Friday, July 9, 2021

मनहरण घनाक्षरी "राम महिमा"

मनहरण घनाक्षरी

शिशु रोये बिन क्षीर, राँझा रोये बिन हीर,
दुआ दे फ़कीर नहीं, पीर कैसे मिटेगी?

नीड़ बिन हीन कीर, वीर बिन शमशीर,
कोई भी तुणीर कैसे, तीर बिन सोहेगी?

शेर बिन सूना गीर, हीन मीन बिन नीर,
जब है जमीर खाली, धीर कैसे आयेगी?

बिन कोई तदवीर, जगे नहीं तकदीर,
राम नहीं सीर कैसे, भव-भीर छूटेगी?

बासुदेव अग्रवाल 'नमन' ©
तिनसुकिया
27-11-18

Sunday, July 4, 2021

ग़ज़ल (जीने की इस जहाँ में दुआएँ मुझे न दो)

बह्र:- 221  2121  1221  212

जीने की इस जहाँ में दुआएँ मुझे न दो,
और बिन बुलाई सारी बलाएँ मुझे न दो।

मर्ज़ी तुम्हारी दो या वफ़ाएँ मुझे न दो,
पर बद-गुमानी कर ये सज़ाएँ मुझे न दो।

सुलगा हुआ हूँ पहले से भड़काओ और क्यों,
नफ़रत की कम से कम तो हवाएँ मुझे न दो।

वाइज़ रहो भी चुप ज़रा, बीमार-ए-इश्क़ हूँ,
कड़वी नसीहतों की दवाएँ मुझे न दो।

तुम ही बता दो झेलने हैं और कितने ग़म,
ये रोज़ रोज़ इतनी जफ़ाएँ मुझे न दो।

तुम दूर मुझ से जाओ भले ही ख़ुशी ख़ुशी,
पर दुख भरी ये काली निशाएँ मुझे न दो।

सुन ओ 'नमन' तुम्हारा सनम क्या है कह रहा,
वापस न आ सकूँ वो सदाएँ मुझे न दो।

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
18-01-2019

ग़ज़ल (देख तुम्हारी भोली सूरत)

बहरे मीर:- 22  22  22  22

देख तुम्हारी भोली सूरत,
भूल गये हम सबकी सूरत।

आँखों में तुम ही तुम छायी,
और नहीं अब भाती सूरत।

दिल पर करम करो, मिलने की,
तुम्हीं निकालो कोई सूरत।

देख आइना मत इतराओ,
सबको प्यारी अपनी सूरत।

अगर देखना है विकास तो,
जाकर देखें नगरी सूरत।

जब चुनाव नेड़े आते हैं,
नेताओं की दिखती सूरत।

'नमन' कहे मतलब की खातिर,
आज देश की बिगड़ी सूरत।

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
04-12-2017

Saturday, June 26, 2021

पंचिक (बतरस)

पंचिक (बतरस)

विधाओं की वर्जनाओं से परे,, विशुद्ध बतरस का आनंद लीजिए 😃😃🙏

(1)

पत्नी, पड़ौसन, और पंडिताइन काकी
इनसे कोई भी, विषय कहाँ रहा बाकी
बाजार से घर की खाटी समीक्षा
भेद बताने की, कितनी तितीक्षा
काट करे    कोई, फिर बनती है झाँकी
(पत्नी, पड़ौसन, और पंडिताइन काकी)

(2)

उसकी बहु, कहना मत, बात है क्या की
सुना है मैने, कि वो  रसिकन है पाकी
अरे,  डिस्को में जाती है वो
सुना, रेस्त्रां  में खाती  है वो
हाय राम, ये ही क्या, देखना था बाकी
(पत्नी, पड़ौसन, और पंडिताइन काकी।)

(3)

ये शर्माईन, इसकी तो बात ही न्यारी है
चालीसी मे आ गई, सजने की मारी है
शर्मा को देखो उड़ गये बाल
बेचारा    घूमे, लगता बेहाल
अपने को क्या मतलब, पर कहती हूँ, क्या की। 
(पत्नी, पड़ौसन, और पंडिताइन काकी।)

(4)

वो वर्मा की छोरी, इक दिन कर देगी नाम
सारे  दिन स्कूटी पे, हांडने भर  का काम
बित्ती   है पर देखो तो  कपड़े 
रोज नये पटयाले, कंगन, कड़े
वैसे अपने को क्या, न माँ ने परवा की
(पत्नी, पड़ौसन, और पंडिताइन काकी।)

(5)

देर   हो गई   री मुझे, दूध लेने  जाना
हाँ, गुप्ता के छोरे को थोड़ा समझाना
दढियल क्यों बन बैठा
रहता  भी  है      ऐंठा
अपने को क्या है पर, मरजी गुप्ता की
(पत्नी, पड़ौसन, और पंडिताइन काकी।)

(6)

कुछ भी हो, सुख दुख मे काम तो आती
इसके घर की सब्जी, उसके घर जाती
पल भर की नाराजी
अगले पल हो राजी
कहती, तूने भी सुन ली न   कमला की
(पत्नी, पड़ौसन, और पंडिताइन काकी
इनसे कोई भी, विषय कहाँ रहा बाकी)
😃😃😃😃

          सुप्रभात सा
       जैगोबिंद बिरामण
           लोसल

Monday, June 21, 2021

हनुमत पिरामिड

आरोही अवरोही पिरामिड
(1-11 और 11-1)

को 
नहीं
जानत
जग में तु
दूत राम को।
महिमा दी तूने
सालासर ग्राम को।
राम लखन को लाए
पावन किष्किंधा धाम को।
सागर लांघा  लंकिनी  मारी
लंका में छेड़ दिया संग्राम को।

सौंप मुद्रिका, उजाड़ी  वाटिका
जारे तब लंका ललाम को।
स्वीकार   करो  बजरंगी
तुम मेरे प्रणाम को।
हे बाबा  रक्षा  कर
आठहुँ याम को।
'नमन' करूँ
पूर्ण करो
सारे ही
काम
को।

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
22-06-18

गोवर्धन धारण

गोवर्धन धारण


ब्रज विपदा हारण, सुरपति कारण, आये जब यदुराज।
गोवर्धन धारा, सुरपति हारा, ब्रज का साधा काज।
हे कृष्ण मुरारी! जनता सारी, विपदा में है आज।
कर जोड़ सुमरते, विनती करते, रखियो हमरी लाज।

बासुदेव अग्रवाल
तिनसुकिया

Tuesday, June 15, 2021

मुक्तक (नारी)

पहचान ले नारी तू ताकत जो छिपी तुझ में,
कारीगरी उसकी जो सब ही तो सजी तुझ में,
मंजिल न कोई ऐसी तू पा न सके जिसको,
भगवान दिखे उसमें ममता जो बसी तुझ में।

(221  1222)*2
***********

बदी के बदले भलाई सदा न पाओगे,
सितम ढहाओगे, तुम भी वफ़ा न पाओगे,
सदा ही जुल्म किया औरतों पे मर्दों ने,
डरो ख़ुदा से नहीं तो पता न पाओगे।

(1212  1122  1212  22)
*********

जीवन में जो दाखिल हुई सौगात बनकर दिलरुबा,
जब हुस्न था तब तक रही नगमात बनकर दिलरुबा,
तू औरतों की हक़ परस्ती की करे बातें बड़ी,
तो क्यों रहे तेरे लिये खैरात बनकर दिलरुबा।

(2212×4)
*********

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
20-04-2017

मुक्तक (राजनीति-2)

जो भी सत्ता पा जाता है, दिखता मद में चूर है,
संवेदन से जनता लेकिन, भारत की भरपूर है,
लोकतंत्र को कम मत आँको, हरदम इसका भान हो,
काम करो तो सत्ता भोगो, वरना दिल्ली दूर है।

(16+13 मात्रा)
***********

प्रथम विरोधी को शह दे कर, दिल के घाव दुखाते हैं,
फिर उन रिसते घावों पर वे, मलहम खूब लगाते हैं,
'फूट डालके राज करो' का, है सिद्धांत पुराना ये,
बचके रहना ऐसों से जो, अपना बन दिखलाते हैं।

(ताटंक छंद आधारित)
**********

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
11-11-18

Thursday, June 10, 2021

दोहे "मन"

दोहा छंद

पंकज जैसा मन रखो, चहुँ दिशि चाहे कीच।
पाप कभी छू नहिं सके, जितने रहलो बीच।।

कमल खिले सब पंक में, फिर भी पूजे जाय।
गुण तो छिप सकते नहीं, अवगुण बाहर आय।।

जग काजल की कोठरी, मन ज्यों धवल कपास।
ज्यों बूड़े त्यों श्याम हो, बूड़े नहीं उजास।।

जब उमंग मन में रहे, बनते बिगड़े काम।
गात प्रफुल्लित नित रहे, जग में होता नाम।।

चिंतन मन का कीजिये, देखो जब एकांत।
दोष प्रगट हो सामने, करे हृदय को शांत।।

दया भाव जब मन नहीं, व्यर्थ बाहुबल जान।
औरन को सन्ताप दे, बढ़ता है अभिमान।।

जिनका मन पाषाण है, पाते दुख वे घोर।
दया धर्म जाने नहीं, डाकू पातक चोर।।

झूठ कपट को त्याग कर, मन को करलें शुद्ध।
इससे मन के द्वार सब, कभी न होें अवरुद्ध।।

वाणी ऐसी बोलिये, मन में कपट न राख।
मित्र बनाए शत्रु को, और बढ़ाए साख।।

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
15-04-18

लावणी छन्द "सांध्य वर्णन"

 (लावणी छन्द)

दिन के उज्ज्वल अम्बर से ये, प्रगटी है संध्यारानी।
छिपते दिन की सब प्राणी को, कहने आयी ये वाणी।।
तेज भानु की तप्त करों को, छिपा लिया निज आँचल में।
रक्तवर्ण आभा बिखरा दी, सारे लोचन चंचल में।।

सांध्य निमंत्रण दी जीवों को, ठौर ठाँव में जाने का।
कार्यशील लोगों को ये दी, न्योता वापस आने का।।
कृषक वर्ग भी त्यज के अपने, प्यारे प्यारे खेतों को।
आवासों को हुए अग्रसर, ले कुदाल, हल, बैलों  को।।

पक्षी गण भी वनस्थली से, नीड़ों में उड़ सभी पड़े।
पशुगण चारागाह छोड़ के, स्वस्थानों में हुए खड़े।।
रंभाती गाएँ खुर-रज से, गगन धरा में धूल भरे।
सुंदर थाल सजा गृहरमणी, सांध्य दीप प्रज्वलित करे।।

संध्या ने अपने कलरव से, दिग्दिगंत मुखरित कर दी।
जो मध्याह्न मौन था उसमें, कोलाहल को ये भर दी।।
कैसी प्यारी शोभा है यह, अस्ताचल रवि गमन करे।
चंन्द्र चाँदनी अब छिटकाने, जग को सज-धज 'नमन' करे।।

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
17-05-2016

Saturday, June 5, 2021

ग़ज़ल (दर्द दे वो चले पर दवा कौन दे)

बह्र:- 212*4

दर्द दे वो चले पर दवा कौन दे,
साँस थमने लगी अब दुआ कौन दे।

चाहतें दफ़्न सब हो के दिल में रहीं,
जब जफ़ा ही लिखी तो वफ़ा कौन दे।

उनकी यादों में उजड़ा है ये आशियाँ,
इसको फिर से बसा घर बना कौन दे।

ख़ार उन्माद नफ़रत के पनपे यहाँ,
गुल महब्बत के इसमें खिला कौन दे।

देश फिर ये बँटे ख्वाब देखे कई,
जड़ से इन जाहिलों को मिटा कौन दे।

ज़िंदगी से हो मायूस तन्हा बहुत,
हाथको थाम कर आसरा कौन दे।

मौत आती नहीं, जी भी सकते नहीं,
ऐ 'नमन' अब सुहानी कज़ा कौन दे।

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
09-09-2016

ग़ज़ल (बढ़े ये देश जिन पर)

बह्र:- 1222-1222-1222-1222

बढ़े ये देश जिन पर रास्ते हम वे तलाशेंगे।
समस्याएँ अगर इसमें तो हल मिल के तलाशेंगे।

स्वदेशी वस्तुएं अपना के होंगे आत्मनिर्भर हम,
उजालों के लिए मिट्टी के फिर दीये तलाशेंगे।

महक खुशियों की बिखराने वतन में बाग़बाँ बन कर,
हटा के ख़ार राहों के, खिले गुंचे तलाशेंगे।

बँधे जिस एकता की डोर में प्यारा वतन सारा,
उसी डोरी के सब मजबूत हम धागे तलाशेंगे।

पुजारी अम्न के हम तो सदा से रहते आये हैं,
जहाँ हो शांति की पूजा वे बुतख़ाने तलाशेंगे।

सही इंसानों से रिश्तों को रखना कामयाबी है,
बड़ी शिद्दत से हम रिश्ते सभी ऐसे तलाशेंगे।

अगर बाकी कहीं है मैल दिल में कुछ किसी से तो,
मिटा पहले ये रंजिश राब्ते अगले तलाशेंगे।

पराये जिनके अपने हो चुके, लाचार वे भारी,
बनें हम छाँव जिनकी वे थकेहारे तलाशेंगे।

यही हो भावना सब की, यही आशा सभी से है,
गले मिलने के लोगों के 'नमन' मौके तलाशेंगे।

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
11-10-19

Thursday, June 3, 2021

इंदिरा छंद "पथिक"

(इंदिरा छंद / राजहंसी छंद)

तमस की गयी ये विभावरी।
हृदय-सारिका आज बावरी।।
वह उड़ान उन्मुक्त है भरे।
खग प्रसुप्त जो गान वो करे।।

अरुणिमा रही छा सभी दिशा।
खिल उठा सवेरा, गयी निशा।।
सतत कर्म में लीन हो पथी।
पथ प्रतीक्ष तेरे महारथी।।

अगर भूत तेरा डरावना।
पर भविष्य आगे लुभावना।।
रह न तू दुखों को विचारते।
बढ़ सदैव राहें सँवारते।।

कर कभी न स्वीकार हीनता।
जगत को दिखा तू न दीनता।।
सजग तू बना ले शरीर को।
'नमन' विश्व दे कर्म वीर को।।
==============
राजहंसी छंद / इंदिरा छंद विधान:-

"नररलाग" से आप लो बजा।
मधुर 'इंदिरा' छंद को सजा।।

"नररलाग"  =  नगण रगण रगण + लघु गुरु
111 212  212 12,
चार चरण, दो-दो चरण समतुकांत।

"राजहंसी छंद" के नाम से भी यह छंद प्रसिद्ध है।
********************

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
28-01-19

Wednesday, June 2, 2021

कामदा छंद "देश की हालत"

कामदा छंद / पंक्तिका छंद

स्वार्थ में सनी राजनीति है।
वोट नोट से आज प्रीति है।
देश खा रहे हैं सभी यहाँ।
दौर लूट का देखिये जहाँ।।

त्रस्त आज आतंक से सभी।
देश की न थी ये दशा कभी।
देखिये जहाँ रक्त-धार है।
लोकतंत्र भी शर्मसार है।।

शील नारियाँ हैं लुटा रही।
लाज से मरी जा रही मही।
अर्थ पाँव पे जो टिकी हुई।
न्याय की व्यवस्था बिकी हुई।।

धूर्त चोर नेता यहाँ हुये।
कीमतें सभी आसमाँ छुये।।
देश की दशा है बड़ी बुरी।
वृत्ति छा गयी आज आसुरी।।
===============

कामदा छंद / पंक्तिका छंद विधान -

कामदा छंद जो कि पंक्तिका छंद के नाम से भी जाना जाता है, १० वर्ण प्रति चरण का वर्णिक छंद है।

"रायजाग" ये वर्ण राखते।
छंद 'कामदा' धीर चाखते।।

"रायजाग" = रगण यगण जगण गुरु।

(212  122  121  2) = 10 वर्ण प्रति चरण, 4 चरण, दो दो सम तुकान्त।
**************

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
17-06-17

Friday, May 28, 2021

चोका "पूर्वाग्रह"

(चोका कविता)

जापानी विधा
5-7, 5-7, 5-7 -------- +7 वर्ण प्रति पंक्ति

पूर्वाग्रह क्या?
अधकचरी सोच
तर्क-विहीन
कुंठाओं का आगार।
जो मन में है
वही शाश्वत सत्य
अन्य सकल
केवल निराधार।
नवीन सोच?
वैचारिक क्षुद्रता
परिवर्तन?
पथभ्रष्ट विचार।
पूर्वाग्रही है...
स्वयंभू न्यायाधीश
थोपे जो न्याय
विरोध न स्वीकार।
पूर्वाग्रह दे
तानाशाही प्रवृत्ति,
दम्भ, पाखण्ड,
निर्लज्ज व्यवहार।
मानव-मन
पूर्वाग्रह ग्रसित
सदैव करे
स्वार्थ भरा व्यापार।
निर्मम अत्याचार।।

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
13-04-18

Wednesday, May 26, 2021

मुक्तक (कोरोना बीमारी - 1)

(लावणी छंद आधारित)

(1)

कोरोना का मतलब समझो, कोई रोडपे ना निकले,
लोगों के इस एक कदम से, हल बीमारी का निकले,
फैले जो छूने भर से हम, इससे सारे दूर रहें,
सबका ध्येय यही हो कैसे, देश से कोरोना निकले।

(2)

नाई की ज्यों नाइन होती, ठाकुर की ठकुराइन है,
कोरोना की घरवाली त्यों, समझो कोरोन्टाइन है,
नर की तो रहती नकेल ही, घरवाली के हाथों में,
कोरोन्टाइन से ही बस में, कोरोना की लाइन है।

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
24-03-21

Saturday, May 22, 2021

पंचिक - (विविध-1)

(पंचिक)

राजनीति में गये हैं घुस सब उचक्के चोर,
श्राद्धों वाले कौव्वों जैसे उतपाती घनघोर।
पड़ जाये जहाँ पाँव,
मचा देते काँव काँव,
चाट गये देश सारा निकमे मुफतखोर।
*****

नेता बने जब से ही गाँव के ये लप्पूजी,
राजनीति में भी वे चलाने लगे चप्पूजी।
बेसुरी अलापै राग,
सुन सभी जावै भाग।
लगे हैं ये कहलाने तब से ही भप्पूजी।।
*****

पट्टी बाँधी राज माता भीष्म हुआ दरकिनार,
द्रौपदी की देखो फिर लज्जा हुई तार तार।
न्याय की वेदियों पर,
चलते बुलडोजर,
शेरों के घरों में जब जन्म लेते हैं सियार।।
*****

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
12-09-2020

पंचिक विधा और स्वरूप

(पंचिक)

अंग्रेजी में हास्य विनोद की लघु कविता के रूप में लिमरिक्स एक प्राचीन विधा है। यह कुल पाँच पंक्तियों की लघु कविता होती है जिसकी एक विशिष्ट लय रहती है। यह लय विशिष्ट तुकांतता और सिलेबल की गिनती पर आधारित रहती है। तुकांतता की विशेषता इस अर्थ में है कि इसकी पाँच पंक्तियों में दो अलग अलग तुकांतता रहती है। पंक्ति संख्या एक, दो, पाँच में एक तुकांतता रहती है तथा पंक्ति संख्या तीन तथा चार में दूसरी तुकांतता रहती है। पंक्ति संख्या एक, दो, पाँच में आठ या नौ सिलेबल रहते हैं जबकि पंक्ति संख्या तीन, चार में पाँच या छह सिलेबल रहते हैं।

राजस्थानी भाषा में इस विधा को श्री मोहन आलोक जी ने डाँखला के नाम से विकसित किया है। डाँखला के नाम से उनकी एक पुस्तक प्रकाशित हुई है जिसमें राजस्धानी भाषा में उनके दो सौ मजेदार डाँखले संग्रहित हैं।

हिन्दी में यह विधा हाइकु, ताँका, सेदोका जैसी अन्य विदेशी विधाओं जितनी प्रसिद्धि नहीं पा सकी है। काका हाथरसी जी के तीन तुक के तुक्तक मिलते हैं जो लिमरिक्स से अलग एक स्वतंत्र विधा है।उनके दो तुक्तक देखें।

"जाड़े में आग की, खाने में साग की
गाने में राग की, महिमा अनंत है।"

"रिश्ते में साली की, पान में छाली की 
बगिया में माली की, महिमा अनंत है।"

अंग्रेजी की लिमरिक्स की विधा को हिन्दी में एक नाम देकर नियम बद्ध करने का मैंने प्रयास किया है जिसे मैं इस आलेख के माध्यम से आप सबके समक्ष प्रस्तुत कर रहा हूँ। 

लिमरिक्स की संरचना को दृष्टिगत रखते हुये इसका सुगम सा नाम "पंचिक" दिया है। इसका पाँच पंक्ति का होना एक गुण है और दूसरा गुण है अंग्रेजी भाषा का शब्द 'पंच' जिसका अर्थ छेदन, चुभन, कचोटना, मुष्टिक आघात इत्यादि है। लिमरिक यानि पंचिक की पंक्तियों में गुदगुदाहट पैदा करने वाली एक मीठी चुभन होनी चाहिए जो पाठक के हृदय को एकाएक छेद सके। यह चुभन या आघात कटु व्यंग के रूप में हो सकता है, उन्मुक्त हास्य हो सकता है या तार्किकता से मुक्त बिल्कुल अटपटा उटपटांग सा प्रहसन हो सकता है जो पाठक को अपने में समेट हल्का हल्का गुदगुदाता रहे। पंचिक कोई भी विचार मन में लेकर रचा जा सकता है। यह बाल कविता के रूप में भी काफी प्रभावी सिद्ध हो सकता है। हँसी हँसी में बच्चों को सामान्य ज्ञान दे सकता है।

आंग्ल भाषा की परंपरा के अनुसार पंचिक की प्रथम पंक्ति में किसी काल्पनिक पात्र को उसके गुण के आधार पर एक मजाकिया सा नाम देकर व्यंग का निशाना बनाया जाता है। किसी शहर या गाँव के नाम को भी इसी प्रकार विशुद्ध हास्य के रूप में लिया जा सकता है। दूसरी, तीसरी, चौथी पंक्ति में ऐसे पात्र के गुण उभारे जाते हैं। पाँचवी पंक्ति पटाक्षेप की चुभती हुई यानि पंच करती हुई पंक्ति होती है। इस पंक्ति में रचनाकार को तार्किकता इत्यादि में अधिक उलझने की आवश्यकता नहीं है। प्रथम और दूसरी पंक्ति से तुक मिलाते हुये कुछ या पूरा लीक से हट कर चटपटा पटाक्षेप कर दें।

जहाँ तक पंचिक की पंक्तियों के विन्यास का प्रश्न है, यह किसी भी मात्रिक या वर्णिक विन्यास में बँधा हुआ नहीं है। फिर भी लयकारी की प्रमुखता है। पंक्तियों के वाचन में एक प्रवाह होना चाहिए। यह लय, गति ही इसे कविता का स्वरूप देती है। मैं यहाँ घनाक्षरी की लय को आधार बना कर कुछ दिशानिर्देश दे रहा हूँ।

घनाक्षरी की लय साधते हुये पंक्ति संख्या 1, 2, 5 में प्रति पंक्ति 14 से 18 तक वर्ण रख सकते हैं। घनाक्षरी के पद की प्रथम यति में 16 वर्ण रहते हैं पर इसमें यह रूढि नहीं है। यह ध्यान रहे कि लय रहे। 14 वर्ण हो तो गुरु वर्ण के शब्द अधिक रखें, 18 वर्ण हो तो लघु वर्ण के शब्द अधिक प्रयोग करें। इससे मात्राएँ समान होकर लय सधी रहेगी। पंक्ति संख्या 3 और 4 में प्रति पंक्ति 7 से 13 वर्ण तक रख सकते हैं। इसकी विशेषता दर्शाता मेरा एक पंचिक देखें:-

"अंगरेजी भाषा का जो खुराफाती लिमरिक,
हिन्दी में छायेगा अब बनकर 'पंचिक'।
व्यंग करने में पट्ठा पूरा टंच,
धूल ये चटाये मार मीठे पंच।
कवियों के हाथ लगा हथियार आणविक।।"

ऐतिहासिक धरोहर का परिचय देता एक बाल पंचिक:-

"लक्ष्मी बाई जी की न्यारी नगरी है झाँसी,
नाम से ही गद्दारों को दिख जाती फाँसी।
राणी जी की ऐसी धाक,
अंग्रेजों की नीची नाक,
सुन के फिरंगियों की चल जाती खाँसी।।"

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
14-09-20

Monday, May 17, 2021

कहमुकरी विवेचन

*कहमुकरी* साहित्यिक परिपेक्ष में:-

हिंदी किंवा संस्कृत साहित्य में अर्थचमत्कृति के अन्तर्गत दो अलंकार विशेष रूप से प्रयुक्त होते हैं,, पहला श्लेष व दूसरा छेकापहृति,, श्लेष में कहने वाला अलग अर्थ में कहता है व सुनने वाला उसका अलग अर्थ ग्रहण करता है,, पर छेकापहृति में प्रस्तुत को अस्वीकार व अप्रस्तुत को स्वीकार करवाया जाता है,,

कहमुकरीविधा छेकापहृति अलंकार का अनुपम उदाहरण है,, आईये देखते हैं एक उदाहरण:-

वा बिन रात न नीकी लागे
वा देखें हिय प्रीत ज जागे
अद्भुत करता वो छल छंदा
क्या सखि साजन? ना री चंदा

यहाँ प्रथम तीन पंक्तियां स्पष्ट रूप से साजन को प्रस्तुत कर रही है,, पर चौथी पंक्ति में उस प्रस्तुत को अस्वीकृत कर अप्रस्तुत (चंद्रमा) को स्वीकृत किया गया है,, यही इस विधा की विशेषता व काव्यसौंदर्य है।

वैयाकरणी दृष्टि से यह बड़ा सरल छंद है,, मूल रूप से इसके दो विधान प्रचलित है,, प्रति चरण 16 मात्रायें, चार चरण व प्रति चरण 15 मात्रायें चार चरण,

गेयता अधिकाधिक द्विकल के प्रयोग से स्पष्ट होती है इस छंद में,, इस लिए इसके वाचिक मात्राविन्यास निम्न हैं:-

या तो 22 22 22 22
या 22 22 22 21

इसके चार चरणों में दो दो चरण समतुकांत रखने की परिपाटी है।

इस विधा में एक प्रश्न बहुत बार उठता है कि,, क्या सखि साजन,,, यहाँ,, साजन, के स्थान पर अन्य शब्द प्रयोज्य है या नहीं? कुछ विद्वान इसका निषेध करते हैं व कुछ इसे ग्राह्य मानते है।

इसे पनघट पर जल भरती सखियों की चूहलबाजियों से उत्पन्न विधा माना गया है,, इसलिए स्वाभाविक रूप से,, साजन,, शब्द के प्रति पूर्वाग्रह,, समझ में आता है, इस विवाद को दूर करने के लिए व इसमें नवाचार को मान्यता देने के लिए, आजकल *नवकहमुकरी* शब्द भी काम में लिया जाता है,, जिसमें,, साजन,, के स्थान पर कोई अन्य शब्द प्रयुक्त हो,,

बहुत ही सरस व मनोरंजक विधा है,, जिसमें कवि का भावविलास व कथ्य चातुर्य अनुपम रूप से उजागर होता है,,

आईये कुछ उदाहरण और देखें

(नवकहमुकरी) 

पहले पहल जिया घबरावे
का करना कछु समझ न आवे
धीरे धीरे उसमे खोई
का सखि शय्या? अरी! रसोई

(कहमुकरी) 

हर पल साथ, नजर ना आवे
मन में झलक दिखा छिप जावे
ऐसे अद्भुत हैं वो कंता
ऐ सखि साजन? ना भगवंता

सादर समीक्षार्थ व अभ्यासार्थ:-

जय गोविंद शर्मा
लोसल

Sunday, May 16, 2021

विविध मुक्तक -8

ओ ख़ुदा मेरे तु बता मुझे मेरा तुझसे एक सवाल है,
जो ये ज़िन्दगी तुने मुझको दी उसे जीने में क्यों मलाल है,
इसे अब ख़ुदा तु लेले वापस नहीं बोझ और मैं सह सकूँ,
तेरी ज़िन्दगी को अब_और जीना मेरे लिए तो मुहाल है।

(11212*4)
*********

जहाँ भी आब-ओ-दाना है,
वहीं समझो ठिकाना है,
तु लेकर साथ क्या आया,
यहीं सब कुछ कमाना है।।

(1222*2)
*********

जमाने की जफ़ा ने मार डाला।
खिलाफ़त की सदा ने मार डाला।
रही कुछ भी कसर बाकी अगर तो।
तुम्हारी बददुआने मार डाला।

(1222 1222 122)
***********

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
05-01-18