Sunday, November 15, 2020

दोहा गीतिका (सम्मान)

काफ़िया- आ, रदीफ़-सम्मान

देश वासियों नित रखो, निज भाषा सम्मान।
स्वयं मान दोगे तभी, जग देगा सम्मान।।

सब से हमको यश मिले, मन में तो यह चाह।
पर सीखा नहिं और को, कुछ देना सम्मान।।

गुणवत्ता अरु पात्र का, जरा न सोच विचार।
खुले आम बाज़ार में, अब बिकता सम्मान।।

देख देख फटता जिया, काव्य मंच का हाल।
सिंह मध्य श्रृंगाल का, खुल होता सम्मान।।

मुँह की खाते लोग जो, मिथ्या गाल बजाय।
औरन की सुनते न बस, निज-गाथा सम्मान।।

दीन दुखी के काम आ, नहीं कमाया नाम।
उनका ही आशीष तो, है सच्चा सम्मान।। 

'नमन' हृदय क्यों रो रहा, लख जग की यह चाल।
स्वारथ का व्यापार सब, मतलब का सम्मान।।

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
14-12-2018

No comments:

Post a Comment