Showing posts with label 32 मात्रिक छंद. Show all posts
Showing posts with label 32 मात्रिक छंद. Show all posts

Monday, February 20, 2023

32 मात्रिक छंद "वन्दना"

32 मात्रिक छंद 

"वन्दना"

इतनी ईश दया दिखला कर, सुप्रभात जीवन का ला दो।
अंधकारमय जीवन रातें, दूर गगन में प्रभु भटका दो।।
पथ अनेक मेंरे कष्टों के , जिनमें यह मन भटका रहता।
ज्ञान ज्योति के मैं अभाव में, तमस भरी रातों को सहता।।

मेरे प्रज्ञा-पथ में भारी, ये कुबुद्धि पाषाण पड़े हैं।
विकसित ज्ञान-सरित में सारे, अचल खड़े नगराज अड़े हैं।।
मेरे जीवन की सुख नींदें, मोह-नींद में बदल गयी हैं।
जीवन की वे सुखकर रातें, अंधकार में पिघल गयी हैं।।

मेरी वाणी वीणा का अब, बिखर गया हर तार तार है।
वीणा बिन इस गुंजित मन का, अवगूंठित हर भाव-सार है।।
स्वच्छ हृदय के भावों पर है, पसर गया कालिम सा अंबर।
सम्यक ज्ञान-उजास ढके ज्यों, खोटी नीयत हर आडंबर।।

परमेश्वर तेरे मन में तो, दया उदधि रहता लहराता।
अति विशाल इस हृदय-शिखर पर, करुणा का ध्वज है फहराता।।
मेरे हर कर्मों को प्रभु जी, समझो अपनी ही क्रीड़ाएँ।
मन के मेरे दुख कष्टों को, समझो अपनी ही पीड़ाएँ।।

इन नेत्रों के अश्रु बिंदु ही, अर्ध्य तिहारा पूजित पावन।
दुःख भरी ये लम्बी आहें, विमल स्तोत्र हैं मन के भावन।।
नींद रात्रि में जब लेता हूँ, चिर समाधि प्रभु वो है तेरी।
आधि व्याधि के कष्ट सहूँ तो, वो साकार साधना मेरी।।

टूटी फूटी जो वाणी है, मानस भाव व्यक्त करने को।
स्तुति प्रभु मेरी वही समझना, तेरा परम हृदय हरने को।।
इस जीवन की सभी क्रियाएँ, मैं विलीन सब कर दूँ तुझमें।
सकल क्रियाएँ मेरी तेरी, मुझमें तू है, मैं हूँ तुझमें।।

बासुदेव अग्रवाल 'नमन' ©
तिनसुकिया
17-04-2016

Wednesday, November 2, 2022

32 मात्रिक छंद "रस और कविता"

 32 मात्रिक छंद 

"रस और कविता"

मोहित होता जब कोई लख, पग पग में बिखरी सुंदरता।
दाँतों तले दबाता अंगुल, देख देख जग की अद्भुतता।।
जग-ज्वाला से या विचलित हो, वैरागी सा शांति खोजता।
ध्यान भक्ति में ही खो कर या, पूर्ण निष्ठ भगवन को भजता।।

या विरहानल जब तड़पाती, धू धू कर के देह जलाती। 
पूर्ण घृणा वीभत्स भाव की, या फिर मानव हृदय लजाती।।
जग में भरी भयानकता या, रोम रोम भय से कम्पाती।।
ओतप्रोत वात्सल्य भाव से, माँ की ममता जिसे लुभाती।।

अरि की छाती वीर भाव से, छलनी करने भुजा फड़कती।
या पर पीड़ निमज्जित छाती, जिसकी करुणा भरी धड़कती।।
या शोषकता सबलों की लख, रौद्र रूप से नसें कड़कती।
या अटपटी बात या घटना, मन में हास्य फुहार छिड़कती।।

अभियन्ता ज्यों निर्माणों को, परियोजित कर के सँवारता।
बार बार परिरूप देख वह, प्रस्तुतियाँ दे कर निखारता।।
तब वह ईंटा, गारा, लोहा, जोड़ धैर्य से आगे बढ़ता।
और अंत में वास्तुकार सा, नवल भवन सज्जा से गढ़ता।।

भावों को कवि-मन वैसे ही, नया रूप दे दे संजोता।
अलंकार, छंदों, उपमा से, भाव सजा कर शब्द पिरोता।।
एक एक कड़ियों को जोड़े, गहन मनन से फिर दमकाता।
और अंत में भाव मग्न हो, प्रस्तुत कर कर के चमकाता।।

जननी जैसे नवजाता को, लख विभोर मन ही मन होती।
नये नये परिधानों में माँ, सजा उसे पुत्री में खोती।।
वही भावना कवि के मन को, नयी रचित कविता देती है।
तब नव भावों शब्दों से सज, कविता पूर्ण रूप लेती है।।

बासुदेव अग्रवाल 'नमन' ©
तिनसुकिया
22-05-2016

(अभियन्ता= इंजीनियर;   परियोजित= प्रोजेक्टींग;   परिरूप= डिजाइन;   प्रस्तुती= प्रेजेन्टेशन )


Monday, August 22, 2022

32 मात्रिक छंद "शारदा वंदना"

कलुष हृदय में वास बना माँ,
श्वेत पद्म सा निर्मल कर दो ।
शुभ्र ज्योत्स्ना छिटका उसमें,
अपने जैसा उज्ज्वल कर दो ।।

शुभ्र रूपिणी शुभ्र भाव से,
मेरा हृदय पटल माँ भर दो ।
वीण-वादिनी स्वर लहरी से,
मेरा कण्ठ स्वरिल माँ कर दो ।।

मन उपवन में हे माँ मेरे,
कविता पुष्प प्रस्फुटित होंवे ।
मन में मेरे नव भावों के,
अंकुर सदा अंकुरित होंवे ।।

माँ जनहित की पावन सौरभ,
मेरे काव्य कुसुम में भर दो ।
करूँ काव्य रचना से जग-हित,
'नमन' शारदे ऐसा वर दो ।।

बासुदेव अग्रवाल 'नमन' ©
तिनसुकिया
08-05-2016



Monday, August 9, 2021

32 मात्रिक छंद "आँसू"

 32 मात्रिक छंद

"आँसू"

अंतस के गहरे घावों को, कर जो याद निरंतर रोती।
उसी हृदय की माला से ये, टूट टूट कर बिखरे मोती।।
मानस-सागर की लहरों से, फेन समान अश्रु ये बहते।
छिपी हुई अंतर की पीड़ा, जग समक्ष ये आँसू कहते।।

दुखियारी उस माँ के आँसू, निराकार जिसका भीषण दुख।
ले कर के साकार रूप ये, प्रकट हुये हैं जग के सम्मुख।।
भाग्यवती गृहणी वह सुंदर, बसी हुई थी जिसकी दुनिया।
प्राप्य उसे सब जग के वैभव, खिली हुई थी जीवन बगिया।।

एक सहारा सम्पन्ना का, सभी भाँति अनुरूप उसी के।
जीवन में उनके हरियाली, बीत रहे पल बहुत खुशी के।।
दोनों की जीवन रजनी में, सुंदर एक इंदु मुकुलित था।
मधुर चंद्रिका में उस शशि की, जीवन उनका उद्भासित था।।

बिता रही थी उनका जीवन, नव शिशु की मधुरिम  कल क्रीडा़।
हो कर वाम विधाता उनसे, पर ला दी यह भीषण पीड़ा।।
छीन लिया उस रमणी से हा! उसके जीवन का धन सारा।
वह सुहाग सिन्दूर गया धुल, जीवन में छाया अँधियारा।।

उस सुहाग को लुटे हुये पर, एक वर्ष का लगा न फेरा।
दुख की सेना लिये हुये अब, दूजी बड़ विपदा ने घेरा।।
नव मयंक से छिटक रहा था, जो कुछ भी थोड़ा उजियाला।
वाम विधाता भेज राहु को, ग्रसित उसे भी करवा डाला।।

कष्टों का तूफान गया छा, उस दुखिया के जीवन में अब,
जग उसका वीरान गया हो, छूट गये रिश्ते नाते सब।
भटक भटक हर गली द्वार वह, स्मरण करे इस पीड़ा के क्षण।
उस जीवन की यादों में अब, ढुलका देती दो आँसू कण।।
***   *** ***
"32 मात्रिक छंद विधान" पर क्लिक करें

बासुदेव अग्रवाल 'नमन' ©
तिनसुकिया
23-05-2016

Sunday, January 10, 2021

32 मात्रिक छंद "मन्दभाग"

फटाहाल दिखला ये अपना, करुण कहानी किसे बताते।
टपका कर आँखों से  मोती, अन्तः वाणी किसे सुनाते।
सूखे अधरों की पपड़ी से, अंतर्ज्वाला किसे दिखाते।
अपलक नेत्रों की भाषा के, मौन निमन्त्रण किसे बुलाते।।1।।

रुक रुक कर ये प्यासी आँखें, देख रही हैं किसकी राहें।
बींधे मन के दुख से निकली, किसे सुनाते दारुण आहें।
खाली लोचन का यह प्याला, घुमा रहे क्यों सब के आगे।
माथे की टेढ़ी सल दिखला, क्यों फिरते हो भागे भागे।।2।।

देख अस्थि पिंजर ये कलुषित, आँखें सबकी थमतीं इस पर।
पर आगे वे बढ़ जाती हैं, लख कर काया इसकी जर्जर।
करुण भाव में पूर्ण निमज्जित, एक ओर ये लोचन आतुर।
घोर उपेक्षा के भावों से, लिप्त उधर हैं जग के चातुर।।3।।

देख रहे हैं वे इसको पर, पूछ रही हैं उनकी आँखें।
किस धरती के कीचड़ की ये, इधर खिली हैं पंकिल पाँखें।
वक्र निगाहें घूर घूर के, मन्दभाग से पूछ रही ये।
हे मलीन ! क्यों अपने जैसी, कुत्सित करते दिव्य मही ये।।4।।

मन्दभाग! क्यों निकल पड़े हो, जग की इन कपटी राहों में।
उस को ही स्वीकार नहीं जब, डूब रहे क्यों इन आहों में।
गेह न तेरा इन राहों में, स्वार्थ भरा जिन की रग रग में।
'नमन' करो निज क्षुद्र जगत को, जाग न और स्वार्थ के जग में।।5।।


बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
17-05-2016

Wednesday, November 11, 2020

32 मात्रिक छंद "हम और तुम"

बम बम के हम उद्घोषों से, धरती गगन नाद से भरते।
बोल 'बोल बम' के पावन सुर, आह्वाहन भोले का करते।।
पर तुम हृदयहीन बन कर के, मानवता को रोज लजाते।
बम के घृणित धमाके कर के, लोगों का नित रक्त बहाते।।

हर हर के हम नारे गूँजा, विश्व शांति को प्रश्रय देते।
साथ चलें हम मानवता के, दुखियों की ना आहें लेते।।
निरपराध का रोज बहाते, पर तुम लहू छोड़ के लज्जा।
तुम पिशाच को केवल भाते, मानव-रुधिर, मांस अरु मज्जा।।

अस्त्र हमारा सहनशीलता, संबल सब से भाईचारा।
परंपरा में दानशीलता, भावों में हम पर दुख हारा।।
तुम संकीर्ण मानसिकता रख, करते बात क्रांति की कैसी।
भाई जैसे हो कर भी तुम, रखते रीत दुश्मनों जैसी।।

डर डर के आतंकवाद में, जीना हमने तुमसे सीखा।
हँसे सदा हम तो मर मर के, तुमसे जब जब ये दिल चीखा।।
तुम हो रुला रुला कर हमको, कभी खुदा तक से ना डरते।
सद्बुद्धि पा बदल सको तुम, पर हम यही प्रार्थना करते।।


बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया 
1-05-2016

Tuesday, June 9, 2020

32 मात्रिक छंद "काग दही पे"

इक दिन इक कौव्वे ने छत पर, जूठी करदी दधि की झारी।
नज़र पड़ी माँ की त्योंही वह, बेलन खींच उसे दे मारी।।
लालच का मारा वह कागा, साँस नहीं फिर से ले पाया।
यह लख करुणा मेरी फूटी, काग दही पे जान लुटाया।।

रहता एक पड़ौसी बनिया, कागद मल से जाता जाना।
पंक्ति सुनी उसने भी मेरी, समझा अपने ऊपर ताना।।
कान खुजाता हरदम रहता, रहे कागदों में चकराया।
उसने इसको यूँ कुछ समझा, कागद ही पे जान लुटाया।।

एक पड़ौसी छैले के भी, ये उद्गार पड़े कानों में।
बनिये की थुलथुल बेटी को, रोज रिझाता वो गानों में।।
तंज समझ अपने ऊपर वो, गरदन नीची कर सकुचाया।
उसने इसको यूँ कुछ समझा, का गदही पे जान लुटाया।।

देश काल अरु पात्र देख के, कई अर्थ निकले बातों के।
वाणी पर जो रखें न अंकुश, बनें पात्र वे नर लातों के।।
'नमन' शब्द के चमत्कार ने, मंचों पर सम्मान दिलाया,
शब्दों के कारण कइयों ने, जग में अपना नाम गमाया।।

32 मात्रिक छंद विधान

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
12-04-18

Saturday, April 18, 2020

32 मात्रिक छंद "अनाथ"

कौन लाल ये छिपा हुआ है, जीर्ण शीर्ण वस्त्रों में लिपटा।
दीन दशा मुख से बिखेरता, भीषण दुख-ज्वाला से चिपटा।।
किस गुदड़ी का लाल निराला, किन आँखों का है ये मोती।
घोर उपेक्षा जग की लख कर, इसकी आँखें निशदिन रोती।।

यह अनाथ बालक चिथड़ों में, आनन लुप्त रखा पीड़ा में।
बिता रहा ये जीवन अपना, दारुण कष्टों की क्रीड़ा में।।
गेह द्वार से है ये वंचित, मात पिता का भी नहिं साया।
सभ्य समझते जो अपने को, पड़ने दे नहिं इस पर छाया।।

स्वार्थ भरे जग में इसका बस, भिक्षा का ही एक सहारा।
इसने उजियारे कब देखे, छाया जीवन में अँधियारा।।
इसकी केवल एक धरोहर, कर में टूटी हुई कटोरी।
हाय दैव पर भाग्य लिखा क्या, वह भी तो है बिल्कुल कोरी।।

लघु ललाम लोचन चंचल अति, आस समेट रखे जग भर की।
शुष्क ओष्ठ इसके कहते हैं, दर्द भरी पीड़ा अंतर की।।
घर इसका पदमार्ग नगर के, जीवन यापन उन पे करता।
भिक्षाटन घर घर में करके, सदा पेट अपना ये भरता।।

परम दीन बन करे याचना, महा दीनता मुख से टपके।
रूखा सूखा जो मिल जाता, धन्यवाद कह उसको लपके।।
रोम रोम से करुणा छिटके, ये अनाथ कृशकाय बड़ा है।
सकल जगत की पीड़ा सह कर, पर इसका मन बहुत कड़ा है।।

है भगवान सहारा इसका, टिका हुआ है उसके बल पर।
स्वार्थ लिप्त संसार-भावना, जीता यह नित उसको सह कर।।
आश्रय हीन जगत में जो हैं, उनका बस होता है ईश्वर।
'नमन' सदा मैं उसको करता, जो पाले यह सकल चराचर।।

32 मात्रिक छंद विधान

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
18-05-2016

Monday, December 9, 2019

32 मात्रिक छंद "अनुत्तरित प्रश्न"

जो भी विषय रखो तुम आगे, प्रश्न सभी के मन में मेरे।
प्रश्न अधूरे रह जाते हैं, उत्तर थोड़े प्रश्न घनेरे।।
रह रह करके प्रश्न अनेकों, मन में हरदम आते रहते।
नहीं सूझते उत्तर उनके, बनता नहीं किसी से कहते।।

झूठ, कपट ले कर के कोई, जग में जन्म नहीं लेता है।
दिया राम का सब कुछ तो फिर, राम यही क्या सब देता है?
दूर सदा हम दुख से भागें, रहना सुख में हरदम चाहें।
हत्या कर जीवों की फिर क्यों, लेते उनकी दारुण आहें?

'साँच बरोबर तप' को हम सब, बचपन से ही रटते आये।
बात बात में क्यों फिर हमको, झूठ बोलना निशदिन भाये?
ओरों से अपमानित हम हों, घूँट लहू के आये पीते।
अबलों, दुखियों की फिर हम क्यों, रोज उपेक्षा करके जीते?

सन्तानों से हम सब चाहें, आज्ञा सब हमरी वे माने।
मात पिता बूढ़े जब होते, बोझ समझ क्यों देते ताने?
मान मिले हमको सब से ही, चाहत मन में सदा रही है।
करते रहें निरादर सबका, क्या हमरी ये नीत सही है?

32 मात्रिक छंद विधान

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
12-11-16

Saturday, April 20, 2019

32 मात्रिक छंद "विधान"

32 मात्रिक छंद विधान -

32 मात्रिक छंद चार पदों का सम मात्रिक छंद है जो ठीक चौपाई का ही द्विगुणित रूप है। इन 32 मात्रा में 16, 16 मात्रा पर यति होती है तथा दो दो पदों में पदान्त तुक मिलाई जाती है। 16 मात्रा के चरण का विधान ठीक चौपाई छंद वाला ही है। यह राधेश्यामी छंद से अलग है। राधेश्यामी छंद के 16 मात्रिक चरण का प्रारंभ त्रिकल से नहीं हो सकता उसमें प्रारंभ में द्विकल होना आवश्यक है जबकि 32 मात्रिक छंद में ऐसी बाध्यता नहीं है।

समान सवैया / सवाई छंद विधान -

इस छंद के अंत में जब भगण (211) रखने की अनिवार्यता रहती है तो यह समान सवैया या सवाई छंद के नाम से जाना जाता है।

बासुदेव अग्रवाल 'नमन' ©
तिनसुकिया

32 मात्रिक छंद "जाग उठो हे वीर जवानों"

जाग उठो हे वीर जवानों, तुमने अब तक बहुत सहा है।
त्यज दो आज नींद ये गहरी, देश तुम्हें ये बुला रहा है।।
छोड़ो आलस का अब आँचल, अरि-ऐंठन का कर दो मर्दन।
टूटो मृग झुंडों के ऊपर, गर्जन करते केहरि सम बन।।1।।

संकट के घन उमड़ रहे हैं, सकल देश के आज गगन में।
व्यापक जोर अराजकता का, फैला भारत के जन-मन में।।
घिरा हुआ है आज देश ये, चहुँ दिशि से अरि की सेना से।
नीति युद्ध की टपक रही है, आज पड़ौसी के नैना से।।2।।

भूल गयी है उन्नति का पथ, इधर इसी की सब सन्ताने।
भटक गयी है सत्य डगर से, स्वारथ के वे पहने बाने।।
दीवारों में सेंध लगाये, वे मिल कर अपने ही घर की।
धर्म कर्म अपना बिसरा कर, ठोकर खाय रही दर दर की।।3।।

आज चला जा रहा देश ये, अवनति के गड्ढे में गहरे।
विस्तृत नभ मंडल में इसके, पतन पताका भारी फहरे।।
त्राहि त्राहि अति घोर मची है, आज देश के हर कोने में।
पड़ी हुयी सारी जनता है, अंधी हो रोने धोने में।।4।।

अब तो जाग जवानों जाओ, तुम अदम्य साहस उर में धर।
काली बन रिपु के सीने का, शोणित पीओ अंजलि भर भर।।
सकल विश्व को तुम दिखलादो, शेखर, भगत सिंह सा बन कर।
वीरों की यह पावन भू है, वीर सदा इस के हैं सहचर।।5।।

बन पटेल, गांधी, सुभाष तुम, भारत भू का मान बढ़ाओ।
देश जाति अरु राष्ट्र-धर्म हित, प्राणों की बलि आज चढ़ाओ।।
मोहन बन कर के जन जन को, तुम गीता का पाठ पढ़ाओ।
भूले भटके राही को मिल, सत्य सनातन राह दिखाओ।।6।।

32 मात्रिक छंद विधान

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
05-06-2016