Friday, April 29, 2022

सिंहनाद छंद

 सिंहनाद छंद "विनती"


हरि विष्णु केशव मुरारी।
तुम शंख चक्र कर धारी।।
मणि वक्ष कौस्तुभ सुहाये।
कमला तुम्हें नित लुभाये।।

प्रभु ग्राह से गज उबारा।
दस शीश कंस तुम मारा।।
गुण से अतीत अविकारी।
करुणा-निधान भयहारी।।

पृथु मत्स्य कूर्म अवतारी।
तुम रामचन्द्र बनवारी।।
प्रभु कल्कि बुद्ध गुणवाना।
नरसिंह वामन महाना।।

अवतार नाथ अब धारो।
तुम भूमि-भार सब हारो।।
हम दीन हीन दुखियारे।
प्रभु कष्ट दूर कर सारे।।
================

सिंहनाद छंद विधान -

"सजसाग" वर्ण दश राखो।
तब 'सिंहनाद' मधु चाखो।।

"सजसाग" = सगण जगण सगण गुरु
(112  121 112  2) 
10 वर्ण प्रति चरण का वर्णिक छंद, 4 चरण दो दो सम तुकान्त।
********************

बासुदेव अग्रवाल 'नमन' ©
तिनसुकिया
18-02-2017

Saturday, April 23, 2022

गुर्वा (ऋतु वर्णन)

ग्रीष्म गूजरी मतवाली,
स्वेद घड़ा छलकाती,
विकल सभी को कर डाली।
***

पावस पायल पहनी,
छम छम धुन बाजे,
हरियाली मन में खिली।
***

मिला शरद का आमंत्रण,
खिले हृदय में उत्सव,
शुभ्र ज्योत्सना का नर्तन।
***

बसंत बाग में बगराया,
बौर आम पर छाया,
कोकिल मधुर गान गाये।
*** ***
गुर्वा विधान जानने के लिए यहाँ क्लिक करें --->   गुर्वा विधान लिंक

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
11-04-21

Sunday, April 17, 2022

कुण्डलिया छंद

 कुण्डलिया छंद "विधान"


कुण्डलिया छंद दोहा छंद और रोला छंद के संयोग से बना विषम छंद है। इस छंद में ६ पद होते हैं तथा प्रत्येक पद में २४ मात्राएँ होती हैं। यह छंद दो छंदों के मेल से बना है जिसके पहले दो पद दोहा छंद के तथा शेष चार पद रोला छंद से बने होते हैं।

दोहा छंद एक अर्द्ध समपद छंद है। इसका हर पद यति चिन्ह द्वारा दो चरणों में बँटा होता है और दोनों चरणों का विधान एक दूसरे से अलग रहता है इसीलिए इसकी संज्ञा अर्द्ध समपद छंद है। इस प्रकार दोहा छंद के दोनों दल में चार चरण होते हैं। इसके प्रथम एवं तृतीय चरण यानी विषम चरण १३-१३ मात्राओं के तथा द्वितीय और चतुर्थ चरण यानी सम चरण ११-११ मात्राओं के होते हैं। 

कुण्डलिया छंद में दोहे का चौथा चरण रोला छंद के प्रथम चरण में सिंहावलोकन की तरह यथावत दोहरा दिया जाता है। रोला छंद के प्रत्येक पद में २४ मात्राएँ होती हैं। चूँकि दोहे का चौथा चरण कुण्डलिया छंद में रोला के प्रथम चरण में यथावत रख दिया जाता है इसलिए इस छंद में रोला छंद के चारों पदों की सम रूपता बनाये रखने के लिए रोला के चारों विषम चरणों की यति ११वीं मात्रा पर रखनी आवश्यक है, साथ ही इस चरण का अंत भी ताल यानी गुरु लघु से होना आवश्यक है। 

वैसे तो रोला छंद की मात्रा बाँट तीन अठकल की है पर कुण्डलिया छंद में रोला की प्रथम यति ताल अंत (21) के साथ ११ मात्रा पर सुनिश्चित है जिसकी मात्रा बाँट ८-३(गुरु लघु) है। अतः बाकी बची १३ मात्राएँ केवल ३-२-८ की मात्रा बाँट में ही हो सकती हैं क्योंकि रोला छंद का दूसरा अठकल केवल ३-३-२ में ही विभक्त होगा। शायद इसी कारण से इसी मात्रा बाँट में रोला छंद आजकल रूढ हो गया है।

कुण्डलिया छंद का प्रारंभ जिस शब्द या शब्द-समूह से होता है, छंद का अंत भी उसी शब्द या शब्द-समूह से होता है। सोने में सुहागा तब है जब कुण्डलिया के प्रारंभ का और अंत का शब्द एक होते हुए भी दोनों जगह अलग अलग अर्थ रखता हो। साँप की कुण्डली की तरह रूप होने के कारण ही इसका नाम कुण्डलिया पड़ा है। मेरी एक स्वरचित कुण्डलिया:-

 *कुण्डलिया छंद* (चौपाल)

धोती कुर्ता पागड़ी, धवल धवल सब धार।
सुड़क रहे हैं चाय को, करते गहन विचार।।
करते गहन विचार, किसी की शामत आई।
बैठे सारे साथ, गाँव के बूढ़े भाई।।
झगड़े सब निपटाय, समस्या सब हल होती।
अद्भुत यह चौपाल, भेद जो सब ही धोती।।

बासुदेव अग्रवाल 'नमन' ©
तिनसुकिया

Thursday, April 14, 2022

बहाग बिहू 'मुक्तक'



कपौ कुसुम का पहने गजरा, पेंपा के स्वर गुंजायें।
नाच रही हैं झूम रही हैं, असम धरा की बालायें।
महक उठी है प्रकृति मनोहर, सतरंगी आभा बिखरी।
पर्व बहाग बिहू का आया, गीत सुहाने सब गायें।।

(लावणी छंद)

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
14.4.22

Saturday, April 9, 2022

ग़ज़ल (आज तक बस छला गया है मुझे)

बह्र:- 2122  1212  22

आज तक बस छला गया है मुझे,
दूर सच से रखा गया है मुझे।

गाम दर गाम ख्वाब झूठे दिखा,
रोज अब तक ठगा गया है मुझे।

अब इनायत सी लगती उनकी जफ़ा,
क्यों तु ग़म इतना भा गया है मुझे।

इंतज़ार उनका करते करते अब,
सब्र करना तो आ गया है मुझे।

उसने बस चार दिन पिलाई संग,
रोज का लग नशा गया है मुझे।

मेहमाँ बन कभी जो घर में बसा,
वो भिखारी बना गया है मुझे।

बेवफ़ाओं को जल्द भूल 'नमन',
सीख कोई सिखा गया है मुझे।

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
18-10-18

Wednesday, April 6, 2022

वंशस्थ छंद

 वंशस्थ छंद "शीत-वर्णन"


तुषार आच्छादित शैल खण्ड है।
समस्त शोभा रजताभ मण्ड है।
प्रचण्डता भीषण शीत से पगी।
अलाव तापें यह चाह है जगी।।

समीर भी है सित शीत से महा।
प्रसार ऐसा कि न जाय ही सहा।
प्रवाह भी है अति तीव्र वात का।
प्रकम्पमाना हर रोम गात का।।

व्यतीत ज्यों ही युग सी विभावरी।
हरी भरी दूब तुषार से भरी।।
लगे की आयी नभ को विदारके।
उषा गले मौक्तिक हार धार के।।

लगा कुहासा अब व्योम घेरने।
प्रभाव हेमंत लगा बिखेरने।।
खिली हुई धूप लगे सुहावनी।
सुरम्य आभा लगती लुभावनी।।
===============

वंशस्थ छंद विधान -

"जताजरौ" द्वादश वर्ण साजिये।
 प्रसिद्ध 'वंशस्थ' सुछंद राचिये।।

"जताजरौ" = जगण, तगण, जगण, रगण
121  221  121  212

(वंशस्थ छंद प्रत्येक चरण में 12 वर्ण की वर्णिक छंद है। दो दो या चारों चरण समतुकांत।) 
****************

बासुदेव अग्रवाल 'नमन' ©
तिनसुकिया
12-01-19

Sunday, April 3, 2022

काव्य कौमुदी "होली विशेषांक"

दोहा छंद "होली"

काव्य कुञ्ज पटल के साझा काव्य संग्रह "काव्य कौमुदी (होली विशेषांक)" के आभासी संस्करण में प्रकाशित मेरी रचना।

काव्य कौमुदी डाउनलोड लिंक:-


दोहे "होली"

होली के सब पे चढ़े, मधुर सुहाने रंग।
पिचकारी चलती कहीं, बाजे कहीं मृदंग।।

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
03.04.22