Friday, August 26, 2022

सुगम्य गीता (द्वितीय अध्याय 'प्रथम भाग')

 द्वितीय अध्याय (भाग -१)

मृत या मरणासन्न पर, आह नहीं पण्डित भरे।
शोक-योग्य दोनों नहीं, बात ज्ञानियों सी करे।।१।।
उल्लाला छंद

तुम मैं या ये भूप सब, वर्तमान हर काल में। 
रहने वाले ये सदा, आगे भी हर हाल में।।२।। उल्लाला छंद

तीन अवस्था देह को, जैसे होती प्राप्त। 
देही को तन त्यों मिले, मोह हृदय क्यों व्याप्त।।३।। 

आते जाते ही रहें, विषयों के संयोग। 
सहन करो सम भाव से, सुख-दुख योग-वियोग।।४।। 

सुख-दुख में जो सम रहे, होय विषय निर्लिप्त।
पार करे आवागमन, मोक्ष-अमिय से तृप्त।।५।। 

सत की सत्ता सर्वदा, असत न स्थाई होय। 
तत्त्वों के इस सार को, सके न लख हर कोय।।६।। 

अविनाशी उसको समझ, जिससे यह सब व्याप्त।
शाश्वत अव्यय नाश को, कभी न होता प्राप्त।।७।। 

परे प्रमाणों से सखा, आत्म तत्त्व को जान। 
देह असत सत आतमा, करो युद्ध मन ठान।।८।। 

मरे न ये मारे कभी, षट छूये न विकार। 
नित शाश्वत अज अरु अमर, इसको सदा विचार।।९।। 

नये वस्त्र पहने यथा, लोग पुराने छोड़। 
देही नव तन से तथा, नाता लेता जोड़।।१०।। 

कटे नहीं ये शस्त्र से, जला न सकती आग। 
शुष्क पवन से ये न हो, जल की लगे न लाग।।११।। 

शोक करो तुम त्यक्त, इस विध लख इस आत्म को। 
अविकारी अव्यक्त, चिंतन पार न पा सके।।१२।। सोरठा छंद

मन में लो यदि धार, जन्म मरण धर्मी इसे। 
फिर भी करो विचार, शोभनीय क्या शोक यह।।१३।। सोरठा छंद

जन्म बाद मरना अटल, पुनर्जन्म त्यों जान। 
मान इसे त्यज शोक को, नर-वश ये न विधान।।१४।। 

प्रकट न ये नृप आदि में, केवल अभी समक्ष।
होने वाले लुप्त ये, फिर क्यों भीगे अक्ष।।१५।। 

कहे सुने देखे इसे, ज्ञानी अचरज मान। 
सुन कर भी कुछ मोह में, इसे न पाये जान।।१६।। 

आत्म तत्त्व हर देह का, नित अवध्य है पार्थ। 
मोह त्याग निर्द्वन्द्व हो, कैसा नाता स्वार्थ।।१७।। 

क्षत्रिय का सबसे बड़ा, धर्म-युद्ध है कर्म। 
धर्म दुहाई व्यर्थ है, युद्ध तुम्हारा धर्म।।१८।। 

भाग्यवान तुम हो बड़े, स्वयं मिला जो युद्ध। 
स्वर्ग-द्वार को मोह से, करो न तुम अवरुद्ध।।१९।। 

युद्ध-विमुखता पार्थ ये, करे कीर्ति का नाश। 
क्षात्र-धर्म के त्याग से, मिले पाप की पाश।।२०।। 

अर्जित तूने कर रखा, जग में नाम महान। 
होगी जब आलोचना, नहीं रहे वो मान।।२१।। 

रण-कौशल तेरा रहा, सदा सूर्य सा दिप्त। 
उसमें ग्रहण लगा रहे, भय में हो कर लिप्त।।२२।। 

मृत्यु मिले या जय मिले, उभय लाभ के काज।
एक स्वर्ग दे दूसरा, भू मण्डल का राज।।२३।। 

हार-जीत सुख-दुःख को, एक बराबर मान। 
युद्ध करो सब त्याग कर, पाप पुण्य का भान।।२४।। 

आत्मिक विषयक सांख्य का, अबतक दीन्हा ज्ञान। 
बुद्धि-योग अब दे तुझे, कर्म-बन्ध से त्रान।।२५।। 

सुगम्य गीता इति द्वितीय अध्याय (भाग -१)

बासुदेव अग्रवाल 'नमन' तिनसुकिया (दिनांक 11-4-2017 से प्रारम्भ और 14 -4-2017 को समापन)


Monday, August 22, 2022

32 मात्रिक छंद "शारदा वंदना"

कलुष हृदय में वास बना माँ,
श्वेत पद्म सा निर्मल कर दो ।
शुभ्र ज्योत्स्ना छिटका उसमें,
अपने जैसा उज्ज्वल कर दो ।।

शुभ्र रूपिणी शुभ्र भाव से,
मेरा हृदय पटल माँ भर दो ।
वीण-वादिनी स्वर लहरी से,
मेरा कण्ठ स्वरिल माँ कर दो ।।

मन उपवन में हे माँ मेरे,
कविता पुष्प प्रस्फुटित होंवे ।
मन में मेरे नव भावों के,
अंकुर सदा अंकुरित होंवे ।।

माँ जनहित की पावन सौरभ,
मेरे काव्य कुसुम में भर दो ।
करूँ काव्य रचना से जग-हित,
'नमन' शारदे ऐसा वर दो ।।

बासुदेव अग्रवाल 'नमन' ©
तिनसुकिया
08-05-2016



Tuesday, August 16, 2022

छंदा सागर (छंद और घटक)

पाठ - 01

"छंदा सागर" ग्रन्थ

(छंद और घटक)

मात्रा या वर्ण की निश्चित संख्या, ह्रस्व स्वर और दीर्घ स्वर की विभिन्न आवृत्ति, यति, गति तथा अन्त्यानुप्रास के नियमों में आबद्ध पद्यात्मक इकाई छंद कहलाता है। ह्रस्व स्वर के उच्चारण में जितना समय लगता है दीर्घ स्वर के उच्चारण में उसका दुगुना समय लगता है। इसी उच्चारण की विभिन्नता से अनेकानेक छंद का सृजन होता है जिनकी अपनी अपनी लय होती है। छंदों में ह्रस्व स्वर की एक मात्रा गिनी जाती है जिसे लघु के नाम से जाना जाता है। इसे 1 की संख्या से भी प्रकट किया जाता है। दीर्घ स्वर की दो मात्रा होती है जिसे गुरु के नाम से जाना जाता है और 2 की संख्या से भी प्रकट किया जाता है।

उपरोक्त नियमों की विभिन्नता से अनेक लय का निर्माण होता है, जिनके आधार पर अनेकानेक छंद का निर्माण होता है। पदांत में केवल एक लघु की वृद्धि कर देने से ही छंद की लय, गति में अंतर आ जाता है और वह छंद का एक अलग भेद हो जाता है। संरचना, लक्षण और किसी छंद में काव्य सृजन के नियमों के आधार पर प्रस्तुत ग्रन्थ में छंदों को तीन वर्गों में रखा गया है।

1- वर्णिक छंद:- वर्णिक छंद उसे कहा जाता है जिसके प्रत्येक पद में वर्णों का क्रम तथा वर्णों की संख्या नियत रहती है। जब लघु गुरु का क्रम और उनकी संख्या निश्चित है तो मात्रा स्वयंमेव सुनिश्चित है। वर्णिक छंद की रचना में उस के वर्णों के क्रम का सम्यक ज्ञान और पद के मध्य की यति या यतियों का ज्ञान होना ही पर्याप्त है। वर्णिक छंदो में रचना करने के लिए ह्रस्व या दीर्घ मात्रा के अनुसार केवल शब्द चयन आवश्यक है। जैसे - मेरी "सुमति छंद" की रचना का एक उदाहरण देखें जिसका वर्ण विन्यास- 111 212 111 122 है। 

"प्रखर भाल पे हिमगिरि न्यारा।
बहत वक्ष पे सुरसरि धारा।।
पद पखारता जलनिधि खारा।
अनुपमेय भारत यह प्यारा।।"

रचना के हर चरण में ठीक 12 वर्ण हैं। वर्णिक छंदों में छंद के ह्रस्व दीर्घ के क्रम से कहीं भी च्युत नहीं हुआ जा सकता।

2- मात्रिक छंद:- मात्रिक छंद के पद में वर्णों की संख्या और वर्णों का क्रम निर्धारित नहीं रहता है परंतु मात्रा की संख्या निर्धारित रहती है। फिर भी हिन्दी में वर्णिक छंदों की अपेक्षा मात्रिक छंदों का प्रचलन अधिक है। मात्रिक छंदों की लय भी बहुत  मधुर तथा लोचदार होती है। यह लय केवल मात्राओं के बंधन से नहीं आती बल्कि उन मात्राओं को भी एक निश्चित क्रम में सजाने से प्राप्त होती है। मात्राओं के इस निश्चित क्रम का आधार है कल संयोजन। अधिकांश छंद समकल अर्थात द्विकल, चतुष्कल, षटकल, अठकल आदि पर आधारित रहते हैं परन्तु कई छंद में केवल विषम कल भी रहते हैं या समकलों के मध्य विषम कलों का भी समावेश रहता है। इस ग्रन्थ में आगे एक पूरा पाठ ही कलों पर है जिसमें कलों की पूर्ण विवेचना की गई है। कलों के अतिरिक्त कई मात्रिक छंद वर्ण-गुच्छक पर भी आधारित रहते हैं या कई छंदों के पदांत में वर्ण-गुच्छक रह सकता है। गुच्छक के पाठ में गुच्छक की संपूर्ण संरचना और विवेचना समाहित है। वर्ण गुच्छक में लघु गुरु का क्रम सुनिश्चित रहता है परंतु मात्रिक छंदों में गुरु को दो लघु में तोड़ा जा सकता है जबकि यह छूट वर्णिक छंदों में नहीं है। मेरी एक चौपाई का उदाहरण देखें जिसके प्रत्येक चरण में 16 मात्रा आवश्यक है।

"भोले की महिमा है न्यारी।
औघड़ दानी भव-भय हारी।।
शंकर काशी के तुम नाथा।
रखो शीश पर हे प्रभु हाथा।।"

उदाहरण के चरणों में वर्ण संख्या क्रमशः 9, 11, 10, 11 है। पर मात्रा हर चरण में 16 एक समान है। और लय सधी हुई है।

3- वाचिक स्वरूप:- वर्तमान में हिंदी में वाचिक स्वरूप में सृजन करने का प्रचलन तेजी से बढ़ता जा रहा है। वाचिक का स्वरूप तो वर्णिक है पर इसके सृजन में न तो वर्णों की संख्या का बंधन है और न ही मात्राओं का। इसमें उच्चारण की प्रमुखता है और इस आधार पर गुरु को दो लघु में भी तोड़ा जा सकता है और कहीं कहीं गुरु वर्ण को लघु रूप में भी लिया जा सकता है जिस पर ऐसे छंदों के आवंटित पाठ में प्रकाश डाला जायेगा। वाचिक में रचे गये मेरे एक मुक्तक का उदाहरण जिसकी मापनी (221  1222)*2 है।

"पहचान ले' नारी तू, ताकत जो' छिपी तुझ में,
कारीगरी' उसकी जो, सब ही तो' सजी तुझ में,
मंजिल न को'ई ऐसी, तू पा न सके जिसको,
भगवान दिखे उसमें, ममता जो' बसी तुझ में।"

रचना में चिन्हित कई स्थान पर दीर्घाक्षरों का लघुवत् उच्चारण है।

उपरोक्त तीन वर्ग के आधार पर छंद के एक पद में प्रयुक्त लघु गुरु के निश्चित क्रम को दिग्दर्शित करने के लिए इस ग्रन्थ में अष्ट गणों के आधार पर नवीन अवधारणा ली गयी है। इस नवीन अवधारणा के तीन घटक हैं जो क्रमशः वर्ण, गुच्छक और छंदा के नाम से परिभाषित किये गये हैं। लघु, गुरु और लघु गुरु के मेल से बने चार द्विवर्णी वर्ण ले कर कुल छह वर्ण हैं, यगण आदि आठ गण हैं, गण में इन वर्णों के संयोग से गणक बनते हैं। ये गण और गणक सम्मिलित रूप में गुच्छक कहलाते हैं। गुच्छक और वर्णों के मेल से छंदा बनती है। छंदा के अनुसार काव्य रचना करने से छंद का एक पद पूर्ण हो जाता है। द्विपदी छंद में ऐसे दो पद रचे जाते हैं और चतुष्पदी छंद में चार पद।

आगे के पाठों में एक एक घटक की पूर्ण विवेचना की जायेगी, छंदाओं में प्रयुक्त विशेष संकेतक के लिए एक अलग से पाठ है। एक पाठ कल विवेचन का है और उसके बाद विविध छंदाओं के वर्गीकृत पाठ हैं। हर छंदा का उस छंदा में प्रयुक्त गुच्छक और संकेतक के आधार पर एक नाम है जिसमें उस छंदा के पूरे विधान का समावेश है। इस पूरे विधान का इस प्रकार निर्माण किया गया है कि छंदा का नाम संक्षिप्त हो और उच्चारण में सरल हो जिससे कि उसे याद रखने में सरलता हो। जिसने भी इस विधान को समझ लिया है वह छंदा का नाम सामने आते ही छंद के पूरे पद की रचना आसानी से कर सकता है। विधान भी बहुत तर्कसंगत बनाया गया है जिससे कि उसे समझने में भी आसानी हो और स्मरण रखना भी सरल हो। मुझे पूर्ण आशा है कि हिन्दी के काव्य सृजकों को इस ग्रन्थ से बहुत सहायता मिलेगी।

बासुदेव अग्रवाल 'नमन' ©
तिनसुकिया
*************

Sunday, August 14, 2022

उज्ज्वला छंद "हल्दीघाटी"

 उज्ज्वला छंद

कुल सिसोदिया की आन को।
सांगा के कुल के मान को।।
ले जन्मे वीर प्रचंड वे।
राणा प्रताप मार्तंड वे।।

मेवाड़ी गुण की खान थे।
कुंभलगढ़ के वरदान थे।।
मुगलों के काल कराल वे।
क्षत्रिय वीरों के भाल वे।।

अकबर की आज्ञा को लिये।
जब मान सिंह हमला किये।।
हल्दीघाटी का युद्ध था।
हर क्षत्री योद्धा क्रुद्ध था।।

फिर तो राणा खूंखार थे।
झट चेतक पर असवार थे।।
रजपूती सेना साथ ले।
रण का बीड़ा वे हाथ ले।।

हल्दीघाटी में आ डटे।
अरि दल पर बिजली से फटे।।
फिर रुण्ड मुण्ड कटने लगे।
ज्यों शिव तांडव करने जगे।।

चेतक चण्डी सा हो पड़ा।
अरि सिर पर आ होता खड़ा।।
राणा झट रिपु सिर काटते।
भू कटे माथ से पाटते।।

यह घोर युद्ध चलता रहा।
यवनों का बल लुटता रहा।।
कर मस्तक उच्च अरावली।
गाये रण की विरुदावली।।

माटी का कण कण गा रहा।
यह अमर युद्ध सबसे महा।।
जो त्यजा धरा हित प्रान को।
शत 'नमन' प्रताप महान को।।
***********

उज्ज्वला छंद विधान -

उज्ज्वला छंद 15 मात्रा प्रति पद का सम मात्रिक छंद है। यह तैथिक जाति का छंद है। एक छंद में कुल 4 चरण होते हैं और छंद के दो दो या चारों चरण सम तुकांत होने चाहिए। इन 15 मात्राओं की मात्रा बाँट:- द्विकल + अठकल + S1S (रगण) है। द्विकल में 2 या 11 रख सकते हैं तथा अठकल में 4 4 या 3 3 2 रख सकते हैं।
******************

बासुदेव अग्रवाल 'नमन' ©
तिनसुकिया
09-06-22

Tuesday, August 9, 2022

ग़ज़ल (नेकियों का आजकल मिलता)

 बह्र:- 2122  2122  2122  212

नेकियों का आजकल मिलता सिला कुछ भी नहीं,
ये जमाने का चलन है कर गिला कुछ भी नहीं।

दूर उनसे हैं बहुत ही जी रहे पर सोच यह,
जब तलक वे दिल में बसते फ़ासिला कुछ भी नहीं।

घूम आवारा कटें दिन और फुटपाथों पे शब,
ज़ीस्त का सुख आज तक हमको मिला कुछ भी नहीं।

आप आयें तो महक उट्ठेगा उजड़ा गुलसिताँ,
मुद्दतों से इस चमन में है खिला कुछ भी नहीं।

खाना, पीना, उठना, सोना सब ही बेतरतीब अब,
दूर वे जब से गये हैं सिलसिला कुछ भी नहीं।

चाहे कोई युग हो पुरुषों की अना के सामने,
द्रौपदी, सीता, अहिल्या, उर्मिला कुछ भी नहीं।

चंद साँसें साथ हैं बस पर 'नमन' कुछ कर दिखा,
यूँ तो लम्बी राह में ये काफ़िला कुछ भी नहीं।

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
07-01-2019

Thursday, August 4, 2022

अरिल्ल छंद "सावन"

अरिल्ल छंद / डिल्ला छंद


सावन की शोभा है अनुपम।
रिमझिम की छायी है छमछम।।
नभ में काले बादल छायें।
तृषित धरा की प्यास बुझायें।।

मोर पपीहा शोर मचायें।
वर्षा की ये आस जगायें।।
कूक रही बागों में कोयल।
रसिक हृदय में करती हलचल।।

बाग बगीचों में हरियाली।
खिली हुई तरु की हर डाली।।
झूलों का हर ओर धमाका।
घर घर में है धूम धड़ाका।।

सावन की नित नवल तरंगें।
मन में भरतीं मृदुल उमंगें ।।
छटा प्रकृति की है यह न्यारी।
'नमन' हृदय इस पर बलिहारी।।
***********

अरिल्ल छंद विधान -

अरिल्ल छंद 16 मात्रा प्रति चरण का सम मात्रिक छंद है। यह संस्कारी जाति का छंद है। एक छंद में कुल 4 चरण होते हैं और छंद के दो दो या चारों चरण सम तुकांत होने चाहिए। यह छंद भी पादाकुलक परिवार का ही एक छंद है। प्रति चरण चार चौकल के अतिरिक्त अरिल्ल छंद में चरणांत की बाध्यता है। यह चरणांत दो लघु (11) या यगण (1SS) का हो सकता है। इस प्रकार अरिल्ल छंद की मात्रा बाँट:- 4*3 211 या 4*2 3 1SS सिद्ध होती है। 3 1SS को 211 SS भी कर सकते हैं।

भानु कवि के छंद प्रभाकर में पादाकुलक छंद के प्रकरण में इससे मिलते जुलते कई छंदों की सोदाहरण व्याख्या की गयी है। यहाँ मैं अरिल्ल छंद से मिलता जुलता एक और छंद उदाहरण सहित प्रस्तुत कर रहा हूँ। ।

डिल्ला छंद विधान - डिल्ला छंद संस्कारी जाति का 16 मात्रिक छंद है। इसमें चार चौकल के अतिरिक्त चरणांत भगण (S11) से होना चाहिए।
अरिल्ल छंद में भी चरणांत में दो लघु मान्य हैं परंतु भगण की बाध्यता नहीं है। इस प्रकार डिल्ला छंद का हर चरण अरिल्ल छंद में भी मान्य रहता है परंतु अरिल्ल छंद के चरण का डिल्ला छंद का चरण होना आवश्यक नहीं। डिल्ला छंद की मात्रा बाँट:- 4*3 S11 है।

डिल्ला छंद 'सावन'


रिमझिम करता आया सावन।
रसिक जनों का मन हरषावन।।
उमड़ घुमड़ के छाये बादल।
विरहणियों को करते घायल।।

धरणी से फूटे नव अंकुर।
बोल रहें दादुर हों आतुर।।
महिना सावन का है पावन।
सबका प्यारा ये मनभावन।।
******************

बासुदेव अग्रवाल 'नमन' ©
तिनसुकिया
14-06-22