Showing posts with label मनविश्राम छंद. Show all posts
Showing posts with label मनविश्राम छंद. Show all posts

Saturday, June 15, 2019

मनविश्राम छंद "माखन लीला"

माखन श्याम चुरा नित ही, कछु खावत कछु लिपटावै।
ग्वाल सखा सह धूम करे, यमुना तट गउन चरावै।।
फोड़त माखन की मटकी, सब गोरस नित बिखराये।
गोपिन भी लख हर्षित हैं, पर रोष बयन दिखलाये।।

मात यशोमत नित्य मथे, दधि की जब लबलब झारी।
मोहन आय तभी धमकै, अरु बाँह भरत महतारी।।
मात बिलोवत जाय रहे, तब कान्ह करत बरजोरी।
नन्द-तिया पुलकै मुलकै, सुत की लख नित नव त्योरी।।

माधव संग सखा सब ले, जब ग्वालिन गृह मँह धाये।
ऊधम खूब मचाय वहाँ, सब गोपिन हृदय लुभाये।।
पीठ चढ़े इक दूजन की, तब छींकन पर चढ़ जावै।
माखन लूटत भाजन से, दिखलाकर चख चख खावै।।

मोहन की छवि ये उर में, मन उज्ज्वल पर तन कारा।
रोज मचा हुड़दंग यही, हरता बृज-जन-मन सारा।।
गोपिन को ललचा कर के, मनमोहक छवि दिखलावै।
कृष्ण बसो उर में तुम आ, गुण 'बासु' नमन करि गावै।।
=====================
लक्षण छंद:-

"भाभभुभाभनुया" यति दें, दश रुद्र वरण अभिरामा।
छंद रचें कवि वृन्द सभी, मनभावन 'मनविशरामा'।।

"भाभभुभाभनुया" = भगण की 5 आवृत्ति फिर नगण यगण।

211  211  211  2,11  211  111  122
कुल 21 वर्ण, यति 10,11, चार चरण 2-2 समतुकांत
*****************

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
14-01-2017