Showing posts with label गुर्वा. Show all posts
Showing posts with label गुर्वा. Show all posts

Saturday, January 28, 2023

गुरुगुर्वा विधान:-

 "गुरुगुर्वा" विधान:-

गुर्वा केवल गुरु वर्ण की गिनती पर आधारित काव्यातमक संरचना है जिसमें एक दूसरी से स्वतंत्र तीन पंक्तियों में शब्द चित्र खींचा जाता है, अपने चारों ओर के परिवेश का वर्णन होता है या कुछ भी अनुभव जनित भावों की अभिव्यक्ति होती है। गुर्वा की तीन पंक्तियों में 6 -5 -6 के अनुपात में कुल 17 गुरु वर्ण होते हैं। इस तरह की अन्य संरचनाएँ हाइकु, ताँका, चोका आदि के रूप में हिन्दी में प्रचलित हैं जो अक्षरों की गिनती पर आधारित हैं। 

परन्तु यह गुर्वा विधा इनसे बहुत ही विशिष्ट है। इसमें मेरे द्वारा सर्वथा नवीन अवधारणा ली गयी है। इसमें शब्दानुसार केवल गुरु वर्ण की गिनती होती है। गुरु वर्ण में दीर्घ मात्रिक अक्षर और शाश्वत दीर्घ दोनों आ जाते हैं। किसी भी शब्द में एक साथ आये दो लघु से शाश्वत दीर्घ बनता है जिसे एक गुरु के रूप में गिना जाता है। गुर्वा की पंक्ति में आये प्रत्येक शब्द के गुरु वर्ण गिने जाते हैं। शब्द में आये एकल लघु नहीं गिने जाते, वे गणनामुक्त होते हैं। 'विचारणीय' में चा और णी केवल दो गुरु हैं। वि, र, य तीन लघु होने पर भी लघु का जोड़ा नहीं है। इसलिये ये गणनामुक्त हैं और गुर्वा के लिये इस शब्द में केवल दो गुरु हैं। 'विरचा' में भी दो गुरु हैं, विर और चा। इस अवधारणा की यही विशेषता रचनाकार के सामने अनेक विकल्प प्रस्तुत करती है। इसके अतिरिक्त कलेवर भी बहुत विस्तृत हो गया। यह कलेवर अंग्रेजी आदि भाषाओं के सिलेबल आधारित गणन से किसी भी अवस्था में कम नहीं है।

इसी अवधारणा पर आश्रित एक और विधा विकसित की गयी है जिसे इस आलेख के माध्यम से मैं पाठक वृंद के समक्ष प्रस्तुत कर रहा हूँ। सर्व प्रथम इसके नामकरण पर कुछ चर्चा करता हूँ।
बहुत वैचारिक मंथन के पश्चात इस विधा के नाम में भी गुर्वा शब्द को रखा गया है। केवल गुरु वर्ण की गणना के कारण लक्षण के आधार पर गुर्वा नाम दिया गया था। इस में भी गणना का आधार बिल्कुल वही है। दूसरे यह नितांत ही नवीन अवधारणा पर है इसलिये इस दूसरी विधा का स्वतंत्र नाम नहीं दिया गया। इस नयी विधा में एक पंक्ति भी अधिक है और कुल गुरु वर्ण भी 17 के स्थान पर 30 होते हैं। गुर्वा के पूर्व में महा, गुरु, बड़ा आदि कुछेक विकल्प पर मंथन करने के पश्चात गुरु ही जोड़ा गया है। अतः इसका नामकरण "गुरुगुर्वा" के रूप में किया गया है।इसका पूर्ण विधान निम्न प्रकार से विकसित किया गया है-

(1) "गुरुगुर्वा" में चार पंक्तियाँ होती हैं। इस में भी पंक्तियाँ स्वतंत्र रखी जाती है।

(2) इसकी चार पंक्तियों में कोई सी भी दो पंक्तियों में 8 - 8 गुरु वर्ण होते हैं और बाकी दो बची हुई पंक्तियों में 7 - 7 गुरु वर्ण होते हैं। इस नियम के अंतर्गत 6 संभावनाएँ  बनती हैं -
8 - 8 - 7 -7
8 - 7 - 8 -7
8 - 7 - 7 -8
7 - 8 - 8 -7
7 - 8 - 7 - 8
7 - 7 - 8 - 8
"गुरुगुर्वा" में कुल 30 वर्ण होते हैं। यह रचनाकार पर निर्भर है कि अपनी रचना में वह पंक्तियाँ किस प्रकार संयोजित करता है। प्रत्येक "गुरुगुर्वा" अपने आप में पूर्ण होता है।

(3) समतुकांतता बरतनी इस में भी आवश्यक है।
कोई भी 8 - 8 वाली या 7 - 7 वाली दो पंक्तियाँ समतुकांत रखनी आवश्यक है। रचनाकार चाहे तो 
 8 - 8 वाली और 7 - 7 वाली दोनों में समतुकांतता रख सकता है परन्तु दोनों में पृथक पृथक तुकांतता होनी चाहिए। यानि चारों पंक्तियाँ एक ही तुकांतता की नहीं होनी चाहिए।

मैं यहाँ अपने तीन "गुरुगुर्वा" प्रस्तुत कर रहा हूँ और बताये गये नियम उनसे सोदाहरण समझते हैं।

शुभ्रता छिटकी हुई है सृष्टि में,
हो रही झंकार वीणा की,
श्वेत उड़ते हंस, वारिज दृष्टि में,
काव्य की प्रकटी 'नमन' देवी।

(2122 2122 212 = 8 गुरु
2122 2122 2 = 7 गुरु
यह रचना उपरोक्त मापनी पर है। इसलिये गुरु वर्ण की गणना स्वयंमेव हो रही है। इसमें छिट, उड़, रिज, प्रक, मन ये पांच शाश्वत दीर्घ हैं। बाकी के एकल लघु गणनामुक्त हैं। 8 - 8 में समतुकांतता और 8 - 7 - 8 - 7 का क्रम।)
****

गरीबी में झुलसते लोग हैं,
कहीं पर चीख लुटती अस्मिता की,
उठाये सिर भयंकर रोग हैं,
बड़े असहाय से हो दिन बिताते।

(1222 1222 12 = 7
1222 1222 122 = 8
यह रचना भी मापनी पर है। इसलिये गुरु वर्ण की गणना स्वयंमेव हो रही है। इसमें लस, पर, लुट, सिर, कर, अस, दिन ये सात शाश्वत दीर्घ हैं। बाकी के एकल लघु गणनामुक्त हैं।
7 - 7 में समतुकांतता और 7 - 8 - 7 - 8 का क्रम।)
****

महावर लगाये रसिक राधिका,
कहीं कान्ह बैठे हथेली पसारे।
पड़ें लग दिखाई थिरकते चरण,
लखें नेत्र मन के सभी दृश्य न्यारे।।

(122 122 122 12 = 7 गुरु
122 122 122 122 = 8 गुरु
मापनी की रचना। वर, सिक, लग, रक, रण, मन ये छह शाश्वत दीर्घ। 8 - 8 में समतुकांतता और 7 - 8 - 7 - 8 का क्रम।)
****

इन तीनों गुरुगूर्वा में एक के पश्चात एक उभरते शब्द चित्र हैं। प्रथम गुरुगूर्वा में मानो सब ओर धवलता छिटकी हुई है, तभी वीणा बजती सी लगती है, आँखों के आगे उड़ते धवल हँस और सरोवरों में खिले धवल कमल छा गये। सभी मात शारदा के चिन्ह हैं। अंत में माँ को वंदन।

दूसरे में गरीबी, बलात्कार, फैलती बिमारियों पर लाचारी की अवस्था है।

तीसरे में राधिका पैरों में महावर लगा रही है, तभी लगा कहीं मोहन हथेली पसारे बैठे हैं, आँखों के आगे थिरकते पैरों का चित्र उभरने लगा। मानो राधिका उस पसरी हथेली पर ही नृत्य करने लगी है!!

गुरुगूर्वा में जैसा कि उदाहरणों से स्पष्ट हो रहा है, कलेवर विस्तृत होने से विभिन्न छंद और मापनी में काव्य सृजन संभव है। साथ ही तुकांतता की अनिवार्यता से रचनाओं में प्रचलित छंदों की चौपदी सी मधुरता आ रही है। इसमें रचना पंक्तियों की स्वतंत्रता रखते हुए हाइकु, ताँका इत्यादि की शैली में होती है। आप किसी विषय पर मनस्थल पर उभरते चित्र या भावों को प्रभावी क्रम में शब्दों में सजा रखें। अपने विचार या निष्कर्ष अंतिम पंक्ति में रखें।

"गुरुगुर्वा" की पंक्तियाँ यद्यपि गुरु वर्ण की गणना से बंधी हुई हैं, फिर भी इनमें वर्ण या मात्रा की संख्या का कोई बंधन नहीं है। गुरु वर्ण की संख्या के आधार पर आप अपनी मनचाही मापनी बना सकते हैं। इन तीन उदाहरणों से "गुरुगुर्वा" की व्यापकता और संभावनाओं का आकलन प्रबुद्ध पाठक वृंद स्वयं करें।

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
21-08-21

Saturday, April 23, 2022

गुर्वा (ऋतु वर्णन)

ग्रीष्म गूजरी मतवाली,
स्वेद घड़ा छलकाती,
विकल सभी को कर डाली।
***

पावस पायल पहनी,
छम छम धुन बाजे,
हरियाली मन में खिली।
***

मिला शरद का आमंत्रण,
खिले हृदय में उत्सव,
शुभ्र ज्योत्सना का नर्तन।
***

बसंत बाग में बगराया,
बौर आम पर छाया,
कोकिल मधुर गान गाये।
*** ***
गुर्वा विधान जानने के लिए यहाँ क्लिक करें --->   गुर्वा विधान लिंक

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
11-04-21

Sunday, November 14, 2021

गुर्वा (मानव)

भगवन भी पछताये,
शक्तिमान रच मानव,
सृष्टि नष्ट करता दानव।
***

ओस कणों सा है मानव,
संघर्षों की धूप,
अब अस्तित्व करे तांडव।
***

धैर्य धीर धर के निर्लिप्त,
कुटिल हृदय झुँझलाएँ,
कमल पंक में इठलाएँ।
***

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
26-07-20

Monday, October 18, 2021

गुर्वा (हवा)

गुर्वा विधा

"हवा"

पूरब में है लाली,
हवा चले मतवाली,
मौक्तिकमय हरियाली।
***

जल तरंग को हवा बजाये,
चिड़ियाँ गाएँ गीत,
प्रकृति दिखाये पग-पग प्रीत।
***

खिली हुई है अमराई,
सनन बहे पुरवाई,
स्वाद चखे नासा मीठा।
***
गुर्वा विधान जानने के लिए यहाँ क्लिक करें ---> गुर्वा विधान

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
10-07-20

Friday, December 18, 2020

गुर्वा (मन)

मन विशाल है एक सरोवर,
स्मृतियों के कंकर,
हल्की सी बस लहर उठे।
***

बसी हुई है मन में प्रीत,
गीत सजन के गूँजे,
हृदय लिया, अनजाना जीत
***

हृदय पटल पर चित्र उकेरे,
जिसने ज्योत जगायी,
मनमंदिर में मेरे।
***

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
17-05-20

Sunday, November 22, 2020

गुर्वा (प्रकृति-1)

गिरि से निर्झर पिघला,
सर्प रहे उड़ इठला,
गरजें मेघ लरज थर थर।
***

मेघ घिरे नभ में हर ओर,
हरित धरा, नाचे मोर,
सावन शुष्क! दूर चितचोर।
***

भोर पहन मौक्तिक माला,
दुर्वा पर बैठी,
हाथ साफ रवि कर डाला।
***

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
23-06-20

Thursday, October 15, 2020

गुर्वा (प्रशासन)

सोया पड़ा हुआ शासन,

कठिन बड़ा अब पेट भरण,

शरण कहाँ? केवल शोषण,

***


ले रहा जनतंत्र सिसकी,

स्वार्थ की चक्की चले,

पाट में जनता विवस सी।

***


चुस्त प्रशासन भी बेकार,

जनता सुस्त निकम्मी,

लोकतंत्र की लाचारी।

***


बासुदेव अग्रवाल 'नमन'

तिनसुकिया

2-05-20

Sunday, September 20, 2020

गुर्वा (पीड़ा)

अत्याचार देख भागें,

शांति शांति चिल्लाते,

छद्म छोड़ अब तो जागें।

***


पीड़ा सारी कहता,

नीर नयन से बहता,

अंधी दुनिया हँसती।

***


बाढ कहीं तो सूखा है,

सिसक रहे वन उजड़े,

मनुज लोभ का भूखा है,

***


बासुदेव अग्रवाल 'नमन'

तिनसुकिया

28-04-20

Saturday, August 22, 2020

गुर्वा (भक्ति)

शारद वंदन:-

वंदन वीणा वादिनी,
मात ज्ञान की दायिनी,
काव्य बोध का मैं कांक्षी।
***

राम नाम:-

राम नाम है सार प्राणी,
बैल बना तू अंधा,
जग है चलती घाणी।
***

सरयू के तट पर बसी,
धूम अयोध्या में मची,
ज्योत राम मंदिर की जगी।
***

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
12-08-20

Wednesday, July 22, 2020

गुर्वा (कोरोना)

(1)

कोरोना बीमारी,
सांसों पर भारी,
दुनिया सारी हारी।
***

(2)

चीन देश का नया खिलौना,
कोविड रोग भयंकर,
खेल रहा जग आंसू भर।
***
(3)

विपद बड़ी है कोरोना,
मास्क धार धर धीर सहो,
धोते सारे हाथ रहो।
***

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
20-06-20

Friday, July 19, 2019

"गुर्वा विधान"

"गुर्वा" विधान:-

मेरे द्वारा प्रतिपादित यह "गुर्वा" हिन्दी साहित्य में काव्य की एक नवीन विधा है। यह हाइकु जैसी लघु संरचना है। जापानी में हाइकु, ताँका, सेदोका इत्यादि और अंग्रेजी में हाइकु, ईथरी आदि लघु कविताएं सिलेबल की गिनती पर आधरित हैं और बहुत प्रचलित हैं। ये कविताएं अपने लघु विन्यास में भी गहनतम भावों का समावेश कर सकती हैं। हिन्दी साहित्य में भी हाइकु, ताँका, सेदोका, चौका, पिरामिड आदि विधाएँ बहुत प्रचलित हो गई हैं। पर हिन्दी में ये विधाएँ जापानी, अंग्रेजी की तरह सिलेबल की गणना पर आधारित न होकर अक्षरों की गणना पर आधारित हैं। इसलिए इन का कलेवर उतना विस्तृत नहीं है। सिलेबल में ध्वनि के अनुसार एक से अधिक अक्षरों का प्रयोग होना सामान्य बात है।

मेरे द्वारा निष्पादित यह 'गुर्वा' कुल 3 पंक्तियों की संरचना है जिसमें 3 पंक्तियों में क्रमशः छह, पांच और छह गुरु वर्ण होते हैं। इस तरह की संरचना हाइकु, ताँका इत्यदि के रूप में हिन्दी में पहले से प्रचलित है पर मेरी यह नवीन विधा उन सब से इस अर्थ में भिन्न है कि प्रचलित विधाओं में अक्षरों की गिनती होती है जबकि इस नवीन विधा में केवल गुरु की गिनती होती है। इसमें पंक्ति का मान निर्धारित गुरु की संख्या से आँका जाता है, इसीलिए इसके लक्षण को सार्थक करता हुआ इसका छोटा सा नाम 'गुर्वा' दिया गया है। इसके तीन पद में क्रमशः 6 - 5 - 6 गुरू होने आवश्यक हैं। इसके उपरांत भी यह गुर्वा मात्रा या वर्णों की संख्या में बंधा हुआ नहीं है। इसे आगे और स्पष्ट किया जायेगा।

हिन्दी छंद शास्त्र में मात्राओं की गणना लघु और गुरु वर्ण के आधार पर होती है। लघु वर्ण के उच्चारण में जितना समय लगता है, गुरु वर्ण के उच्चारण में उसका दुगुना लगता है। लघु का मात्रा भार 1 तथा गुरु का 2 की संख्या से दिगदर्शित किया जाता है।

गुर्वा में हमारा प्रयोजन केवल गुरु से है। लघु वर्ण इस में गणना से मुक्त रहते हैं। गुर्वा की पंक्ति में आये प्रत्येक शब्द के गुरु वर्ण गिने जाते हैं। शब्द में आये एकल लघु नहीं गिने जाते, वे गणनामुक्त होते हैं। आगे लघु वर्ण और गुरु वर्ण पर प्रकाश डालते हुये इसे सोदाहरण और स्पष्ट किया जायेगा।

लघु वर्ण:- स्वतंत्र अक्षर जैसे क, म, ह आदि या संयुक्त वर्ण जैसे स्व, क्य, प्र आदि जब अ, इ, उ, ऋ और अँ से युक्त हों तो ऐसे अक्षर लघु कहलाते हैं। उदाहरण- क, चि, तु, कृ, हँ, क्ति आदि।

गुरु वर्ण:- स्वतंत्र या संयुक्त अक्षर जब आ, ई, ऊ, ए, ऐ, ओ, औ, अं, अः से युक्त हों तो ऐसे अक्षर गुरु कहलाते हैं। उदाहरण- का,  टी, फू, ये, जै, मो, रौ, दं, पः, प्रा, स्वी आदि।

इसके अतिरिक्त लघु वर्ण के पश्चात यदि संयुक्त वर्ण हो तो उस में जुड़े आर्ध वर्ण का भार उस लघु वर्ण पर आ जाता है और वह लघु वर्ण गुरु गिना जाता है। जैसे- अश्व, शुभ्र, प्रयुक्त, पवित्र में अ, शु, यु, वि गुरु वर्ण के रूप में गिने जाते हैं। अश्व शब्द में अ वर्ण अपने आप में लघु है परंतु उच्चारण में आधे श का इस पर भार लेकर उच्चरित किया जाता है इसलिये छंद शास्त्र के अनुसार इस अ को गुरु गिना जायेगा। श्व में कोई मात्रा नहीं लगी हुई है अतः वह लघु है। इस प्रकार अश्व शब्द में एक गुरु और एक लघु है। गुर्वा के लिये इस शब्द से एक गुरु प्राप्त होगा और श्व लघु गणनामुक्त है। संयुक्त वर्ण के पहले यदि गुरु है तो वह गुरु ही रहता है। जैसे - साध्य शब्द में सा पहले ही गुरु है, ध्य के आधे ध का भार पड़ने से भी यह गुरु ही रहेगा। साध्य शब्द से गुर्वा के लिये एक गुरु प्राप्त होगा और ध्य लघु गणनामुक्त रहेगा।

ह के साथ यदि आधा न, म , ल जुड़ा हुआ है तो ऐसे संयुक्त वर्ण के पहले आये लघु को कुछ शब्दों में गुरुत्व प्राप्त नहीं होता। जैसे- कन्हैया, तुम्हारा, मल्हार आदि में क, तु, म लघु ही रहते हैं। जिन्हें, इन्हे में जि, इ लघु ही रहते हैं। मल्हार से हमें केवल एक गुरु प्राप्त होगा। म और र दोनों लघु गणनामुक्त हैं। तुम्हारा शब्द में म्हा और रा के दो गुरु गिने जायेंगे। यह अपवाद की श्रेणी का शब्द है जिस में तु को गुरुत्व प्राप्त नहीं होता और यह लघु ही रहता है जो गुर्वा में गणनामुक्त है।

शाश्वत दीर्घ:- किसी भी शब्द में एक साथ आये दो लघु से शाश्वत दीर्घ बनता है जिसे एक गुरु के रूप में गिना जाता है। जैसे- दो अक्षरों के शब्द- तुम, हम, गिरि, ऋतु, रिपु आदि एक गुरु गिने जायेंगे। दो से अधिक अक्षरों के शब्द में एक साथ आये दो लघु वर्ण। जैसे- मानव, भीषण, कटुता में नव, षण और कटु एक गुरु गिना जायेगा। इन तीनों शब्दों में दो दो गुरु हैं। तक्षक में भी दो गुरु गिने जायेंगे। संयुक्त क्ष का त पर भार आने से त को गुरुत्व प्राप्त हो गया तथा क्षक शाश्वत दीर्घ के रूप में गुरु है। तीन अक्षरों के शब्द जिसमें तीनों अक्षर लघु हों तो अंतिम दो लघु मिल कर एक गुरु गिने जाते हैं और शब्द का प्रथम लघु गणनामुक्त रहता है। जैसे- कमल, अडिग, मधुर आदि में एक गुरु गिना जायेगा। हलचल, मधुकर, सविनय आदि में 2 गुरु गिने जायेंगे। घबराहट में 3 गुरु गिने जाते हैं- घब, रा और हट। समन्वय में स लघु, म= गुरु (न्व संयुक्त वर्ण), न्वय= गुरु। कुल 2 गुरु स गणनामुक्त। 'विचारणीय' में चा और णी केवल दो गुरु हैं। वि, र, य तीन लघु होने पर भी लघु का जोड़ा नहीं है। इसलिये ये गणनामुक्त हैं और गुर्वा के लिये इस शब्द में केवल दो गुरु हैं। 'विरचा' में भी दो गुरु हैं, विर और चा।

गुर्वा में गुरु का निर्धारण पंक्ति में आये एक एक शब्द के आधार पर करने से यह बहुत ही सरल है।

(1) एक अक्षर के बिना मात्रा के न, व गणनामुक्त हैं। था, है, क्यों, भी आदि एक गुरु के शब्द हैं।

(2) दो अक्षर के शब्द में दो गुरु होने के लिये या तो दोनों अक्षर दीर्घ मात्रिक हों या दुसरा अक्षर दीर्घ मात्रा के साथ संयुक्ताक्षर हो जिससे कि प्रथम अक्षर को गुरुत्व प्राप्त हो जाये। ऊपर बताये गये अपवादों पर ध्यान रहे। अन्य स्थिति में एक गुरु गिना जायेगा।

(3) तीन अक्षर के शब्द में एक गुरु तभी हो सकता है जब तीनों अक्षर लघु रहे, जैसे - प्रबल, पतित आदि। या जगणात्मक शब्द हो, जैसे -  उपाय, विचार, स्वतंत्र आदि। दोगुरु के मध्य का लघु गणनामुक्त है। जैसे - मेमना, ढोकला, देखना, छोकरी, नाशिनी। इन सब में दो गुरु गिने जायेंगे। त्रिअक्षरी में तीन गुरु होने के लिये तीनों अक्षर दीर्घमात्रिक हों या विश्वासी जैसे शब्दों में एक लघु को गुरुत्व प्राप्त हो।

तीन से अधिक अक्षरों के शब्दों में साथ साथ आये दो लघु पर विशेष ध्यान रखें। क्योंकि इनका मान एक गुरु का हैं। आचमन में आ और मन के मध्य का च गणनामुक्त तथा इस शब्द में दो गुरु हैं।

(4) सामासिक शब्द में गुरु गणना विग्रह के पश्चात मूल शब्दों में की जाती है। जैसे- मध्यप्रदेश में  2 गुरु गिने जायेंगे न कि 3। मध्य =1 और प्रदेश = 1 जबकि शब्द के मध्य में ध्य, प्र दो लघु एक साथ हैं। ऐसे ही रामकृपा में भी राम =1 और कृपा = 1, अलग अलग गुरु विचार होगा।  कुल दो गुरु। सोचविचार में सोच = 1 और विचार = 1, कुल दो गुरु। ऐसे शब्दों में दोनों शब्द अपना स्वतंत्र अर्थ रखते हैं।

जिन रचनाकारों को मात्रा गणना का सम्यक ज्ञान है और जो छंदबद्ध सृजन करने में सिद्धहस्त हैं उनके लिये इस विधा में लघु वर्ण का गणनामुक्त रहने के अतिरिक्त कुछ भी नया नहीं है।सर्वशक्तिमान में र्व, क्ति और न तीनों गणनामुक्त हैं। इस शब्द में तीन लघु हैं पर लघु की जोड़ी एक भी नहीं है। र्व, क्ति संयुक्त हैं जिनका भार स और श पर आ रहा है इसलिये स और श को गुरुत्व प्राप्त हो गया। इस प्रकार इस शब्द में तीन गुरु हुये।

पंक्तियों की स्वतंत्रता:- इस विधा में भी हाइकु, ताँका, चौका की तरह पंक्तियों की स्वतंत्रता रखना अत्यन्त आवश्यक है। हर पंक्ति अपने आप में स्वतंत्र होनी चाहिये। यह केवल 17 गुरु की संरचना है और उसी में गागर में सागर भरना होता है अतः चमत्कारिक बात कहें। रचनाकार शब्द चित्र खींच सकता है, अपने चारों ओर के परिवेश का वर्णन कर सकता है या कुछ भी अनुभव जनित भावों को अभिव्यक्त कर सकता है।

समतुकांतता:- रचना की तीन पंक्तियों में से कोई भी दो पंक्तियों में समतुकांतता आवश्यक है। तीनों पंक्तियाँ भी समतुकांत हो सकती हैं। यह तुकांतता शब्दांत में केवल स्वर साम्य की भी रखी जा सकती है। जैसे आ के साथ आ की, ई के साथ ई की, आअ के साथ आअ, एअ के साथ एअ, अअ के साथ अअ आदि।

मैं 'गुर्वा' की अपनी प्रथम रचना माँ शारदा के चरणों में अर्पित करते हुये इस विधान को और स्पष्ट करता हूँ।

शारद वंदन "गुर्वा" :-

वंदन वीणा वादिनी, (2, 2, 2 तीन शब्दों में = 6 गुरु।)
मात ज्ञान की दायिनी, (1, 1, 1, 2 चार शब्दों में 5 गुरु।)
काव्य बोध का मैं कांक्षी। (1, 1, 1, 1, 2 पांच शब्दों में = 6 गुरु।)

(रचना में 8, 8, 8 कुल 24 वर्ण। 13, 13, 14 कुल 40 मात्रा।)

लक्षण "गुर्वा" :-

रस शर ऋतु क्रम से रखें, (1, 1, 1, 1, 1, 1 छह शब्दों में = 6 गुरु।)
मात्र दीर्घ का कर गणन, (1, 1, 1, 1, 1 पांच शब्दों में 5 = गुरु।)
'गुर्वा' मुखरित कर चखें। (2, 2, 1, 1 चार शब्दों में =  6 गुरु।)

(प्रथम पंक्ति में षट रस, पंच शर, षट ऋतु संख्यावाचक हैं। रचना में 11, 10, 10 कुल 31 वर्ण। 13, 13, 13 कुल 39 मात्रा।)

आप स्वयं देखें कि केवल गुरु वर्ण की गणना की अवधारणा, शब्द में एकल रूप से आये लघु वर्णों की गणना से छूट आपके समक्ष सृजन के नव आयाम खोल रही है। इन छूट से हिन्दी में भी यह विधा जापानी और इंगलिश में प्रचलित सिलेबल गणना जितना विस्तृत कलेवर ग्रहण कर रही है। सिलेबल का निर्धारण उच्चारण पर आधारित रहता है जबकि गुरु गणना, इसमें छूट आदि स्वरूप पर आधारित है जिस में संदेह का स्थान नहीं। इतनी छूट सृजकों की कल्पना को नवीन ऊँचाइयाँ प्रदान कर रही है। साथ ही पंक्तियों को अनेक छंदों की लय के अनुसार ढाला जा सकता है। तुकांतता रचना को कविता का स्वरूप देती है। पंक्तियाँ निश्चित की हुई गुरु की संख्या से आबद्ध हैं फिर भी गुर्वा वर्णों की संख्या और मात्रा की संख्या या उनके क्रम के बंधन में बंधा हुआ नहीं है। इसकी यह स्वतंत्रता सृजक को अनंत आकाश उपलब्ध कराती है जिसमें वह कल्पना की उन्मुक्त उड़ान भर सके।

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
25-06-19