Thursday, January 16, 2020

पुछल्लेदार मुक्तक "उपवास"

कवि सम्मेलन का आमंत्रण मिला न मुझको आने का।
कर उपवास बताऊँगा अब क्या मतलब न बुलाने का।
मौका हाथ लगा छिप कर के छोले खूब उड़ाने का।
अवसर आया गिरगिट जैसा मेरा रंग दिखाने का।।

उजले कपड़ों में सजधज आऊँ,
चेलों को साथ लाऊँ,
मैं फोटुवें खिंचाऊँ,
महिमा उपवास की है भारी,
बासुदेव कहे सुनो नर नारी।।

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया

मुक्तक (संस्कृति, संस्कार, शिक्षा)

संस्कृति अरु संस्कार हमारे, होते विकशित शिक्षा से,
रहन-सहन, उद्देश्य, आचरण,  हों निर्धारित शिक्षा से,
अंधाधुंध पढ़ाते फिर भी, हम बच्चों को अंग्रेजी,
सही दिशा क्या देश सकेगा, पा इस कलुषित शिक्षा से।

जीवन-उपवन के माली हैं, गुरुवर वृन्द हमारे ये,
भवसागर में डगमग नौका, उसके दिव्य सहारे ये,
भावों का आगार बना कर, जीवन सफल बनाते हैं,
बन्द नयन को ज्ञान ज्योति से, खोलें गुरुजन न्यारे ये।

(ताटंक छंद आधारित)
*********

चरैवेति का मूल मन्त्र ले, आगे बढ़ते जाएंगे,
जीव मात्र से प्रेम करेंगे, सबको गले लगाएंगे,
ऐतरेय ब्राह्मण ने हमको, अनुपम ये सन्देश दिया,
परि-व्राजक बन सदा सत्य का, अन्वेषण कर लाएंगे।

(लावणी छंद आधारित)
*******

मुक्तक (समर्पण)

उपकार को जो मानने में मन से ही असमर्थ है,
मन में नहीं यदि त्याग तो जीने का फिर क्या अर्थ है,
माता, पिता, गुरु, देश हित जिसमें समर्पण है नहीं,
ऐसे अधम पशु तुल्य का जीना जगत में व्यर्थ है।

(2212*4)
******

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
21-11-16

Saturday, January 11, 2020

सरसी छंद "खेत और खलिहान"

सरसी छंद / कबीर छंद

गाँवों में हैं प्राण हमारे, दें इनको सम्मान।
भारत की पहचान सदा से, खेत और खलिहान।।

गाँवों की जीवन-शैली के, खेत रहे सोपान।
अर्थ व्यवस्था के पोषक हैं, खेत और खलिहान।।

अन्न धान्य से पूर्ण रखें ये, हैं अपने अभिमान।
फिर भी सुविधाओं से वंचित, खेत और खलिहान।।

अंध तरक्की के पीछे हम, भुला रहे पहचान।
बर्बादी की ओर अग्रसर, खेत और खलिहान।।

कृषक आत्महत्या करते हैं, सरकारें अनजान।
चुका रहे कीमत इनकी अब, खेत और खलिहान।।

अगर बचाना हमें देश को, मन में हो ये भान।
आगे बढ़ते रहें सदा ही, खेत और खलिहान।।


बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
08-03-18

सार छंद "आधुनिक ढोंगी साधु"

सार छंद / ललितपद छंद

छन्न पकैया छन्न पकैया, वैरागी ये कैसे।
काम क्रोध मद लोभ बसा है, कपट 'पाक' में जैसे।
नाम बड़े हैं दर्शन छोटे, झूठा इनका चोंगा।
छापा तिलक जनेऊ रखते, पण्डित पूरे पोंगा।।

छन्न पकैया छन्न पकैया, झूठी सच्ची करते।
कागज की संस्थाओं से वे, झोली अपनी भरते।
लोग गाँठ के पूरे ढूंढे, और अकल के अंधे।
बिना उस्तरा के ही मूंडे, चंदे के सब धंधे।।

छन्न पकैया छन्न पकैया, गये साधु बन ढोंगी।
रमणी जहाँ दिखी सुंदर सी, फेंके फंदे भोगी।
आसमान में पहले टाँगे, लल्लो चप्पो करते।
रोज शान में पढ़ें कसीदे, दूम चाटते फिरते।।

छन्न पकैया छन्न पकैया, फिर वे देते दीक्षा।
हर सेवा अपनी करवाये, कहते इसको भिक्षा।
मुँह में राम बगल में छूरी, दाढ़ी में है तिनका।
सर पे जटा गले में कण्ठी, कर में माला मिनका।।

छन्न पकैया छन्न पकैया, छिपे भेड़िये अंदर।
खाल भेड़ की औढ़ रखें ये, झपटे जैसे बन्दर।
गिरगिट से ये रंग बदलते, अजगर से ये घाती।
श्वान-पूंछ से हैं ये टेढ़े, गीदड़ सी है छाती।।

छन्न पकैया छन्न पकैया, बोले वचन सुहावा।
धुला चरण चरणामृत देते, आशीर्वाद दिखावा।
शिष्य बना के फेंके पासे, गुरु बन देते मंतर।
ऐसे गुरु से बच के रहना, झूठे जिनके तंतर।।

लिंक --> सार छंद / ललितपद छंद विधान

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
22-08-2016

सोरठा "राम महिमा"

मंजुल मुद आनंद, राम-चरित कलि अघ हरण।
भव अधिताप निकंद, मोह निशा रवि सम दलन।।

हरें जगत-संताप, नमो भक्त-वत्सल प्रभो।
भव-वारिध के आप, मंदर सम नगराज हैं।।

शिला और पाषाण, राम नाम से तैरते।
जग से हो कल्याण, जपे नाम रघुनाथ का।।

जग में है अनमोल, विमल कीर्ति प्रभु राम की।
इसका कछु नहिं तोल, सुमिरन कर नर तुम सदा।।

हृदय बसाऊँ राम, चरण कमल सिर नाय के।
सभी बनाओ काम, तुम बिन दूजा कौन है।।

गले लगा वनबास, बनना चाहो राम तो।
मत हो कभी उदास, धीर वीर बन के रहो।।

रखो राम पे आस, हो अधीर मन जब कभी।
प्राणी तेरे पास, कष्ट कभी फटके नहीं।।

सदा रहे आनन्द, रामकृपा बरसे जहाँ।
मन में परमानन्द, माया का बन्धन कटे।।

राम करे उद्धार, दीन पतित जन का सदा।
भव से कर दे पार,  प्रभु से बढ़ कर कौन जो।।

सुध लेवो रघुबीर, दर्शन के प्यासे नयन।
कबसे हृदय अधीर, अब तो प्यास मिटाइये।।

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
30-04-19

वर्ष छंद "एक बाल कविता"

बिल्ली रानी आवत जान।
चूहा भागा ले कर प्रान।।
आगे पाया साँप विशाल।
चूहे का जो काल कराल।।

नन्हा चूहा हिम्मत राख।
जल्दी कूदा ऊपर शाख।।
बेचारे का दारुण भाग।
शाखा पे बैठा इक काग।।

पत्तों का डाली पर झुण्ड।
जा बैठा ले भीतर मुण्ड।।
कौव्वा बोले काँव कठोर।
चूँ चूँ से दे उत्तर जोर।।

ये है गाथा केवल एक।
देती शिक्षा पावन नेक।।
बच्चों हारो हिम्मत नाय।
लाखों चाहे संकट आय।।
================
लक्षण छंद:-

"माताजा" नौ वर्ण सजाय।
प्यारी छंदा 'वर्ष' लुभाय।।

"माताजा" = मगण तगण जगण

222  221 121 = 9 वर्ण
चार चरण दो दो समतुकांत।
*******************

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
12-02-2017

Monday, January 6, 2020

ग़ज़ल (इश्क़ की मेरी इब्तिदा है वो)

ग़ज़ल (इश्क़ की मेरी इब्तिदा है वो)

बह्र:- 2122  1212   22

इश्क़ की मेरी इब्तिदा है वो,
हमनवा और दिलरुबा है वो।

मेरा दिल तो है एक दरवाज़ा,
हर किसी के लिए खुला है वो।

आँख से जो चुरा ले काजल भी,
अपने फ़न में मजा हुआ है वो।

बाँध पट्टी जो जीता आँखों पे,
बैल जैसा ही जी रहा है वो।

आदमी खुद को जो ख़ुदा समझे,
पूरा अंदर से खोखला है वो।

दोष क्या दूसरों का है इस में, 
अपनी नज़रों से खुद गिरा है वो।

दिल उसे बा-वफ़ा भले ही कहे,
जानता हूँ कि बेवफ़ा है वो।

खुद में खुद को ही ढूंढ़ता जो बशर,
पारसा वो नहीं तो क्या है वो।

जो 'नमन' जग के वास्ते जीता,
ज़िंदगी अपनी जी चुका है वो।

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
8-10-19

ग़ज़ल (आपके पास हैं दोस्त ऐसे, कहें)

बह्र:- 212*4

आपके पास हैं दोस्त ऐसे, कहें,
साथ जग छोड़ दे, संग वे ही रहें।

दोस्त ऐसे हों जो बाँट लें दर्द-ओ-ग़म,
दिल की पीड़ा को संग_आपके जो सहें।

धैर्य रख जो सुनें बात हैं मित्र वे,
और जो साथ में भावना में बहें।

बेरुखी की जहाँ की लगे आग जब,
मित्र के सीने में भी वे शोले दहें।

मित्र सच्चे 'नमन', मित्र का देख दुख,
हाथ खुद के बढ़ा, मित्र के कर गहें।

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
14-06-19

ग़ज़ल (तुम्हें जब भी हमारी छेड़खानी)

बह्र:- 1222 1222 1222 1222

तुम्हें जब भी हमारी छेड़खानी याद आएगी
यकीनन यार होली की सुहानी याद आएगी।

तुम्हारी मेज़बानी की चलेगी जब कभी चर्चा,
हमें महफ़िल के गीतों की रवानी याद आएगी।

मची है धूम होली की ज़रा खिड़की से झाँको तो,
इसे देखोगे तो अपनी जवानी याद आएगी।

कभी आभासी जग मोबायलों का छोड़ के देखो,
तो यारों में ही सिमटी जिंदगानी याद आएगी।

जमीं रंगी फ़िज़ा रंगी बिना तेरे नहीं कुछ ये,
झलक तेरी मिले तो हर पुरानी याद आएगी।

कन्हैया की करेंगे याद जब भी बाल लीलाएँ,
लिए हाथों में लकुटी नंदरानी याद आएगी।

'नमन' होली की पी के भंग खुल्ला छोड़ दे खुद को,
तुझे बीते दिनों की हर कहानी याद आएगी।

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
15-02-18

नेताओं पर मुसलसल ग़ज़ल

2*7 (नेताओं पर मुसलसल ग़ज़ल)

माल पराया खाएँ हम,
नेता तब कहलाएँ हम।

जनता की दुखती रग से,
अपनी जीत पकाएँ हम।

देश भले लुटता जाए,
अपनी फ़िक्र जताएँ हम।

अपनी तो तिकड़म सारी,
कैसे कुर्सी पाएँ हम।

बात किसी की हम न सुनें,
बस खुद की ही गाएँ हम।

झूठे सपनों को दिखला,
जनता खूब लुभाएँ हम।

'नमन' किसे परवाह यहाँ,
भाएँ या ना भाएँ हम।

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
2-5-19

Saturday, December 28, 2019

माहिया (विरही रात)

सीपी में आँखों की,
मौक्तिक चंदा भर,
भेंट मिली पाँखों की।

नव पंख लगा उड़ती
सपनों के नभ में,
प्रियतम से मैं जुड़ती।

तारक-चूनर ओढ़ी,
रजनी की मोहक,
चल दी साजन-ड्योढ़ी।

बादल नभ में छाये,
ढ़क लें चंदा को,
फिर झट मुँह दिखलाये।

आँख मिचौली करता,
चन्द्र लगे ज्यों पिय,
प्रेम-ठिठौली करता।

सूनी जीवन-बगिया,
तन के पंजर में
कैद पड़ी मन-चिड़िया।

रातें छत पर कटती,
और चकोरी ये,
व्याकुल पिउ पिउ रटती।

तकती नभ को रहती,
निर्मोही पिय की
विरह-व्यथा सहती।

**************
प्रथम और तृतीय पंक्ति तुकांत (222222)
द्वितीय पंक्ति अतुकांत (22222)
**************

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
20-06-19

चोका (गुलाब बनो)

(चोका कविता)

जापानी विधा चोका
5-7, 5-7, 5-7 -------- +7 वर्ण प्रति पंक्ति

गुलाब बनो
सौरभ बिखराओ,
राहगीर को
काँटे मत चुभाओ,
चिराग बनो
आलोक छिटकाओ,
आग को लगा
घर मत जलाओ,
बिजली बनो
जग जगमगाओ,
किसी पे गिर
उसे मत उजाड़ो,
अस्तित्व न मिटाओ।

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
30-06-19

कहमुकरी (वाहन)

आता सीटी सा ये बजाता,
फिर नभ के गोते लगवाता,
मिटा दूरियाँ देता चैन,
क्या सखि साजन?ना सखि प्लैन।

सीटी बजा बढ़े ये आगे,
पहले धीरे फिर ये भागे,
इससे जीवन के सब खेल,
क्या सखि साजन? ना सखि रेल।

इसको ले बन ठन कर जाऊँ,
मन में फूली नहीं समाऊँ,
इस बिन मेरा सूना द्वार,
क्या सखि साजन? ना सखि कार।

वाहन ये जीवन का मेरा,
कहीं न लगता इस बिन फेरा,
सच्चा साथी रहता घुलमिल,
क्या सखि साजन? नहीं साइकिल।

रुक रुक मंजिल तय करता है,
पर हर दूरी को भरता है,
इस बिन हो न सकूँ मैं टस मस,
क्या सखि साजन? ना सखि ये बस।

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
26-11-2018

Tuesday, December 24, 2019

गीत (रहे देश का नाम ऊँचा तभी)

भुजंगी छंद वाचिक

गरीबी रहे ना यहाँ पे कभी।
रहे देश का नाम ऊँचा तभी।।

रखें भावना प्यार की सबसे हम,
दुखी जो हैं उनके करें दुख को कम,
दिलों में दया भाव धारें सभी।
रहे देश का नाम ऊँचा तभी।।

मिला हाथ आगे बढ़ें सब सदा,
न कोई रहे कर्ज़ से ही लदा,
दुखी दीन को दें सहारा सभी।
रहे देश का नाम ऊँचा तभी।।

हुये बेसहारा उन्हें साथ दें,
गिरें हैं जमीं पे उन्हें हाथ दें,
जवानों बढ़ो आज आगे सभी।
रहे देश का नाम ऊँचा तभी।।

वतन के लिए जान हँस हँस के दें,
तिरंगे को झुकने कभी हम न दें,
बढ़े देश आगे सुखी हों सभी।
रहे देश का नाम ऊँचा तभी।।

‘नमन’ देश को कर ये प्रण हम करें,
नहीं भूख से लोग आगे मरें,
जो खुशहाल होंगें यहाँ पर सभी।
रहे देश का नाम ऊँचा तभी।।
**** **** ****

भुजंगी छंद विधान –

भुजंगी छंद 11 वर्ण प्रति चरण का वर्णिक छंद है जिसका वर्ण विन्यास 122*3 + 12 है। इस चार चरणों के छंद में 2-2 अथवा चारों चरणों में समतुकांतता रखी जाती है।

यह छंद वाचिक स्वरूप में भी प्रसिद्ध है जिसमें उच्चारण के आधार पर काफी लोच संभव है। वाचिक स्वरूप में गुरु वर्ण (2) को लघु+लघु (11) में तोड़ने की तथा उच्चारण के अनुसार गुरु वर्ण को लघु मानने की भी छूट रहती है।

लिंक---> वाचिक स्वरूप


बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
24-11-2016


गीत (भारत तु जग से न्यारा)

(तर्ज़- दिल में तुझे बिठा के)

(2212  122 अंतरा 22×4 // 22×3)

भारत तु जग से न्यारा, सब से तु है दुलारा,
मस्तक तुझे झुकाएँ, तेरे ही गीत गाएँ।।

सन सैंतालिस मास अगस्त था, तारिख पन्द्रह प्यारी,
आज़ादी जब हमें मिली थी, भोर अज़ब वो न्यारी।
चारों तरफ खुशी थी, छायी हुई हँसी थी,
ये पर्व हम मनाएँ, तेरे ही गीत गाएँ।।

आज़ादी के नभ का यारों, मंजर था सतरंगा,
उतर गया था जैक वो काला, लहराया था तिरंगा।
भारत की जय थी गूँजी, अनमोल थी ये पूँजी,
सपने नये सजाएँ, तेरे ही गीत गाएँ।।

बहुत दिये बलिदान मिली तब, आज़ादी ये हमको,
हर कीमत दे इसकी रक्षा, करनी है हम सबको।
दुश्मन जो सर उठाएँ, उनको सबक सिखाएँ,
मन में यही बसाएँ, तेरे ही गीत गाएँ।।

भारत तु जग से न्यारा, सब से तु है दुलारा,
मस्तक तुझे झुकाएँ, तेरे ही गीत गाएँ।।

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
13-08-17

विविध मुक्तक -1

जिंदा जब तक थे अपनों के हित तो याद बहुत आये,
लिख वसीयतें हर अपने के कुछ कुछ तो ख्वाब सजाये,
पर याद न आयी उन अन्धो की जीवन की वीरानी,
जिन के लिए वसीयत हम इन आँखों की कर ना पाये।

(2*15)
**********

परछाँई देखो अतीत की, जब तू था बालक लाचार।
चलना तुझे सिखाया जिनने, लुटा लुटा कर अपना
प्यार।
रोनी रोनी सूरत क्यों है, आज उन्हीं की अंगुल थाम।
कद तेरा क्या आज बढ़ गया, रहा उन्हें जो तू दुत्कार।

(आल्हा छंद आधारित)
************

चंद्र ! ग्रसित होना ही शायद, नियति तुम्हारी लगती है।
रूप बदल लो चाहे जितने, दीप्ति भला कब छुपती है।
भरे पड़े हैं राहु जगत में, पथ-पथ में, हर मोड़ों पे।
जो चमकेगा उसको ही तो, समय नागिनी डँसती है।

(लावणी छंद आधारित)
*************
बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
15-10-17

रुबाई (4-6)

रुबाई -4

हाथी को दिखा आँख रहा चूहा है,
औकात नहीं कुछ भी मगर फूला है,
कश्मीर न खैरात में बँटता है ए सुन,
लगता है तु पैदा ही हुआ भूखा है।

रुबाई -5

झकझोर हमें सकते न ये झंझावात,
जितनी भी मिले ज़ख्मों की चाहे सौगात,
जीते हैं सदा फ़क्र से रख अपनी अना,
जो हिन्द में है वैसी कहाँ ओर ये बात।

रुबाई -6

शबनम सा जबीं पर है पसीना छलका,
क्या हुस्न का ये आब जो यूँ है झलका,
या टूट गया सब्र घटा से छाये,
लहराती हुई जुल्फों के इन बादल का।
*******

रुबाई विधान:- 221  1221  122  22/112
1,2,4 चरण तुकांत।
=============

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
24-09-19

Saturday, December 21, 2019

मत्तगयंद सवैया (पैर मिले)

7 भगण (211) की आवृत्ति के बाद 2 गुरु

पैर मिले करने सब तीरथ, हाथ दुखारिन दान दिलाने।
कान मिले सुनिए प्रभु का जस, नैन मिले छवि श्याम बसाने।
बैन मिले नित गा हरि के गुण, माथ दयानिधि पाँव नवाने।
'बासु' कहे सब नीक दिये प्रभु, क्यों फिर पेटहु पाप कमाने।।

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
03-09-17

मनहरण घनाक्षरी "गीत ऐसे गाइए"

माटी की महक लिए, रीत की चहक लिए,
प्रीत की दहक लिए, भाव को उभारिए।

छातियाँ धड़क उठें, हड्डियाँ कड़क उठें,
बाजुवें फड़क उठें, वीर-रस राचिए।

दिलों में निवास करें, तम का उजास करें,
देश का विकास करें, मन में ये धारिए।

भारती की आन बान, का हो हरदम भान,
विश्व में दे पहचान, गीत ऐसे गाइए।।

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
12-05-17

दोहा गीतिका (शब्द)

काफ़िया = आये, रदीफ़ = शब्द

मान और अपमान दउ, देते आये शब्द।
अतः तौल के बोलिये, सब को भाये शब्द।।

सजा हस्ति उपहार में, कभी दिलाये शब्द।
उसी हस्ति के पाँव से, तन कुचलाये शब्द।।

शब्द ब्रह्म अरु नाद हैं, शब्द वेद अरु शास्त्र।
कण कण में आकाश के, रहते छाये शब्द।।

शब्दों से भाषा बने, भाषा देती ज्ञान।
ज्ञान कर्म का मूल है, कर्म सिखाये शब्द।।

देश काल अरु पात्र का, करलो पूर्ण विचार।
सोच समझ बोलो तभी, हृदय सजाये शब्द।।

ठेस शब्द की है बड़ी, झट से तोड़े प्रीत।
बिछुड़े प्रेमी के मनस, कभी मिलाये शब्द।।

वन्दन क्रंदन अरु 'नमन', काव्य छंद सुर ताल।
भक्ति शक्ति अरु मुक्ति का, द्वार दिखाये शब्द।।

बासुदेव अग्रवाल 'नमन'
तिनसुकिया
10-08-17