Showing posts with label सार छंद. Show all posts
Showing posts with label सार छंद. Show all posts

Sunday, September 11, 2022

सार छंद "रजनी"

सार छंद / ललितपद छंद

श्यामल अम्बर में सजधज के, लो रजनी भी आयी।
जगत स्वयंवर में जयमाला, तम की ये लहरायी।।
सन्ध्या ने अभिवादन करने, सुंदर थाल सजाया।
रक्तवर्ण परिधान पहन कर, मंगल स्वर बिखराया।।

सांध्य जलद भी हाथ बांधकर, खड़ा हुआ स्वागत को।
दबा रखा है अभिवादन की, वह अपनी चाहत को।।
सुंदर सन्ध्या का पाकर शुभ, गौरवपूर्ण निमन्त्रण।
प्राची से उतरी वह भू का, करने हेतु निरीक्षण।।

तारों भरी ओढ़ के चुनरी, मधुर यामिनी उतरी।
अंधकार की सैना ले कर, तेज भानु पर उभरी।।
प्यारा चंदा सजा रखा है, भाल तिलक में अपने।
विस्तृत नभ से आयी जग को, देने सुंदर सपने।।

निद्रा रानी के आँचल से, आच्छादित जग कर ली।
दिन भर की पीड़ा थकान की, सकल जीव से हर ली।।
निस्तब्धता घोर है छायी, रजनी का अब शासन।
जग समेट के कृष्ण वस्त्र में, निशा जमायी आसन।।


बासुदेव अग्रवाल 'नमन' ©
तिनसुकिया
17-04-2016

Wednesday, May 12, 2021

सार छंद "पुष्प"

सार छंद / ललितपद छंद

अहो पुष्प तुम देख रहे हो, खिलकर किसकी राहें।
भावभंगिमा में भरते हो, किसकी रह रह आहें।।
पुष्पित हो तुम पूर्ण रूप से, ऐंठे कौन घटा पर।
सम्मोहित हो रहे चाव से, जग की कौन छटा पर।।

लुभा रहे भ्रमरों को अपने, मधुर परागों से तुम।
गूँजित रहते मधुपरियों के, सुंदर गीतों से तुम।।
कौन खुशी में वैभव का यह, जीवन बिता रहे हो।
आज विश्व प्राणी को इठला, क्या तुम दिखा रहे हो।।

अपनी इस आभा पर प्यारे, क्यों इतना इतराते।
अपने थोड़े वैभव पर क्यों, फूले नहीं समाते।।
झूम रहे हो आज खुशी से, तुम जिन के ही श्रम से।
बिसरा बैठे उनको अपने, यौवन के इस भ्रम से।।

मत भूलो तुम होती है, किंचित् ये हरियाली।
चार दिनों के यौवन में ये, थोड़ी सी खुशियाली।।
आज हँसी के जीवन पर कल, क्रंदन तो छाता है।
वृक्षों में भी इस बसन्त पर, कल पतझड़ आता है।।

क्षणभंगुर इस जीवन पर तुम, मत इठलाओ प्यारे।
दल, मकरंद चार दिन में ही, हो जायेंगे न्यारे।।
जितनी खुशबू फैला सकते, जल्दी ही फैला लो।
हँसते खिलते खुशियाँ बाँटो, जीवन अमर बना लो।।

नेकी कर कुंए में डालो, और न जोड़ो नाता।
सब अपनी ज्वाला में जलते, कोई किसे न भाता।।
स्वार्थ भाव से जग यह चलता, इतराओ तुम काहे।
दूजों के श्रम-कण पर आश्रित, जग तो रहना चाहे।।


बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
13-05-16

Friday, March 12, 2021

सार छंद "टेसू और नेता"

सार छंद / ललितपद छंद

ज्यों टेसू की उलझी डालें, वैसा है ये नेता।
स्वारथ का पुतला ये केवल, अपनी नैया खेता।।
पंच वर्ष तक आँसू देता, इसका पतझड़ चलता।
जिस में सोता कुम्भकरण सा, जनता का जी जलता।।

जब चुनाव नेड़े आते हैं, तब खुल्ले में आता।
नव आश्वासन की झड़ से ये, भारी शोर मचाता।।
ज्यों बसंत में टेसू फूले, त्यों चुनाव में नेता।
पाँच साल में एक बार यह, जनता की सुधि लेता।।

क्षण क्षण रूप बदलता रहता, गिरगिट के ये जैसा।
चाल भाँप लोगों की पहले, रंग दिखाता वैसा।।
रंग दूर से ही टेसू का, लगता बड़ा सुहाना।
फिर तो उसका यूँ ही झड़ कर, व्यर्थ चला है जाना।।

एक लक्ष्य इस नेता का है, कैसे कुर्सी पाये।
साम, दाम जैसे भी हो ये, सत्ता बस हथियाये।।
चटक मटक ऊपर की ओढ़े, गन्ध हीन टेसू सा।
चार दिनों की शोभा इसकी, फिर उलझे गेसू सा।।


बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
18-03-17

Thursday, December 10, 2020

सार छंद "भारत गौरव"

सार छंद / ललितपद छंद

जय भारत जय पावनि गंगे, जय गिरिराज हिमालय;
सकल विश्व के नभ में गूँजे, तेरी पावन जय जय।
तूने अपनी ज्ञान रश्मि से, जग का तिमिर हटाया;
अपनी धर्म भेरी के स्वर से, जन मानस गूँजाया।।

उत्तर में नगराज हिमालय, तेरा मुकुट सजाए;
दक्षिण में पावन रत्नाकर , तेरे चरण धुलाए।
खेतों की हरियाली तुझको, हरित वस्त्र पहनाए;
तेरे उपवन बागों की छवि, जन जन को हर्षाए।।

गंगा यमुना कावेरी की, शोभा बड़ी निराली;
अपनी जलधारा से डाले, खेतों में हरियाली।
तेरी प्यारी दिव्य भूमि है, अनुपम वैभवशाली;
कहीं महीधर कहीं नदी है, कहीं रेत सोनाली।।

महापुरुष अगणित जन्मे थे, इस पावन वसुधा पर;
धीर वीर शरणागतवत्सल, सब थे पर दुख कातर।
दानशीलता न्यायकुशलता, उन सब की थी थाती;
उनकी कृतियों की गुण गाथा, थकै न ये भू गाती।।

तेरी पुण्य धरा पर जन्मे, राम कृष्ण अवतारी;
पा कर के उन रत्नों को थी, धन्य हुई भू सारी।।
आतताइयों का वध करके, मुक्त मही की जिनने;
ऋषि मुनियों के सब कष्टों को, दूर किया था उनने।।

तेरे ऋषि मुनियों ने जग को, अनुपम योग दिया था;
सतत साधना से उन सब ने, जग-कल्याण किया था।
बुद्ध अशोक समान धर्मपति, जन्म लिये इस भू पर;
धर्म-ध्वजा के थे वे वाहक, मानवता के सहचर।।

वीर शिवा राणा प्रताप से, तलवारों के चालक;
मिटे जन्म भू पर हँस कर वे, मातृ धरा के पालक।
भगत सिंह गांधी सुभाष सम, स्वतन्त्रता के रक्षक;
देश स्वतंत्र किये बन कर वे, अंग्रेजों के भक्षक।।

सदियों का संघर्ष फलित जो, इसे सँभालें मिल हम;
ऊँच-नीच के जात-पाँत के, दूर करें सारे तम।
तेरे यश की गाथा गाए, गंगा से कावेरी;
बारंबार नमन हे जगगुरु, पुण्य धरा को तेरी।।


बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
02-04-2016

Wednesday, August 12, 2020

सार छंद "कुत्ता और इंसान"

सार छंद / ललितपद छंद

एक गली का कुत्ता यक दिन, कोठी में घुस आया।
इधर उधर भोजन को टोहा, कई देर भरमाया।।
तभी पिंजरा में विलायती, कुत्ता दिया दिखाई।
ज्यों देखा, उसके समीप आ, हमदर्दी जतलाई।।

हाय सखा क्या हालत कर दी, आदम के बच्चों ने।
बीच सलाखों दिया कैद कर, तुझको उन लुच्चों ने।।
स्वामिभक्त बन नर की सेवा, तन मन से हमने की।
अत्याचारों की सीमा पर, सदा पार इसने की।।

जिन पशुओं ने कदम कदम पर, इसका साथ दिया है।
पर इसने बेदर्दी दिखला, उनका कत्ल किया है।।
रंग बदलने में इसकी नहिं, जग में कोई सानी।
गिरगिट को भी करे पराजित, इसकी मधुरिम बानी।।

सत्ता पाकर जब ये मद में, गज-सम हो जाता है।
जग को भी अपने समक्ष तब, ये अति लघु पाता है।।
गेह बनाना इससे सीखें, दूजों की आहों पर।
अपने से अबलों को रौंदे, नित नव चालें रच कर।।

मृदु वचनों से मन ये जीते, पर मन में विष भारी।
ढोंग दिखावा कर के ही ये, बनता धर्माचारी।।
सर्वश्रेष्ठ संपूर्ण जगत में, भगवन इसे बनाये।
स्वार्थ लोभ में घिर परन्तु ये, जग में रुदन मचाये।।

मतलब के अंधे मानव ने, छोड़े कब अपने ही।
रच प्रपंच दिखलाता रहता, बस झूठे सपने ही।।
हम कुत्तों की फिर क्या गिनती, उसके आगे भाई।
जग में इस नर-पशु से बढ़कर, आज नहीं हरजाई।।

लिंक --> सार छंद / ललितपद छंद विधान

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
21-4-16

Saturday, January 11, 2020

सार छंद "आधुनिक ढोंगी साधु"

सार छंद / ललितपद छंद

छन्न पकैया छन्न पकैया, वैरागी ये कैसे।
काम क्रोध मद लोभ बसा है, कपट 'पाक' में जैसे।
नाम बड़े हैं दर्शन छोटे, झूठा इनका चोंगा।
छापा तिलक जनेऊ रखते, पण्डित पूरे पोंगा।।

छन्न पकैया छन्न पकैया, झूठी सच्ची करते।
कागज की संस्थाओं से वे, झोली अपनी भरते।
लोग गाँठ के पूरे ढूंढे, और अकल के अंधे।
बिना उस्तरा के ही मूंडे, चंदे के सब धंधे।।

छन्न पकैया छन्न पकैया, गये साधु बन ढोंगी।
रमणी जहाँ दिखी सुंदर सी, फेंके फंदे भोगी।
आसमान में पहले टाँगे, लल्लो चप्पो करते।
रोज शान में पढ़ें कसीदे, दूम चाटते फिरते।।

छन्न पकैया छन्न पकैया, फिर वे देते दीक्षा।
हर सेवा अपनी करवाये, कहते इसको भिक्षा।
मुँह में राम बगल में छूरी, दाढ़ी में है तिनका।
सर पे जटा गले में कण्ठी, कर में माला मिनका।।

छन्न पकैया छन्न पकैया, छिपे भेड़िये अंदर।
खाल भेड़ की औढ़ रखें ये, झपटे जैसे बन्दर।
गिरगिट से ये रंग बदलते, अजगर से ये घाती।
श्वान-पूंछ से हैं ये टेढ़े, गीदड़ सी है छाती।।

छन्न पकैया छन्न पकैया, बोले वचन सुहावा।
धुला चरण चरणामृत देते, आशीर्वाद दिखावा।
शिष्य बना के फेंके पासे, गुरु बन देते मंतर।
ऐसे गुरु से बच के रहना, झूठे जिनके तंतर।।

लिंक --> सार छंद / ललितपद छंद विधान

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
22-08-2016

Thursday, October 10, 2019

सार छंद 'महर्षि वाल्मीकि'

सार छंद / ललितपद छंद

दस्यु राज रत्नाकर जग में, वालमीकि कहलाए।
उल्टा नाम राम का इनको, नारद जी जपवाए।।
मरा मरा से राम राम की, सुंदर धुन जब आयी।
वालमीकि जी ने ब्रह्मा सी, प्रभुताई तब पायी।।

घोर तपस्या में ये भूले, तन की सुध ही सारी।
दीमक इनके तन से चिपटे, त्वचा पूर्ण खा डारी।।
प्रणय समाहित क्रोंच युगल को, तीर व्याध जब मारा।
प्रथम अनुष्टुप छंद इन्होंने, करुणा में रच डारा।।

विधि तब प्रगटे, बोले इनसे, शारद मुख से फूटी।
राम-चरित की मधुर पिलाओ, अब तुम जग को बूटी।।
रामायण से महाकाव्य की, इनने सरित बहायी।
करे निमज्जन उसमें ये जग, होते राम सहायी।।

शरद पूर्णिमा के दिन इनकी, मने जयंती प्यारी।
कीर्ति पताका जग में फहरे, शरद चन्द्र सी न्यारी।।
शत शत 'नमन' आदि कवि को है, चरणों में है वन्दन।
धूम धाम से इस अवसर पर, सभी करें अभिनन्दन।।


बासुदेव अग्रवाल 'नमन' ©
तिनसुकिया
05-10-17

सार छंद / ललितपद छंद 'विधान'

सार छंद / ललितपद छंद

सार छंद जो कि ललितपद छंद के नाम से भी जाना जाता है, चार पदों का अत्यंत गेय सम-पद मात्रिक छंद है। इस में प्रति पद 28 मात्रा होती है। यति 16 और 12 मात्रा पर है। दो दो पद समतुकान्त। 

मात्रा बाँट- 16 मात्रिक चरण ठीक चौपाई वाला और 12 मात्रा वाले चरण में तीन चौकल, एक चौकल और एक अठकल या एक अठकल और एक चौकल हो सकता है। 12 मात्रिक चरण का अंत गुरु या 2 लघु से होना आवश्यक है किन्तु गेयता के हिसाब से गुरु-गुरु से हुआ चरणान्त अत्युत्तम माना जाता है लेकिन ऐसी कोई अनिवार्यता भी नहीं है।

छन्न पकैया -  छन्न पकैया रूप सार छंद का एक और प्रारूप है जो कभी लोक-समाज में अत्यंत लोकप्रिय हुआ करता था। किन्तु अन्यान्य लोकप्रिय छंदों की तरह रचनाकारों के रचनाकर्म और उनके काव्य-व्यवहार का हिस्सा बना न रह सका। इस रूप में सार छंद के प्रथम चरण में ’छन्न-पकैया छन्न-पकैया’ लिखा जाता है और आगे छंद के सारे नियम पूर्ववत निभाये जाते हैं। 

’छन्न पकैया छन्न पकैया’ एक तरह से टेक हुआ करती है जो उस छंद के कहन के प्रति श्रोता-पाठक का ध्यान आकर्षित करती हुई एक माहौल बनाती है। इस में रचनाकार बात की बात में, कई बार गहरी बातें साझा कर जाते हैं।

बासुदेव अग्रवाल 'नमन' ©
तिनसुकिया