Showing posts with label इन्द्रवज्रा छंद. Show all posts
Showing posts with label इन्द्रवज्रा छंद. Show all posts

Saturday, February 2, 2019

इन्द्रवज्रा छंद/उपेन्द्रवज्रा छंद/उपजाति छंद "शिवेंद्रवज्रा स्तुति"

इन्द्रवज्रा छंद / उपेन्द्रवज्रा छंद / उपजाति छंद "शिवेंद्रवज्रा स्तुति"

परहित कर विषपान, महादेव जग के बने।
सुर नर मुनि गा गान, चरण वंदना नित करें।।

माथ नवा जयकार, मधुर स्तोत्र गा जो करें।
भरें सदा भंडार, औघड़ दानी कर कृपा।।

कैलाश वासी त्रिपुरादि नाशी।
संसार शासी तव धाम काशी।
नन्दी सवारी विष कंठ धारी।
कल्याणकारी शिव दुःख हारी।।१।।

ज्यों पूर्णमासी तव सौम्य हाँसी।
जो हैं विलासी उन से उदासी।
भार्या तुम्हारी गिरिजा दुलारी।
कल्याणकारी शिव दुःख हारी।।२।।

जो भक्त सेवे फल पुष्प देवे।
वाँ की तु देवे भव-नाव खेवे।
दिव्यावतारी भव बाध टारी।
कल्याणकारी शिव दुःख हारी।।३।।

धूनी जगावे जल को चढ़ावे।
जो भक्त ध्यावे उन को तु भावे।
आँखें अँगारी गल सर्प धारी।
कल्याणकारी शिव दुःख हारी।।४।।

माथा नवाते तुझको रिझाते।
जो धाम आते उन को सुहाते।
जो हैं दुखारी उनके सुखारी।
कल्याणकारी शिव दुःख हारी।।५।।

मैं हूँ विकारी तु विराग धारी।
मैं व्याभिचारी प्रभु काम मारी।
मैं जन्मधारी तु स्वयं प्रसारी।
कल्याणकारी शिव दुःख हारी।।६।।

द्वारे तिहारे दुखिया पुकारे।
सन्ताप सारे हर लो हमारे।
झोली उन्हारी भरते उदारी।
कल्याणकारी शिव दुःख हारी।।७।।

सृष्टी नियंता सुत एकदंता।
शोभा बखंता ऋषि साधु संता।
तु अर्ध नारी डमरू मदारी।
पिनाक धारी शिव दुःख हारी।८।।

जा की उजारी जग ने दुआरी।
वा की निखारी प्रभु ने अटारी।
कृपा तिहारी उन पे तु डारी।
पिनाक धारी शिव दुःख हारी।९।।

पुकार मोरी सुन ओ अघोरी।
हे भंगखोरी भर दो तिजोरी।
माँगे भिखारी रख आस भारी।
पिनाक धारी शिव दुःख हारी।।१०।।

भभूत अंगा तव भाल गंगा।
गणादि संगा रहते मलंगा।
श्मशान चारी सुर-काज सारी।
पिनाक धारी शिव दुःख हारी।।११।।

नवाय माथा रचुँ दिव्य गाथा। 
महेश नाथा रख शीश हाथा।
त्रिनेत्र थारी महिमा अपारी।
पिनाक धारी शिव दुःख हारी।।१२।।

करके तांडव नृत्य, प्रलय जग की शिव करते।
विपदाएँ भव-ताप, भक्त जन का भी हरते।
देवों के भी देव, सदा रीझो थोड़े में। 
करो हृदय नित वास, शैलजा सँग जोड़े में।
रच "शिवेंद्रवज्रा" रखे, शिव चरणों में 'बासु' कवि।
जो गावें उनकी रहे, नित महेश-चित में छवि।।

(छंद १ से ७ इन्द्रवज्रा छंद में, ८ से १० उपजाति छंद में और ११ व १२ उपेन्द्रवज्रा छंद में

◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆
इन्द्रवज्रा छंद विधान -

"ताता जगेगा" यदि सूत्र राचो।
तो 'इन्द्रवज्रा' शुभ छंद पाओ।

"ताता जगेगा" = तगण, तगण, जगण, गुरु, गुरु
221  221  121  22
**************
 उपेन्द्रवज्रा छंद विधान -

"जता जगेगा" यदि सूत्र राचो।
'उपेन्द्रवज्रा' तब छंद पाओ।

"जता जगेगा" = जगण, तगण, जगण, गुरु, गुरु
121  221  121  22
**************
उपजाति छंद विधान -

उपेंद्रवज्रा अरु इंद्रवज्रा।
दोनों मिले तो 'उपजाति' छंदा।

चार चरणों के छंद में कोई चरण इन्द्रवज्रा छंद का हो और कोई उपेन्द्रवज्रा छंद का तो वह 'उपजाति' छंद के अंतर्गत आता है।
**************

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
28-11-2018


Friday, December 7, 2018

इंद्रवज्रा छंद "शिव पंचश्लोकी"

इंद्रवज्रा छंद आधारित "शिव पंचश्लोकी"

चाहे पुकारे जिस हाल में जग
     शंकर महादेव हे ज्ञान राशी।
पीड़ा हरे नाथ संसार की सब
     त्रिपुरारि भोले कैलाश वासी।।

जब देव दानव सागर मथे थे
     निकला हलाहल विष घोर भारी।
व्याकुल हुए सब तुम याद आए
     दूजा न कोई सन्ताप हारी।।

धारण गले में विष के किये से
     नीला पड़ा कंठ मृणाल जिसका।
गंगा भगीरथ लाये धरा पे
     धारण जटा में किया वेग उसका।।

फुफकार मारे विषधर गले से
     माथे सजे चाँद सबका दुलारा।
तेरे लिये ही काशी का गौरव
     ऐसा हमारा है नाथ न्यारा।।

भोले हमारे सब कष्ट हर लो
     खुशियाँ हमारे जीवन में भर दो।
माथा नवा के करते 'नमन' हम
     आशा हमारी सब पूर्ण कर दो।।

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
27-07-2016

(इन्द्रवज्रा छंद वाचिक स्वरूप में है)