Showing posts with label बहर बद्ध गीत. Show all posts
Showing posts with label बहर बद्ध गीत. Show all posts

Friday, June 7, 2019

गीत (दूर कितने तुम रहे)

बहर:- 2122 2122 2122 212

पास रहके भी हमीं से दूर कितने तुम रहे।
जान लेलो पर हमें यूँ ना सताओ बिन कहे।।

जो न आते पास तुम तो ना तड़पते रात दिन।
आग ना लगती दिलों में बेवजह या बात बिन।
ग़म भला क्योंकर के कोई बिन खता के यूँ सहे।।
पास रहके भी हमीं से दूर कितने तुम रहे।।

जिंदगी उलझी हमारी इंतज़ारों में अटक।
मंजिलें सारी खतम है राह में तेरी भटक।
प्यार की धारा में यारा हम सदा यूँ ही बहे।।
पास रहके भी हमीं से दूर कितने तुम रहे।।

जो बने उम्मीद के थे आशियाँ जुड़ जुड़ कभी।
सुनहरे सपने सजाये उन घरों में चुन सभी।
जान पाये हम कभी ना सब घरौंदे कब ढ़हे।।
पास रहके भी हमीं से दूर कितने तुम रहे।।

राख बनता जा रहा है दिल हमारा अब सनम।
जब मिलन होगा हमारा बच गये कितने जनम।
देख सकते देख लो तुम दिल सदा धू धू दहे।।
पास रहके भी हमीं से दूर कितने तुम रहे।।

एक ही बच अब गया है जिंदगी का रास्ता।
आँख ना हमसे चुराना दे रही हूँ वास्ता।
आस बाकी उन पलों की हाथ कोई जब गहे।।
पास रहके भी हमीं से दूर कितने तुम रहे।।

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
18-07-16

Saturday, May 11, 2019

गीत (करुण पूकार)

बहर:- 2122  -  2122  -  212

छुप गये हो श्याम सुंदर तुम कहाँ,
रो रही है आज मानवता यहाँ।

देश सारा खो गया है भीड़ में,
रो रहे सारे ही मानव पीड़ में।
द्रौपदी सी लाज रखलो तुम जहाँ,
छुप गये हो श्याम सुंदर तुम कहाँ।

स्वार्थ में अंधे यहाँ के लोग हैं,
भोग वश कैसे लगे ये रोग हैं।
राजनेता भी बने भक्षक यहाँ,
छुप गये हो श्याम सुंदर तुम कहाँ।

नारियों की अस्मिता अब दाव पे,
कौन मलहम अब लगाये घाव पे।
दीन दुखियों का सहारा ना रहा,
छुप गये हो श्याम सुंदर तुम कहाँ।

लूट शोषण का यहाँ पे जोर है,
आह अबलों की उठे चहुँ ओर है।
मच गया आतंक का ताण्डव यहाँ,
छुप गये हो श्याम सुंदर तुम कहाँ।

बढ़ गया है इस धरा पे पाप अब,
ले रहे अवतार मोहन फिर से कब।
अब न जाता ओर हमसे कुछ सहा,
छुप गये हो श्याम सुंदर तुम कहाँ।

रोक लो इस पाप की अब धार को,
बन खिवैया थाम लो पतवार को।
आँसुओं की बाढ़ में सब कुछ बहा,
छुप गये हो श्याम सुंदर तुम कहाँ।

(इस बहर का प्रमुख गीत- दिल के अरमाँ आँसुओं में बह गये।)

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
30-07-16