Showing posts with label मत्तगयंद सवैया. Show all posts
Showing posts with label मत्तगयंद सवैया. Show all posts

Sunday, February 16, 2020

मत्तगयंद सवैया "वृथा जन्म"

7 भगण (211) की आवृत्ति के बाद 2 गुरु

बालक जन्म लियो जब से तब से जननी उर से चिपक्यो है।
होय जवान गयो जब वो तिय के रस में दिन रैन रम्यो है।
वृद्ध भयो परिवार बँद्यो अरु पुत्र प्रपुत्रन नेह पग्यो है।
'बासु' कहे सब आयु गयी पर मूढ़ कभी नहिं राम भज्यो है। 

बासुदेव अग्रवाल नमन
तिनसुकिया
20-11-2018

Saturday, December 21, 2019

मत्तगयंद सवैया (पैर मिले)

7 भगण (211) की आवृत्ति के बाद 2 गुरु

पैर मिले करने सब तीरथ, हाथ दुखारिन दान दिलाने।
कान मिले सुनिए प्रभु का जस, नैन मिले छवि श्याम बसाने।
बैन मिले नित गा हरि के गुण, माथ दयानिधि पाँव नवाने।
'बासु' कहे सब नीक दिये प्रभु, क्यों फिर पेटहु पाप कमाने।।

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
03-09-17

Tuesday, November 19, 2019

शिव महिमा

7 भगण (211) की आवृत्ति के बाद 2 गुरु


भष्म रमाय रहे तन में प्रभु, चन्द्र बसे सज माथ तिहारे।
वीर षडानन मूषक वाहन, बन्धुन के तुम तात दुलारे।
पावन गंग सजे सर ऊपर, भाल त्रिपुण्ड सदैव सँवारे।
शंकर नाथ अनाथन के तुम, दीनन के तुम एक सहारे।

बासुदेव अग्रवाल नमन
तिनसुकिया
25-07-17

Wednesday, May 22, 2019

मत्तगयंद सवैया "माँ दुर्गा"

7 भगण (211) की आवृत्ति के बाद 2 गुरु

माँ दुर्गा (1)

पाप बढ़े चहुँ ओर भयानक हाथ कृपाण त्रिशूलहु धारो।
रक्त पिपासु लगे बढ़ने दुखके महिषासुर को अब टारो।
ताण्डव से अरि रुण्डन मुण्डन को बरसा कर के रिपु मारो।
नाहर पे चढ़ भेष कराल बना कर ताप सभी तुम हारो।।
=====
माँ दुर्गा (2)

नेत्र विशाल हँसी अति मोहक तेज सुशोभित आनन भारी।
क्रोधित रूप प्रचण्ड महा अरि के हिय को दहलावन कारी।
हिंसक शोणित बीज उगे अरु पाप बढ़े सब ओर विकारी।
शोणित पी रिपु नाश करो पत भक्तन की रख लो महतारी।।
=======
माँ दुर्गा (3)

शुम्भ निशुम्भ हने तुमने धरणी दुख दूर सभी तुम कीन्हा।
त्राहि मची चहुँ ओर धरा पर रूप भयावह माँ तुम लीन्हा।
अष्ट भुजा अरु आयुध भीषण से रिपु नाशन माँ कर दीन्हा।
गावत वेद पुराण सभी यश जो वर माँगत देवत तीन्हा।।

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
22-07-2017