Saturday, September 18, 2021

दोहा छंद "सद्गुण"

(दोहा छंद)

सद्गुण सरस सुगन्ध से, महकायें जग आप।
जो आयें संपर्क में, उनके हर लें ताप।।

अंकुश रहे विवेक का, यह सद्गुण सिरमौर।
मन-मतंग वश में रहे, क्या बाकी फिर और।।

विनय धार हरदम रखें, यह सद्गुण की खान।
कायम कुल की यह रखे, आन, बान अरु शान।।

सद्गुण कुछ पाला नहीं, पर भीषण आकार।
थोथा खाली ढोल ज्यों, बजे बिना कुछ सार।।

धारण कर अवतार प्रभु, करें पाप का अंत।
सद्गुण स्थापित वे करें, करते नष्ट असंत।।

जो नर भागें कर्म से, सद्गुण से हों दूर।
असफलता पर वे कहें, खट्टे हैं अंगूर।।


बासुदेव अग्रवाल 'नमन' ©
तिनसुकिया
16-06-19

No comments:

Post a Comment