Showing posts with label मात्रिक बहर आधारित. Show all posts
Showing posts with label मात्रिक बहर आधारित. Show all posts

Thursday, July 16, 2020

मौक्तिका (रोती मानवता)

वाचिक भार:- 2*14
(पदांत 'मानवता', समांत 'ओती')

खून बहानेवालों को पड़ जाता खून दिखाई,
जो उनके हृदयों में थोड़ी भी होती मानवता।
पोंछे होते आँसू जीवन में कभी गरीबों के,
भीतर छिपी देख पाते अपनी रोती मानवता।

मोल न जाने लाशों के व्यापारी इस जीवन का,
आतँकवादी क्या आँके मोल हमारे क्रंदन का।
हाट लगाने से लाशों की सुन हत्यारे पहले,
देख ते'रे जिंदा शव को कैसे ढोती मानवता।

निबलों दुखियों ने तेरा क्या है' बिगाड़ा उन्मादी?
बसे घरों में उनके तूने जो ये आग लगा दी।
एक बार तो सुनलेता उनकी दारुण चित्कारें,
बच जाती शायद तेरी हस्ती खोती मानवता।

किस जनून में पागल है तू ओ सनकी मतवाले?
पीछे मुड़ के देख जरा कैसे तेरे घरवाले।
जरा तोल के देख सही क्या फर्क ते'रे मेरों में,
मूल्यांकन दोनों का करते क्यों सोती मानवता।

दिशाहीन केवल तू है, तू भी था हम सब जैसा,
गलत राह में पड़ कर करता घोर कृत्य तू ऐसा।
अपने अंदर जरा झांकता तुझको भी दिख जाती,
इंसानों की खून सनी धरती धोती मानवता।

बन बैठा आतंकवाद के साये में तू दानव,
भूल गया है पूरा ही अब तू कि कभी था मानव।
'नमन' शांति के उपवन को करने से ही तो दिखती,
मानव की खुशियों के बीजों को बोती मानवता।

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
03-07-2016

Monday, February 24, 2020

मौक्तिका (बचपन जो खो गया)

2*9 (मात्रिक बहर)
(पदांत 'गया', समांत 'ओ' स्वर)

जिम्मेदारी में बढ़ी उम्र की,
बचपन वो सुहाना गुम हो गया।
चुगते चुगते अनुभव के दाने,
अल्हड़पन मेरा कहीं खो गया।।

तब कुछ चिंता थी न कमाने की,
और फिक्र ही थी न गमाने की।
अब कम साधन औ' अधिक खर्च का,
हौवा ये मन का चैन धो गया।।

अब तो कुछ भी करने से पहले,
भला बुरा विचार के दिल दहले।
आशंकाओं की लेता झपकी,
बचपन का साहस प्रखर सो गया।।

तब आशाओं का पीछा करते,
सपने पूरे करने को मरते।
पहले से ही असफलता का भय,
सुस्ती के अब तो बीज बो गया।।

तब कुछ सपने होते थे पूरे,
रह जाते हैं सब आज अधूरे।
यादों में घुटने को नहीं 'नमन',
वो लौट न सकता समय जो गया।।

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
02-07-2016

Friday, August 16, 2019

मौक्तिका (जो सत्यता ना पहचानी)

2*9 (मात्रिक बहर)
(पदांत 'ना पहचानी', समांत 'आ' स्वर)

दूजों के गुण भारत तुम गाते,
अपनों की प्रतिभा ना पहचानी।
तुम मुख अन्यों का रहे ताकते,
पर स्वावलम्बिता ना पहचानी।।

सोने की चिड़िया देश हमारा,
था जग-गुरु का पद सबसे न्यारा।
किस हीन भावना में घिर कर अब,
वो स्वर्णिम गरिमा ना पहचानी।।

जिनको तूने उपदेश दिया था,
असभ्य से जिनको सभ्य किया था।
पर आज उन्हीं से भीख माँग के,
वह खोई लज्जा ना पहचानी।।

सम्मान के' जो सच्चे अधिकारी,
है जिनकी प्रतिभा जग में न्यारी।
उन अपनों की अनदेखी कर के,
उनकी अभिलाषा ना पहचानी।।

मूल्यांकन जो प्रतिभा का करते,
बुद्धि-हीन या पैसों पे मरते।
परदेशी वे अपनों पे थोप के',
देश की अस्मिता ना पहचानी।।

गुणी सुधी जन अब देश छोड़ कर,
विदेश जा रहे मुख को मोड़ कर।
लोहा उनने सब से मनवाया,
पर यहाँ रिक्तता ना पहचानी।।

सम्बल विदेश का अब तो छोड़ो,
अपनों से यूँ ना मुख को मोड़ो।
हे भारत 'नमन' करो उसको तुम,
अब तक जो सत्यता ना पहचानी।।

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
10-07-2016

Monday, May 6, 2019

मौक्तिका (चीन की बेटी)

2*8 (मात्रिक बहर)
(पदांत 'कर डाला', समांत 'आ' स्वर)

यहाँ चीन की आ बेटी ने,
सबको मतवाला कर डाला।
बच्चा, बूढ़ा या जवान हो,
कद्रदान अपना कर डाला।।

होता लख के चहरा तेरा,
तेरे आशिक जन का' सवेरा।
जब तक शम्मा सी ना आये,
तड़पत परवाना कर डाला।।

लब से गर्म गर्म ना लगती,
आँखों से न खुमारी भगती।
करवट बदले बाट देखते,
जादू ये कैसा कर डाला।।

कड़क रहो तो लगे मस्त तू,
मिले न जब तक करे पस्त तू।
लगी गले से जब मतवाली,
तन मन जोशीला कर डाला।।

गरम रहो तो हमें लुभाती,
ठण्डी तू बिलकुल न सुहाती।
चहरे पे दे गर्म भाप को,
पागल तन मन का कर डाला।।

जो तु लिये हो पूरी लाली,
तीखी और मसालेवाली।
चुश्की चुश्की ले चखने पर,
खुशबू से पगला कर डाला।।

चाय पियें जो वे पछतातेे,
जो न पियें वे भी ग़म खाते।
'नमन' चीन की बेटी तूने,
ये देश दिवाना कर डाला।।

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
30-06-2016