिष्ट क्रम के तीन घटक हैं जिनका नाम क्रमशः वर्ण, गुच्छक और छंदा दिया गया है। अब हम एक एक कर हर घटक का विस्तृत अध्ययन करेंगे। इस पाठ में हम प्रथम घटक 'वर्ण' का अध्ययन करने जा रहे हैं।

वर्ण :- हमारे इस विधान की लघुतम मूल इकाई 'वर्ण' के नाम से जानी जाती है। दो मूल वर्ण लघु और गुरु हैं जो कि एक वर्णी हैं तथा इनके मेल से हमें चार और द्विवर्णी वर्ण प्राप्त होते हैं। इस प्रकार इस नयी अवधारणा में कुल वर्ण 6 हैं।

अब आगे हम एक एक वर्ण का स्वरूप देखने जा रहे हैं :-

(1) लघु वर्ण: मात्रा =1; संकेत = ल या ला तथा 1 की संख्या।
अ, इ, उ, ऋ और इन स्वरों से युक्त समस्त व्यंजन और शब्द के आदि में आया संयुक्त वर्ण जैसे प्र स्व त्र क्ष आदि लघु मात्रिक होते हैं। जैसे - भृगु, तुम, रस में दोनों लघु हैं, प्रकृति, कमल में तीनों लघु हैं। अनुनासिक (चन्द्र बिंदु) से युक्त व्यंजन भी लघु होता है जैसे हँसना में हँ, मुँह में मुँ आदि।

(2) गुरु वर्ण: मात्रा = 2; संकेत = ग या गा तथा 2 की संख्या।
आ, ई, ऊ, ए, ऐ, ओ, औ, अनुस्वार और विसर्ग से युक्त समस्त व्यंजन गुरु होते हैं। संयुक्त वर्ण अपने आप में गुरु नहीं होता पर यह यदि शब्द के मध्य या अंत में हो तो इसके पूर्व का लघु गुरु हो जाता है या गुरु है तो गुरु ही रहता है। जैसे अस्त में अ, कक्ष में क, रिश्ता में रि, नाश्ता में ना आदि। इसके कुछ अपवाद भी हैं। अल्प प्राण वर्ण जो पाँच वर्ग के प्रथम और तृतीय अक्षर होते हैं उनमें 'ह' का संयोग होने से उनका महाप्राण रूप ख, घ, फ आदि के रूप में अलग वर्ण हैं जो वर्ग के द्वितीय और चतुर्थ अक्षर होते हैं। किंतु न, म और ल में ह का योग होने से अलग से अक्षर नहीं है। अतः लिखा तो न्ह, म्ह, ल्ह जाता है परन्तु शब्द में उसके पहले आये लघु को गुरुत्व प्राप्त नहीं होता जैसे तुम्हारा में तु, कन्हाई में क, मल्हार में म आदि। स में ह के योग के लिए श वर्ण है। य र में ह के योग का कोई शब्द ही नहीं है। इसमें भी उच्चारण के अनुसार कहीं कहीं अपवाद हैं। यो यौ से युक्त संयुक्त वर्ण से पहले आये लघु को भी गुरुत्व प्राप्त नहीं होता। जैसे कह्यो में क को सुन्यो में सु को।

वाचिक स्वरूप की छंदाओं में जब एक ही शब्द में दो लघु साथ साथ हों जैसे कि तुम, क-लश, मन-भा-वन आदि तो उन्हें गुरु वर्ण माना जाता है। इस उदाहरण में तुम, लश, मन, वन गुरु वर्ण हैं। इन्हें हम शास्वत दीर्घ कहते हैं। इन छंदाओं में यह शास्वत दीर्घ 2 स्वतंत्र लघु से भिन्न है। जैसे रूप छटा के प और छ दो स्वतंत्र लघु हैं जबकि पछताना में पछ मिलकर गुरु वर्ण है।

इन दो मूल वर्णों के संभावित योग से हमें 4 युग्म वर्ण प्राप्त होते हैं। मैने उनको भी वर्ण के अंतर्गत ही रखा है। उनका नामकरण भी उनकी संरचना के आधार पर ही किया गया है। ये चार युग्म वर्ण निम्न हैं:-

(3) इलगा वर्ण: मात्रा = 3; संकेत - लि या ली तथा 12- लघु वर्ण में गुरु वर्ण के संयोग से यह युग्म वर्ण बनता है। जैसे दया, कलश, खिला आदि। 

दो मूल वर्णों में गुरु वर्ण का संयोग उन वर्णों में 'ई' कार जोड़ के दर्शाया जाता है। जैसे लि, ली या गि, गी। 'इलगा' नाम में 'इ' संकेतक स्वर है तथा 'लगा' लघु गुरु वर्ण का द्योतक है।

(4) ईगागा वर्ण: मात्रा = 4; संकेत - गि या गी तथा 22- दो गुरु वर्ण का संयोग ईगागा वर्ण कहलाता है। यह युग्म वर्ण है। इसके उदाहरण हलचल, बरछी, पावन, कोई आदि हैं। यह दो शास्वत दीर्घ, शास्वत दीर्घ तथा गुरु, गुरु तथा शास्वत दीर्घ, या दो गुरु इन चार रूप में से किसी भी रूप में हो सकता है। वर्णिक स्वरूप में ईगागा वर्ण दो गुरु के रूप में रहता है, जैसे स्वामी, भाला आदि। वर्णिक में गुरु वर्ण को दो लघु में नहीं तोड़ा जा सकता।

(5) ऊलल वर्ण: मात्रा = 1+1; संकेत = लु या लू तथा 11-
'ऊलल' भी युग्म वर्ण है जो दो लघु के संयोग से बनता है। वाचिक स्वरूप की छंदाओं में ये दोनों लघु स्वतंत्र लघु होते हैं जो एक शब्द में साथ साथ नहीं हो सकते। एक शब्द में 2 लघु साथ होने से वह गुरु वर्ण माना जाता है जो शास्वत दीर्घ कहलाता है। एक शब्द में 'ऊलल' वर्ण तभी हो सकता है जब ऐसे एक या दोनों लघु की मात्रा, पतन के नियमों के अंतर्गत गिराई जाए। जैसे- हमें में ह और में को दो स्वतंत्र लघु के रूप में माना जा सकता है। बात बने' में त और ब स्वतंत्र लघु हैं और दोनों मिलकर 'ऊलल' वर्ण बनाते हैं; जबकि तब के यही त और ब मिलकर गुरु वर्ण है। मात्रिक और वर्णिक छंदों में स्वतंत्र लघु की अवधारणा नहीं है और इन छंदों में ऊलल वर्ण दो सामान्य लघु के रूप में ही प्रयुक्त होता है।

दो मूल वर्णों में लघु वर्ण का संयोग उन वर्णों में 'ऊ' कार जोड़ के दर्शाया जाता है। जैसे लु, लू या गु, गू। 'ऊलल' नाम में 'ऊ' संकेतक स्वर है तथा 'लल' दो लघु वर्ण का द्योतक है।

(6) ऊगाल वर्ण: मात्रा = 3; संकेत = गु या गू तथा 21- गुरु में लघु के संयोग से यह त्रिमात्रिक युग्म वर्ण बनता है। श्याम, राम, चन्द्र, भव्य, रात आदि इसके उदाहरण हैं।

संकेत के अनुसार वर्ण सारणी:-
ल, ला= 1 (लघु)
ग, गा = 2 (गुरु)
लि, ली = 12 (इलगा)
गि, गी = 22 (ईगागा)
लु, लू = 11 (ऊलल)
गु, गू = 21 (ऊगाल)

गुरु लघु की आदि और अंत की स्थिति के अनुसार वर्णों के चार भेद हैं। हर भेद में तीन तीन वर्ण हैं।
गुर्वादि वर्ण :- 2, 21, 22
लघ्वादि वर्ण :- 1, 11, 12
गुर्वंत वर्ण :- 2, 12, 22
लघ्वंत वर्ण :- 1, 11, 21

इस प्रकार कुल छह वर्णों में लघु और गुरु दो मूल वर्ण हैं तथा इन दोनों मूल वर्ण के संभावित संयोग से हमें चार द्वि वर्णी वर्ण प्राप्त होते हैं जो युग्म वर्ण कहलाते हैं। इनमें इलगा और ऊगाल दो वर्ण त्रिमात्रिक हैं। ये दोनों ही त्रिकल के अंतर्गत आते हैं जिसकी पूर्ण जानकारी कल आधारित पाठ में दी जायेगी। बाकी ऊलल में दो स्वतंत्र लघु हैं और ईगागा में दोनों गुरु वर्ण हैं। स्वतंत्र लघु की अवधारणा केवल वाचिक स्वरूप की छंदाओं में है। मात्रिक और वर्णिक में लघु सदैव सामान्य लघु रहते हैं।

बासुदेव अग्रवाल 'नमन' ©
तिनसुकिया

Monday, September 12, 2022

श्री साम्ब शिवार्पण मस्तु

रजनी   का   क्रूर विकट   क्रंदन
प्रतिपद      प्राणों का अवमंंदन
निर्देशक    कर     बैठा    मंचन।

नयनों    से       बहती  अश्रुधार
ज्वाला      की  लपटें   आरपार
सति का शव, शिव ने लिया धार।

मन  में  कौंधे   कुत्सित  विचार
माया   विमुग्ध, बनता    कहार
भावो   का  सरित, अजस्र धार।

मै   प्रलयंकर,     मैं   महाकाल
मैं रूद्र   परम्, मैं  प्रखर ज्वाल
मेरा   स्वरूप, क्रोधित   कराल।

मैं जगविजयी, मैं    जगकारण
मुझसे   डरते , सुर, नर, रावण
मैं    ही   सृष्टा, पालक,  तारण।

संरक्षित  यदि नहीं रही  सुसति
जग    देखे अब अपनी कुगति
फल  कैसी  पाती    है  कुमति।

तांडव  आतुर  अब   जगन्नाथ
प्रेतादिक  सब अब हुए   साथ
जग होना चाहे  अब    अनाथ।

ब्रह्मादिक  सुर  सब हुए  मौन
जगरक्षण, उतरे कहो    कौन
संस्तब्ध प्रकृति यह निखिल भौन।

हरि  ने  तब   एक  उपाय  किया
अतिलघु स्वरूप निज धार लिया
निज  चक्र सहित कटुघूँट   पिया।

उस समय   यज्ञभू डोल उठी
कुपित शिवा मुख खोल उठी
गणदल के हृदय हबोल उठी।

उस  समय वहाँ प्रलयानल  था
रण  आतुर   भूतों का दल  था
अज डरा, मनस में जो मल था।

भृगु   का सर मुंडित हुआ वहाँ
माता   का   घातक, दुष्ट  कहाँ
हर  और  मुंड  थे, यहाँ    वहाँ।

ब्रह्मा  का    शिर   ले  वीरभद्र 
रोये  और  नाचे, तनिक    मद्र
अब कौन  कहे  वे  सूक्त  भद्र।

भैरव  ने    नृत्य  कराल  किया
अज   माथहीन  तत्काल किया
पदतल अपने, वह भाल किया।

हर  ओर  मचा  था   कोलाहल
मानों दाहक  सा   खुला  गरल
बस त्राहि त्राहि कहता सुरदल। 

तब    विश्वंभर  विकराल  हुए
सब गण तत्क्षण नतभाल हुए
जब रक्षक   ही जगकाल  हुए। 

सब नष्ट भ्रष्ट कर  वह अध्वर
गूँजा वह क्रोधित  कटुकस्वर
अब सत्य करो, सब कुछ नश्वर। 

सति  अंग उठा    कर विश्वभंर
बढ़ चले, प्रबल   माया के स्वर
तारक  गण छोड़ चले  अंबर। 

पदतल   का  दुर्दम   घमघमाट
कुपित  कालिका    रक्त   चाट
शोणित सरिता के खड़ी  घाट। 

तब हरि ने अद्भुत किया कृत्य
देखा हर का वह प्रलय   नृत्य 
सति देह प्रविष्टित बने   भृत्य। 

शनै     शनै    कट  रहे   अंग
मानो   कटता  वह   मोहसंग
पार्थिव तन   होता  है  अनंग। 

पावन   वसुधा   होती  जाती
शक्तीपीठ, वर      से    पाती
जग को अद्भुत अनुपम थाती।

इक्कावन  अंग   विदेह   हुए
संबंध  तनिक से  खेह    हुए
अब शिथिल देह के स्नेह हुए।

मन में स्वात्म पद का परिचय
निर्भाव निरंतर     का   संचय
मिटता  जाता  है मोह  अमय।

शिव  के मन में उठते   विचार
कहती सति ही, निज रूप धार
प्रभु   क्षमा, यह   दुख  असार।

मैं   देह  नहीं, जो  छिन   जाऊँ
प्रिय   प्राणेश्वर, मैं   गुण   गाऊँ
फल नाथ, अवज्ञा  का     पाऊँ।

हे   आत्म  मेरे, मैं    सदा   संग
तन का  ही तो बस, हुआ  भंग
सादर अर्पित. पर, मनस   अंग।

तब   जाग उठा अद्भुत   विराग
माया   निद्रा  का    हुआ  त्याग
और जागे जगती     के  सुभाग।
*******************

उचित समयक्रम जान कर, हरि सम्मुख नत माथ।
कहा रोकिए यह प्रलय, माया प्रेरित नाथ।।

मेरी सति, कह रो पड़े, महाकाल योगीश।
विनय सहित कहने लगे, आप्त वचन जगदीश।।

सभी खेल प्रारब्ध के, संचित वा क्रियमाण।
होना ही था नाथ यह, निश्चित महाप्रयाण।।

पंचभूत मय देह का, अंत सुनिश्चित तात।
तव नियुक्त इस मृत्यु को, करना पड़ता घात।।

हे अनादि, इस शोक का, अब हो उपसंहार।
क्षमादान का दीजिए, हम सब को उपहार।।

यह सुन हो आत्मस्थ शिव, करने लगे विचार।
अरे, मोह का हो गया, कैसा आज प्रहार।।

शव तो शव है सति कहाँ, क्यों और कैसा मोह।
माया मुझ पर व्यापती, ज्यों सूरज पर कोह।।

भोले तत्क्षण हँस पड़े, बाजा डमरू नाद।
जय मायापति आपकी, हुआ सुखद संवाद।।

शेष देह को कर दिया, अग्न्यापर्ण शुभकृत्य।
देख ठठाकर हँस पड़े, भैरवादि सब भृत्य।।

भस्म हो रहे देह को, देख सोचते ईश।
सत्य जगत का है यही, पक्का बिस्वा बीस।।

यही सोच मलने लगे, निज अंगों पर खेह।
जगी परमशिव चेतना, जागे, हुए विदेह।।

भावमुग्ध गतक्षोभ अब, हुए सुखद शुभ शांत।
नृत्य मधुर करने लगे, लय थी अद्भुत कांत।।
******************

खेल रहे शिवशंकर होरी (गीत)


खेल रहे शिवशंकर होरी
भस्म गुलाल मले अंगहिँ, गणदल संग बहोरी।

चेत गई सब सुप्त चितायें, अगन बढ़ी घनघोरी।
तेहि महुँ ज्वालमाल से नाचें, देखो आज अघोरी।
खेल रहे शिवशंकर होरी।

विषय, काम, अरू क्रोध, भावना की जलती है होरी
भस्म उठाय कहे बाबाजी, सब प्रपंच झूठो री।
खेल रहे शिवशँकर होरी।

भूत प्रेत सब संग हो लिये, नागमुखी है कमोरी। 
विष की धार छूटती जिससे, अद्भुत रंग जम्यो री। 
खेल रहे शिवशंकर होरी। 

विष्णु मृदंग बजावन हारे, ध्रुवपद राग उठ्यो री।
ताल देत हैं ब्रह्मा संग में, नृत्यत नाथ, अहो री।।
खेल रहे शिवशंकर होरी। 
जो गावे यह शिव की होरी, ताँसों काम डर्यो री। 
दास गोबिंदो विनय करत है, जय जय नाथ अघोरी। 
खेल रहे शिवशंकर होरी।

    
          सुप्रभात पटल
        जय गोविंद शर्मा 
             लोसल

Sunday, September 11, 2022

सार छंद "रजनी"

सार छंद / ललितपद छंद

श्यामल अम्बर में सजधज के, लो रजनी भी आयी।
जगत स्वयंवर में जयमाला, तम की ये लहरायी।।
सन्ध्या ने अभिवादन करने, सुंदर थाल सजाया।
रक्तवर्ण परिधान पहन कर, मंगल स्वर बिखराया।।

सांध्य जलद भी हाथ बांधकर, खड़ा हुआ स्वागत को।
दबा रखा है अभिवादन की, वह अपनी चाहत को।।
सुंदर सन्ध्या का पाकर शुभ, गौरवपूर्ण निमन्त्रण।
प्राची से उतरी वह भू का, करने हेतु निरीक्षण।।

तारों भरी ओढ़ के चुनरी, मधुर यामिनी उतरी।
अंधकार की सैना ले कर, तेज भानु पर उभरी।।
प्यारा चंदा सजा रखा है, भाल तिलक में अपने।
विस्तृत नभ से आयी जग को, देने सुंदर सपने।।

निद्रा रानी के आँचल से, आच्छादित जग कर ली।
दिन भर की पीड़ा थकान की, सकल जीव से हर ली।।
निस्तब्धता घोर है छायी, रजनी का अब शासन।
जग समेट के कृष्ण वस्त्र में, निशा जमायी आसन।।


बासुदेव अग्रवाल 'नमन' ©
तिनसुकिया
17-04-2016

Wednesday, September 7, 2022

सुगम्य गीता (द्वितीय अध्याय 'द्वितीय भाग')

द्वितीय अध्याय (भाग -२)

नष्ट न करे प्रयत्न ये, होय न कुछ प्रतिकूल। 
स्वल्प साधना बुद्धि की, हरे मृत्यु की शूल।।२६।। 

एक बुद्धि इस योग में, निश्चित हो कर रहती। 
अस्थिर मन में बुद्धि की, कई तरंगें बहती।।२७।। मुक्तामणि छंद

इच्छाओं में चूर जो, करके शास्त्र सहायी। 
कर्म करे ठहरा उचित, निम्न भोग फल दायी।।२८।। मुक्तामणि छंद

त्रिगुणाश्रित फल वेद दे, ऊँचा उठ तू पार्थ। 
चाह न कर अप्राप्य की, रहे प्राप्य कब साथ।।२९।। 

चित्त लगा उस नित्य में, जो जल-पूर्ण तड़ाग। 
गड्ढों से बाहर निकल, क्षुद्र कामना त्याग।।३०।। 

कर्म सदा अधिकार में, फल न तुम्हारे हाथ। 
त्यज तृष्णा फल-हेतु जो, त्यज न कर्म का साथ।।३१।। 

सफल-विफल में सम रहो, ये समता ही योग। 
योगास्थित हो कर्म कर, तृष्णा का त्यज रोग।।३२।। 

बुद्धि-योग बिन कर्म सब, निम्न कोटि के जान। 
आश्रय ढूँढो बुद्धि में, दीन फलाशा मान।।३३।। 

पाप-पुण्य के फेर से, बुद्धि-युक्त है मुक्त। 
समता से ही कर्म सब, होते कौशल युक्त।।३४।। 

बुद्धि मुक्त जब मोह के, होती झंझावात से। 
मानव मन न मलीन हो, सुनी सुनाई बात से।।३५।। उल्लाला छंद

कर्मों से फल प्राप्त जो, बुद्धि-युक्त त्यज कर उसे।
जन्म-मरण से मुक्त हो, परम धाम में जा बसे।।३६।। उल्लाला छंद

भाँति भाँति के सुन वचन, भ्रमित बुद्धि जो पार्थ।
थिर जब हो वह आत्म में, मिले योग का साथ।।३७।। 

क्या लक्षण, बोले, चले, बैठे जो थिर प्रज्ञ। 
चार प्रश्न सुन पार्थ के, बोले स्वामी यज्ञ।।३८।। 

मन की सारी कामना, त्यागे नर जिस काल। 
तुष्ट स्वयं में जो रहे, थिर-धी बिरला लाल।।३९।। 

सुख में कोउ न लालसा, दुःख न हो उद्विग्न। 
राग क्रोध भय मुक्त जो, वो नर थिर-धी मग्न।।४०।। 

स्नेह-रहित सर्वत्र जो, मिले शुभाशुभ कोय। 
प्रीत द्वेष उपजे नहीं, नर वो थिर-धी होय।।४१।। 

विषय-मुक्त कर इन्द्रियाँ, कच्छप जैसे अंग। 
हर्षित मन थिर-धी रहे, आशु-बुद्धि के संग।।४२।। 

इन्द्रिय संयम से भले, होते विषय निवृत्त, 
सूक्ष्म चाह फिर भी रहे, मिटे तत्त में चित्त।।४३।। 

बहुत बड़ी बलवान, पीड़ादायी इन्द्रियाँ। 
यत्नशील धीमान, का भी मन बल से हरे।।४४।। सोरठा छंद 

मेरे आश्रित बैठ, वश कर सारी इन्द्रियाँ। 
जिसकी मुझ में पैठ, थिर-मति जग उसको कहे।।४५।। सोरठा छंद

विषय-ध्यान आसक्ति दे, फिर ये बाढ़े कामना। 
पूर्ण कामना हो न जब, हुवे क्रोध से सामना।।४६।। उल्लाला छंद

मूढ़ चित्त हो क्रोध से, उससे स्मृति-भ्रम होय फिर।
बुद्धि-नाश भ्रम से हुवे, अंत पतन के गर्त गिर।।४७।। उल्लाला छंद

राग द्वेष से जो रहित, इन्द्रिय-जयी प्रवीन। 
विषय-भोग उपरांत भी, चिरानन्द में लीन।।४८।। 

धी-अयुक्त में भावना, का है सदा अभाव। 
शांति नहीं इससे मिले, मिटे न भव का दाव।।४९।। 

मन जिस इन्द्रिय में रमे, वही हरे फिर बुद्धि। 
उस अयुक्त की फिर कहो, किस विध मन की शुद्धि।।५०।। 

अतः महाबाहो उसे, थिर-धी नर तुम जान। 
जिसने अपनी इन्द्रियाँ, वश कर राखी ठान।।५१।। 

जो सबकी है रात, संयमी उस में जागे। 
जिसमें जागे लोग, निशा लख साधु न पागे।।५२।। रोला छंद 

सागर फिर भी शांत, समाती नदियाँ इतनी। 
निर्विकार त्यों युक्त, कामना घेरें जितनी।।५३।। रोला छंद

सभी कामना त्याग, अहम् अभिलाषा ममता।
विचरै जो स्वच्छंद, शांति अरु पाता समता।।५४।। रोला छंद 

ये ब्राह्मी स्थिति पार्थ, पाय नर हो न विमोहित। 
सफल करे वो अंत, ब्रह्म में होय समाहित।।५५।। रोला छंद 

सुगम्य गीता इति द्वितीय अध्याय (भाग -२)

बासुदेव अग्रवाल 'नमन' तिनसुकिया (दिनांक 14-4-2017 से प्रारम्भ और 17 -4-2017 को समापन)



Saturday, September 3, 2022

गंग छंद "गंग धार"

गंग छंद

गंग की धारा।
सर्व अघ हारा।।
शिव शीश सोहे।
जगत जन मोहे।।

पावनी गंगा।
करे तन चंगा।।
नदी वरदानी।
सरित-पटरानी।।

तट पे बसे हैं।
तीरथ सजे हैं।।
हरिद्वार काशी।
सब पाप नाशी।।

ऋषिकेश शोभा।
हृदय की लोभा।।
भक्त गण आते।
भाग्य सरहाते।।

तीर पर आ के।
मस्तक झुका के।।
पितरगण  सेते।
जलांजलि देते।।

मंदाकिनी माँ।
अघनाशिनी माँ।।
भव की तु तारा।
'नमन' शत बारा।।
***********

गंग छंद विधान -

गंग छंद 9 मात्रा प्रति चरण का सम मात्रिक छंद है जिसका अंत गुरु गुरु (SS) से होना आवश्यक है। यह आँक जाति का छंद है। एक छंद में कुल 4 चरण होते हैं और छंद के दो दो या चारों चरण सम तुकांत होने चाहिए। इन 9 मात्राओं का विन्यास पंचकल + दो गुरु वर्ण (SS) हैं। पंचकल की निम्न संभावनाएँ हैं :-

122
212
221
(2 को 11 में तोड़ सकते हैं, पर अंत सदैव दो गुरु (SS) से होना चाहिए।)
******************

बासुदेव अग्रवाल 'नमन' ©
तिनसुकिया
25-05-22

Friday, August 26, 2022

सुगम्य गीता (द्वितीय अध्याय 'प्रथम भाग')

 द्वितीय अध्याय (भाग -१)

मृत या मरणासन्न पर, आह नहीं पण्डित भरे।
शोक-योग्य दोनों नहीं, बात ज्ञानियों सी करे।।१।।
उल्लाला छंद

तुम मैं या ये भूप सब, वर्तमान हर काल में। 
रहने वाले ये सदा, आगे भी हर हाल में।।२।। उल्लाला छंद

तीन अवस्था देह को, जैसे होती प्राप्त। 
देही को तन त्यों मिले, मोह हृदय क्यों व्याप्त।।३।। 

आते जाते ही रहें, विषयों के संयोग। 
सहन करो सम भाव से, सुख-दुख योग-वियोग।।४।। 

सुख-दुख में जो सम रहे, होय विषय निर्लिप्त।
पार करे आवागमन, मोक्ष-अमिय से तृप्त।।५।। 

सत की सत्ता सर्वदा, असत न स्थाई होय। 
तत्त्वों के इस सार को, सके न लख हर कोय।।६।। 

अविनाशी उसको समझ, जिससे यह सब व्याप्त।
शाश्वत अव्यय नाश को, कभी न होता प्राप्त।।७।। 

परे प्रमाणों से सखा, आत्म तत्त्व को जान। 
देह असत सत आतमा, करो युद्ध मन ठान।।८।। 

मरे न ये मारे कभी, षट छूये न विकार। 
नित शाश्वत अज अरु अमर, इसको सदा विचार।।९।। 

नये वस्त्र पहने यथा, लोग पुराने छोड़। 
देही नव तन से तथा, नाता लेता जोड़।।१०।। 

कटे नहीं ये शस्त्र से, जला न सकती आग। 
शुष्क पवन से ये न हो, जल की लगे न लाग।।११।। 

शोक करो तुम त्यक्त, इस विध लख इस आत्म को। 
अविकारी अव्यक्त, चिंतन पार न पा सके।।१२।। सोरठा छंद

मन में लो यदि धार, जन्म मरण धर्मी इसे। 
फिर भी करो विचार, शोभनीय क्या शोक यह।।१३।। सोरठा छंद

जन्म बाद मरना अटल, पुनर्जन्म त्यों जान। 
मान इसे त्यज शोक को, नर-वश ये न विधान।।१४।। 

प्रकट न ये नृप आदि में, केवल अभी समक्ष।
होने वाले लुप्त ये, फिर क्यों भीगे अक्ष।।१५।। 

कहे सुने देखे इसे, ज्ञानी अचरज मान। 
सुन कर भी कुछ मोह में, इसे न पाये जान।।१६।। 

आत्म तत्त्व हर देह का, नित अवध्य है पार्थ। 
मोह त्याग निर्द्वन्द्व हो, कैसा नाता स्वार्थ।।१७।। 

क्षत्रिय का सबसे बड़ा, धर्म-युद्ध है कर्म। 
धर्म दुहाई व्यर्थ है, युद्ध तुम्हारा धर्म।।१८।। 

भाग्यवान तुम हो बड़े, स्वयं मिला जो युद्ध। 
स्वर्ग-द्वार को मोह से, करो न तुम अवरुद्ध।।१९।। 

युद्ध-विमुखता पार्थ ये, करे कीर्ति का नाश। 
क्षात्र-धर्म के त्याग से, मिले पाप की पाश।।२०।। 

अर्जित तूने कर रखा, जग में नाम महान। 
होगी जब आलोचना, नहीं रहे वो मान।।२१।। 

रण-कौशल तेरा रहा, सदा सूर्य सा दिप्त। 
उसमें ग्रहण लगा रहे, भय में हो कर लिप्त।।२२।। 

मृत्यु मिले या जय मिले, उभय लाभ के काज।
एक स्वर्ग दे दूसरा, भू मण्डल का राज।।२३।। 

हार-जीत सुख-दुःख को, एक बराबर मान। 
युद्ध करो सब त्याग कर, पाप पुण्य का भान।।२४।। 

आत्मिक विषयक सांख्य का, अबतक दीन्हा ज्ञान। 
बुद्धि-योग अब दे तुझे, कर्म-बन्ध से त्रान।।२५।। 

सुगम्य गीता इति द्वितीय अध्याय (भाग -१)

बासुदेव अग्रवाल 'नमन' तिनसुकिया (दिनांक 11-4-2017 से प्रारम्भ और 14 -4-2017 को समापन)


Monday, August 22, 2022

32 मात्रिक छंद "शारदा वंदना"

कलुष हृदय में वास बना माँ,
श्वेत पद्म सा निर्मल कर दो ।
शुभ्र ज्योत्स्ना छिटका उसमें,
अपने जैसा उज्ज्वल कर दो ।।

शुभ्र रूपिणी शुभ्र भाव से,
मेरा हृदय पटल माँ भर दो ।
वीण-वादिनी स्वर लहरी से,
मेरा कण्ठ स्वरिल माँ कर दो ।।

मन उपवन में हे माँ मेरे,
कविता पुष्प प्रस्फुटित होंवे ।
मन में मेरे नव भावों के,
अंकुर सदा अंकुरित होंवे ।।

माँ जनहित की पावन सौरभ,
मेरे काव्य कुसुम में भर दो ।
करूँ काव्य रचना से जग-हित,
'नमन' शारदे ऐसा वर दो ।।

बासुदेव अग्रवाल 'नमन' ©
तिनसुकिया
08-05-2016



Tuesday, August 16, 2022

छंदा सागर (छंद और घटक)

पाठ - 01

"छंदा सागर" ग्रन्थ

(छंद और घटक)

मात्रा या वर्ण की निश्चित संख्या, ह्रस्व स्वर और दीर्घ स्वर की विभिन्न आवृत्ति, यति, गति तथा अन्त्यानुप्रास के नियमों में आबद्ध पद्यात्मक इकाई छंद कहलाता है। ह्रस्व स्वर के उच्चारण में जितना समय लगता है दीर्घ स्वर के उच्चारण में उसका दुगुना समय लगता है। इसी उच्चारण की विभिन्नता से अनेकानेक छंद का सृजन होता है जिनकी अपनी अपनी लय होती है। छंदों में ह्रस्व स्वर की एक मात्रा गिनी जाती है जिसे लघु के नाम से जाना जाता है। इसे 1 की संख्या से भी प्रकट किया जाता है। दीर्घ स्वर की दो मात्रा होती है जिसे गुरु के नाम से जाना जाता है और 2 की संख्या से भी प्रकट किया जाता है।

उपरोक्त नियमों की विभिन्नता से अनेक लय का निर्माण होता है, जिनके आधार पर अनेकानेक छंद का निर्माण होता है। पदांत में केवल एक लघु की वृद्धि कर देने से ही छंद की लय, गति में अंतर आ जाता है और वह छंद का एक अलग भेद हो जाता है। संरचना, लक्षण और किसी छंद में काव्य सृजन के नियमों के आधार पर प्रस्तुत ग्रन्थ में छंदों को तीन वर्गों में रखा गया है।

1- वर्णिक छंद:- वर्णिक छंद उसे कहा जाता है जिसके प्रत्येक पद में वर्णों का क्रम तथा वर्णों की संख्या नियत रहती है। जब लघु गुरु का क्रम और उनकी संख्या निश्चित है तो मात्रा स्वयंमेव सुनिश्चित है। वर्णिक छंद की रचना में उस के वर्णों के क्रम का सम्यक ज्ञान और पद के मध्य की यति या यतियों का ज्ञान होना ही पर्याप्त है। वर्णिक छंदो में रचना करने के लिए ह्रस्व या दीर्घ मात्रा के अनुसार केवल शब्द चयन आवश्यक है। जैसे - मेरी "सुमति छंद" की रचना का एक उदाहरण देखें जिसका वर्ण विन्यास- 111 212 111 122 है। 

"प्रखर भाल पे हिमगिरि न्यारा।
बहत वक्ष पे सुरसरि धारा।।
पद पखारता जलनिधि खारा।
अनुपमेय भारत यह प्यारा।।"

रचना के हर चरण में ठीक 12 वर्ण हैं। वर्णिक छंदों में छंद के ह्रस्व दीर्घ के क्रम से कहीं भी च्युत नहीं हुआ जा सकता।

2- मात्रिक छंद:- मात्रिक छंद के पद में वर्णों की संख्या और वर्णों का क्रम निर्धारित नहीं रहता है परंतु मात्रा की संख्या निर्धारित रहती है। फिर भी हिन्दी में वर्णिक छंदों की अपेक्षा मात्रिक छंदों का प्रचलन अधिक है। मात्रिक छंदों की लय भी बहुत  मधुर तथा लोचदार होती है। यह लय केवल मात्राओं के बंधन से नहीं आती बल्कि उन मात्राओं को भी एक निश्चित क्रम में सजाने से प्राप्त होती है। मात्राओं के इस निश्चित क्रम का आधार है कल संयोजन। अधिकांश छंद समकल अर्थात द्विकल, चतुष्कल, षटकल, अठकल आदि पर आधारित रहते हैं परन्तु कई छंद में केवल विषम कल भी रहते हैं या समकलों के मध्य विषम कलों का भी समावेश रहता है। इस ग्रन्थ में आगे एक पूरा पाठ ही कलों पर है जिसमें कलों की पूर्ण विवेचना की गई है। कलों के अतिरिक्त कई मात्रिक छंद वर्ण-गुच्छक पर भी आधारित रहते हैं या कई छंदों के पदांत में वर्ण-गुच्छक रह सकता है। गुच्छक के पाठ में गुच्छक की संपूर्ण संरचना और विवेचना समाहित है। वर्ण गुच्छक में लघु गुरु का क्रम सुनिश्चित रहता है परंतु मात्रिक छंदों में गुरु को दो लघु में तोड़ा जा सकता है जबकि यह छूट वर्णिक छंदों में नहीं है। मेरी एक चौपाई का उदाहरण देखें जिसके प्रत्येक चरण में 16 मात्रा आवश्यक है।

"भोले की महिमा है न्यारी।
औघड़ दानी भव-भय हारी।।
शंकर काशी के तुम नाथा।
रखो शीश पर हे प्रभु हाथा।।"

उदाहरण के चरणों में वर्ण संख्या क्रमशः 9, 11, 10, 11 है। पर मात्रा हर चरण में 16 एक समान है। और लय सधी हुई है।

3- वाचिक स्वरूप:- वर्तमान में हिंदी में वाचिक स्वरूप में सृजन करने का प्रचलन तेजी से बढ़ता जा रहा है। वाचिक का स्वरूप तो वर्णिक है पर इसके सृजन में न तो वर्णों की संख्या का बंधन है और न ही मात्राओं का। इसमें उच्चारण की प्रमुखता है और इस आधार पर गुरु को दो लघु में भी तोड़ा जा सकता है और कहीं कहीं गुरु वर्ण को लघु रूप में भी लिया जा सकता है जिस पर ऐसे छंदों के आवंटित पाठ में प्रकाश डाला जायेगा। वाचिक में रचे गये मेरे एक मुक्तक का उदाहरण जिसकी मापनी (221  1222)*2 है।

"पहचान ले' नारी तू, ताकत जो' छिपी तुझ में,
कारीगरी' उसकी जो, सब ही तो' सजी तुझ में,
मंजिल न को'ई ऐसी, तू पा न सके जिसको,
भगवान दिखे उसमें, ममता जो' बसी तुझ में।"

रचना में चिन्हित कई स्थान पर दीर्घाक्षरों का लघुवत् उच्चारण है।

उपरोक्त तीन वर्ग के आधार पर छंद के एक पद में प्रयुक्त लघु गुरु के निश्चित क्रम को दिग्दर्शित करने के लिए इस ग्रन्थ में अष्ट गणों के आधार पर नवीन अवधारणा ली गयी है। इस नवीन अवधारणा के तीन घटक हैं जो क्रमशः वर्ण, गुच्छक और छंदा के नाम से परिभाषित किये गये हैं। लघु, गुरु और लघु गुरु के मेल से बने चार द्विवर्णी वर्ण ले कर कुल छह वर्ण हैं, यगण आदि आठ गण हैं, गण में इन वर्णों के संयोग से गणक बनते हैं। ये गण और गणक सम्मिलित रूप में गुच्छक कहलाते हैं। गुच्छक और वर्णों के मेल से छंदा बनती है। छंदा के अनुसार काव्य रचना करने से छंद का एक पद पूर्ण हो जाता है। द्विपदी छंद में ऐसे दो पद रचे जाते हैं और चतुष्पदी छंद में चार पद।

आगे के पाठों में एक एक घटक की पूर्ण विवेचना की जायेगी, छंदाओं में प्रयुक्त विशेष संकेतक के लिए एक अलग से पाठ है। एक पाठ कल विवेचन का है और उसके बाद विविध छंदाओं के वर्गीकृत पाठ हैं। हर छंदा का उस छंदा में प्रयुक्त गुच्छक और संकेतक के आधार पर एक नाम है जिसमें उस छंदा के पूरे विधान का समावेश है। इस पूरे विधान का इस प्रकार निर्माण किया गया है कि छंदा का नाम संक्षिप्त हो और उच्चारण में सरल हो जिससे कि उसे याद रखने में सरलता हो। जिसने भी इस विधान को समझ लिया है वह छंदा का नाम सामने आते ही छंद के पूरे पद की रचना आसानी से कर सकता है। विधान भी बहुत तर्कसंगत बनाया गया है जिससे कि उसे समझने में भी आसानी हो और स्मरण रखना भी सरल हो। मुझे पूर्ण आशा है कि हिन्दी के काव्य सृजकों को इस ग्रन्थ से बहुत सहायता मिलेगी।

बासुदेव अग्रवाल 'नमन' ©
तिनसुकिया
*************

Sunday, August 14, 2022

उज्ज्वला छंद "हल्दीघाटी"

 उज्ज्वला छंद

कुल सिसोदिया की आन को।
सांगा के कुल के मान को।।
ले जन्मे वीर प्रचंड वे।
राणा प्रताप मार्तंड वे।।

मेवाड़ी गुण की खान थे।
कुंभलगढ़ के वरदान थे।।
मुगलों के काल कराल वे।
क्षत्रिय वीरों के भाल वे।।

अकबर की आज्ञा को लिये।
जब मान सिंह हमला किये।।
हल्दीघाटी का युद्ध था।
हर क्षत्री योद्धा क्रुद्ध था।।

फिर तो राणा खूंखार थे।
झट चेतक पर असवार थे।।
रजपूती सेना साथ ले।
रण का बीड़ा वे हाथ ले।।

हल्दीघाटी में आ डटे।
अरि दल पर बिजली से फटे।।
फिर रुण्ड मुण्ड कटने लगे।
ज्यों शिव तांडव करने जगे।।

चेतक चण्डी सा हो पड़ा।
अरि सिर पर आ होता खड़ा।।
राणा झट रिपु सिर काटते।
भू कटे माथ से पाटते।।

यह घोर युद्ध चलता रहा।
यवनों का बल लुटता रहा।।
कर मस्तक उच्च अरावली।
गाये रण की विरुदावली।।

माटी का कण कण गा रहा।
यह अमर युद्ध सबसे महा।।
जो त्यजा धरा हित प्रान को।
शत 'नमन' प्रताप महान को।।
***********

उज्ज्वला छंद विधान -

उज्ज्वला छंद 15 मात्रा प्रति पद का सम मात्रिक छंद है। यह तैथिक जाति का छंद है। एक छंद में कुल 4 चरण होते हैं और छंद के दो दो या चारों चरण सम तुकांत होने चाहिए। इन 15 मात्राओं की मात्रा बाँट:- द्विकल + अठकल + S1S (रगण) है। द्विकल में 2 या 11 रख सकते हैं तथा अठकल में 4 4 या 3 3 2 रख सकते हैं।
******************

बासुदेव अग्रवाल 'नमन' ©
तिनसुकिया
09-06-22